
बढ़ती उम्र व धूम्रपान के चलते वर्ष 1980 के बाद रूमेटॉइड आर्थराइटिस में वृद्धि Publish Date : 16/11/2026
बढ़ती उम्र व धूम्रपान के चलते वर्ष 1980 के बाद रूमेटॉइड आर्थराइटिस में वृद्धि
डॉ0 दिव्यांशु सेंगर एवं मुकेश शर्मा
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित एक नए अध्ययन के अनुसार, वर्ष 1980 के बाद से वैश्विक स्तर पर रूमेटॉइड आर्थराइटिस (आरए) के मामलों में वृद्धि का कारण बढ़ती उम्र वाली आबादी और धूम्रपान करने के स्तर में वृद्धि एक अहम कारण बनकर सामने आया है। रूमेटॉइड आर्थराइटिस एक क्रॉनिक ऑटोइम्यून बीमारी है, जो जोड़ों में दर्द, सूजन और अकड़न का कारण बनती है।
एनल्स ऑफ द रूमेटिक डिजीज में प्रकाशित इस अध्ययन में सामाजिक-आर्थिक असमानताओं और बीमारी के बोझ में बढ़ती असमानता का भी खुलासा हुआ है। इस अध्ययन में पाया गया कि उम्र बढ़ने, आबादी में वृद्धि और असमान स्वास्थ्य सुविधाओं के कारण अलग-अलग क्षेत्रों में रूमेटॉइड आर्थराइटिस के मामले अलग-अलग तरीके से बढ़ रहे हैं।

अध्ययन ने वर्ष 1980 से वर्ष 2021 तक 953 वैश्विक और स्थानीय स्थानों के डेटा का विश्लेषण किया, जो कि ग्लोबल बर्डन ऑफ डिजीज (जीबीडी) से लिया गया था। इस अध्ययन में एक नए डीप लर्निंग मॉडल का उपयोग किया गया था। अध्ययन के निष्कर्ष से पता चला कि इस अवधि में रूमेटॉइड आर्थराइटिस का वैश्विक बोझ लगातार बढ़ता रहा है और विशेषरूप से युवा वर्ग में तो ये और भी तेजी के साथ बढ़ा है।
इस दौरान विशेष रूप से वर्ष 1990 के बाद से तो अक्षमता-समायोजित जीवन वर्ष (डीएएलवाई) से संबंधित असमानता 62.55 प्रतिशत तक बढ़ी है। इस प्रकार से यदि आंकड़ों की माने तो वर्ष 2021 में फिनलैंड, आयरलैंड और न्यूजीलैंड सबसे अधिक असमानता वाले देश रहे।
अध्ययन में यह भी पाया गया कि आर्थिक कारक अकेले बीमारी के बोझ को निर्धारित नहीं करते। उच्च सामाजिक-आर्थिक सूचकांक (एसडीआई) वाले अनेक क्षेत्रों, जैसे जापान और यूके, में बीमारी का बोझ अलग-अलग है। जापान में उच्च एसडीआई के बावजूद डीएएलवाई दरों में कमी दर्ज की गई है, जो कि शीघ्र इलाज, जैविक उपचारों के व्यापक उपयोग और एंटी इंफ्लेमेटरी आहार का आदि का परिणाम भी हो सकता है।
लंदन के इंपीरियल कॉलेज के प्रमुख शोधकर्ता क्यून लिन के नेतृत्व में शोधकर्ताओं ने बताया कि वर्ष 2040 तक, कम-मध्यम एसडीआई क्षेत्रों में उम्र बढ़ने और आबादी वृद्धि के कारण डीएएलवाई बढ़ सकता है, जबकि उच्च एसडीआई क्षेत्रों में यह कम भी हो सकता है।

शोध में बताया गया कि धूम्रपान पर नियंत्रण करने से उच्च धूम्रपान वाले क्षेत्रों (जैसे चीन) में रूमेटॉइड आर्थराइटिस से होने वाली मौतों में 16.8 प्रतिशत और डीएएलवाई में 20.6 प्रतिशत तक की कमी आ सकती है। शोधकर्ताओं ने चेतावनी दी कि कई क्षेत्रों में अभी भी सटीक स्वास्थ्य नीतियों और लक्षित हस्तक्षेपों के लिए आवश्यक डेटा का अभाव है।

लेखक: डॉ0 दिव्यांशु सेंगर, प्यारे लाल शर्मां, जिला चिकित्सालय मेरठ मे मेडिकल ऑफिसर हैं।