
बदलते स्वरूप में स्वाइन फ्लू Publish Date : 13/11/2026
बदलते स्वरूप में स्वाइन फ्लू
डॉ0 दिव्यांशु सेंगर एवं मुकेश शर्मा
स्वाइन इन्फ्लुएन्जा एक विषाणुजन्य संक्रामक रोग है जिसे सामान्य तौर पर स्वाइन फ्लू भी कहते हैं। इस वर्ष इस रोग का पहला मरीज स्पेन के कैटालोनिया में मिला। अभी तक भारत के कर्नाटक राज्य में 4400, दिल्ली में 3200 और महाराष्ट्र में 1109 से अधिक मामलों की पुष्टि हो चुकी है। 2026 में सितंबर माह की शुरुआत तक इस रोग के लगभग दस हजार मामले अपने देश में पाये जा चुके हैं। स्वाइन फ्लू के मामले कर्नाटक, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, झारखण्ड, चंडीगढ़, पश्चिम बंगाल, गुजरात, मध्य प्रदेश आदि राज्यों में दर्ज किये जा चुके हैं। संक्रमण के नए मरीज प्रतिदिन सामने आ रहे हैं।
क्या है कारण?
स्वाइन फ्लू H1N1 नामक विषाणु के कारण उत्पन्न होता है। यह इन्फ्लुएन्जा परिवार के विषाणु का एक स्ट्रेन है जो सूअरों में स्थानिक रूप से पाया जाता है। इसी कारण से इसे स्वाइन इन्फ्लुएन्जा, स्वाइन फ्लू, हॉग फ्लू या पिग फ्लू भी कहते हैं। स्वाइन फ्लू को मैक्सिकन फ्लू भी कहते हैं क्योंकि इसकी पहचान सर्वप्रथम अप्रैल, 2009 में मैक्सिको में की गई थी जहाँ इसने महामारी का रूप ले लिया था।
स्वाइन फ्लू के लक्षण

स्वाइन फ्लू अधिकांश संक्रमित व्यक्तियों में सामान्य इन्फ्लुएन्जा के तरह ही लक्षण दिखाई देते हैं। अचानक बुखार और खाँसी के साथ-साथ नाक का बहना, उल्टी होना, डायरिया, डिहाइड्रेशन, बच्चों की छाती में दर्द जैसी स्थितियाँ उत्पन्न हो सकती हैं। कई बार संक्रमण के उत्तरार्द्ध में मरीज में न्यूमोनिया भी हो जाता है। कभी-कभी गुर्दे भी काम करना बन्द कर देते हैं। मरीज में अस्थमा के लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं।
अचानक तेज बुखार होना, थकान, घुटनों और मांसपेशियों में दर्द, नाक का बहना या बन्द हो जाना, सिरदर्द आदि इसके प्राथमिक लक्षण हैं। ऐसा देखा गया है कि कुछ व्यक्तियों में संक्रमण होने के बावजूद उनके शरीर में कोई भी लक्षण उत्पन्न नहीं होता है लेकिन ऐसा व्यक्ति भी किसी दूसरे व्यक्ति को संक्रमित कर सकता है।
संक्रमण का परीक्षण और पुष्टि
यात्रा के सार्वजनिक स्थलों जैसे एयरपोर्ट, स्टेशन आदि पर थर्मल स्कैनिंग कैमरे लगाए जाते हैं। इनकी मदद से स्वाइन फ्लू से संक्रमित व्यक्ति की पहचान करने में सहायता मिलती है। स्वाइन फ्लू की पहचान के लिए डॉक्टर व्यक्ति का चिकित्सीय इतिहास व हाल में की गई यात्राओं का विवरण लेने के साथ-साथ शारीरिक जाँच करते हैं और अन्ततः नाक व गले से निकले स्राव का प्रयोगशालाओं में परीक्षण कराने के बाद संक्रमण की पुष्टि करते हैं।
कैसा है यह विषाणु?
इन्फ्लुएन्जा का विषाणु आकार में गोलाकार होता है। विषाणु की बाहरी परत प्रोटीन आवरण की बनी होती है। इस प्रोटीन आवरण का बाहरी भाग लिपिड से बनी हुई एक झिल्ली से निर्मित होता है जिसे विषाणु उस कोशिका से प्राप्त करता है जिसमें यह संक्रमण कर अपनी संख्या का विस्तार करता है। लिपिड की इस झिल्ली में प्रोटीन व शर्करा से निर्मित कॉंटेनुमा स्पाइक सैकड़ों की संख्या में धँसे रहते हैं जिन्हें हीमग्ग्लुटिनिन और न्यूरामीनीडेज कहते हैं। इन्हीं प्रोटीनों से फ्लू विषाणुओं के स्ट्रेन का निर्धारण किया जाता है। इन प्रोटीनों को संक्षेप में क्रमशः एचए और एनए कहा जाता है।
इस प्रकार के विषाणुओं में पाए जाने वाले स्पाइकों के खिलाफ एंटीबॉडी का निर्माण कर संक्रमण को रोकने की दिशा में सफलता पाई जा चुकी है लेकिन इन विषाणुओं की समय-समय पर बदलती संरचना वैज्ञानिकों के समक्ष सदैव एक चुनौती बनी हुई है। विषाणुओं में पाई जाने वाली एनए प्रोटीन को ही दवाओं द्वारा निशाना बनाया जाता है। इन विषाणुओं में मौजूद एक अन्य प्रोटीन, जिसे एम-2 प्रोटीन कहते हैं, को भी दवाओं द्वारा बाधित किया जाता है।
कैसे होता है प्रसार?
स्वाइन फ्लू के विषाणु का प्रसार भी ठीक उसी तरह से होता है जैसे साधारण इन्फ्लुएन्जा के विषाणु का होता है लेकिन स्वाइन फ्लू के प्रसार के अन्य तरीके भी सामने आए हैं। अधिक भीड़-भाड़ के क्षेत्र जैसे स्टेशन, एयरपोर्ट, बाजार, स्कूल, कैम्प और अस्पतालों के जरिए भी इसका प्रसार तेजी से होता है।
स्वाइन फ्लू मोटे लोगों, फेफड़े के रोगियों, अस्थमा, हृदय रोगियों, डायबीटीज, रक्त और गुर्दे की व्याधियों से पीड़ित व्यक्तियों के लिए अधिक खतरनाक होता है। किसी बीमारी से ग्रस्त व्यक्ति, जिसका प्रतिरक्षा-तन्त्र पहले ही कमजोर हो चुका हो, में इसके फैलने की आशंका ज्यादा रहती है।
मरीज की मृत्यु के कारण
स्वाइन फ्लू के विषाणु के संक्रमण के पश्चात् व्यक्ति के शरीर में ऊष्मयान (Incueation) का काल डेढ़ से तीन दिनों का होता है। कुछ रोगियों में यह समय एक सप्ताह तक का भी हो जाता है। अधिकांश मामलों में मरीज का श्वसन-तंत्र बाधित हो जाने के कारण उसकी मृत्यु हो जाती है। कई मामलों में मरीज को न्यूमोनिया हो जाता है और यह अपना गंभीर रूप धारण कर लेता है। तेज बुखार भी मृत्यु का एक कारण बनता है क्योंकि तेज बुखार मरीज के शरीर में गंभीर तंत्रिकीय समस्याएं उत्पन्न कर देता है।
संक्रमण के बाद बहुत ज्यादा उल्टी और डायरिया भी स्वाइन फ्लू के रोगियों की मृत्यु का एक कारण है क्योंकि उल्टी और डायरिया से शरीर में जल की कमी हो जाती है और इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बिगड़ जाता है। इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बिगड़ने से गुर्दे काम करना बन्द कर देते हैं।
इसके अलावा हृदय की माँसपेशियों को रक्त पहुँचाने वाली रक्त-वाहिका भी बाधित हो जाती है। कभी-कभी वायुकोशिकाओं से रक्तस्राव भी होने लगता है। यह विषाणु श्वसन-तंत्र के ऊपरी एपीथीलियम, ट्रेकियोब्रोंकियल एपीथीलियम और म्यूकस ग्रन्थियों को भी प्रभावित करता है। मरीज की मृत्यु होने के अन्य पारिस्थितिजन्य कारक भी हो सकते हैं।
रोकथाम के चरण
स्वाइन फ्लू की रोकथाम को तीन चरणों में बाँटा जा सकता है -
1. सूअरों में रोकथाम,
2. मानव में संक्रमण की रोकथाम और
3. मानव से मानव में संक्रमण की रोकथाम।
1. सूअरों में रोकथाम
इसके अन्तर्गत सूअर पालन केन्द्रों (सूअर के फार्मों) का उचित प्रबन्ध्न और टीकाकरण आता है। टीकाकरण स्वाइन फ्लू की रोकथाम के लिए ज्यादा असरकारक नहीं रह गया है क्योंकि विषाणु के नए-नए स्ट्रेन सामने आते रहते हैं जिनपर पुराने टीके निष्प्रभावी रहते हैं।
साथ ही, सूअरों में टीकाकरण के बाद भी सूअर-फार्म पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो पाते हैं क्योंकि टीकाकरण से सूअर संक्रमित होने से बच सकते हैं लेकिन उस फार्म की सतहों और वस्तुओं पर फैले हुए विषाणुओं से मानव में संक्रमण होने का खतरा सदैव बना रहता है। इससे बचने के लिए निजर्मीकारी रसायनों से फार्म को निजर्मीकृत किया जाता है।
2. मानव में संक्रमण की रोकथाम
सूअरों के फार्म में काम करने वाले लोग सूअरों के सीधे सम्पर्क में रहते हैं। यदि सूअर संक्रमित हों तो इनके सम्पर्क में आने वाले व्यक्तियों के भी संक्रमित होने का खतरा बना रहता है। फार्म में काम करने वाले व्यक्तियों में ये विषाणु बीमार सूअरों के आस-पास काम करते हुए अपनी आँखों, नाक व मुँह को स्पर्श करने से पहुँचते हैं। ऐसी परिस्थिति में संक्रमण से बचाव के लिए चेहरे पर मास्क और हाथों में रबर के दस्ताने पहने जाते हैं।
3. मानव से मानव में संक्रमण की रोकथाम
स्वाइन फ्लू खाँसी और छींक से भी फैलता है। संक्रमित व्यक्ति की देखभाल करने वाला व्यक्ति भी संक्रमित हो सकता है। यह विषाणु मनुष्य के शरीर के बाहर भी कई घण्टे से लेकर कई दिनों तक संक्रामक स्थिति में बना रहता है जो कि उस सतह या पदार्थ के पीएच, तापमान और लवणता पर निर्भर करता है।
जब किसी व्यक्ति में फ्लू के लक्षण दिखें तो उसे सार्वजनिक स्थानों पर जाना बन्द कर देना चाहिए और तत्काल डॉक्टर से सम्पर्क करना चाहिए। एक व्यक्ति जो स्वाइन फ्लू से ग्रसित हो, वह दूसरों के लिए संक्रामक होता है। बाहर से घर में आने पर हाथों को साबुन और पानी से अच्छी तरह से धोना चाहिए। बाहर रहने पर अल्कोहलयुक्त सैनिटाइज़र से हाथों को साफ करना चाहिए। घर व रसोई के फर्श, दरवाजों, कुण्डियों, तालों आदि को निजर्मीकारी रसायनों से पोंछ कर साफ करना चाहिए। अपने हाथों को बिना अच्छी तरह धोए अपने चेहरे को नहीं छूना चाहिए।
नये स्ट्रेन का खतरा
स्वाइन फ्लू के विषाणु बहुत आसानी से अपने नए-नए स्ट्रेन बना लेते हैं, क्योंकि सूअर बर्ड फ्लू और मानव में होने वाले सामान्य फ्लू से भी संक्रमित होते रहते हैं। ऐसे में अगर सूअर में स्वाइन फ्लू के विषाणु भी आ जाएं तो सूअर के शरीर में विषाणुओं के आनुवंशिक पदार्थों के सम्मिश्रण से स्वाइन फ्लू और बर्ड फ्लू के विषाणु के अत्यन्त खतरनाक व नए स्ट्रेनों के बनने का भय रहता है। ऐसी स्थिति में विभिन्न प्रकार फ्लू विषाणुओं के जीन पुनर्रिम्शित होकर फ्लू विषाणु के नए स्ट्रेन बना लेते हैं। इस प्रकार सूअरों के शरीर एक ‘मिश्रणकारी पात्र’की भूमिका निभाते हैं।
नए स्ट्रेन अधिक आसानी से संक्रमण फैला सकते हैं तथा ये अपने पैतृक विषाणुओं से ज्यादा खतरनाक होते हैं। नए स्ट्रेन पर पहले से बनाई गई वैक्सीन भी असर नहीं करती है। विषाणु का स्वरूप बार-बार बदलने से इसपर लगाम लगाना कठिन होता जा रहा है।
उपचार एवं बरती जाने वाली सावधानियाँ
स्वाइन फ्लू के विषाणु सूअरों में उपस्थित रहने पर भी उनके लिए जानलेवा नहीं होते हैं। इसी वजह से इसके फैलने का पूर्वानुमान लगाना कठिन है। इसका घातक असर सिर्फ मानवों पर ही दिखाई देता है। एण्टीवायरल औषधियों का प्रयोग कर मानव में काफी हद तक इसके असर को कम किया जा सकता है तथा मरीज को जल्दी ठीक किया जा सकता है।
संक्रमण की दशा में लोगों से मिलने-जुलने से बचना चाहिए ताकि अन्य लोग संक्रमित न होने पाएं। घर से बाहर निकलने पर मास्क जरूर पहनना चाहिए और किसी से सामने से बातें करते समय उचित दूरी रखनी चाहिए। खाँसी या छींक आने पर नाक व मुँह को रूमाल से ढकना चाहिए। बाहर से आने पर हाथों को साबुन व पानी से अच्छी तरह धोना चाहिए। अपनी आँखों, नाक और मुँह को बिना हाथ साफ किए नहीं छूना चाहिए। ताजे और खट्टे फलों का सेवन करना चाहिए। संक्रमित व्यक्ति को अत्यधिक मात्रा में तरल पदार्थों को ग्रहण करना चाहिए तथा चिकित्सक की परामर्श से दवाओं का सेवन करते हुए घर पर आराम करना चाहिए।

लेखक: डॉ0 दिव्यांशु सेंगर, प्यारे लाल शर्मां, जिला चिकित्सालय मेरठ मे मेडिकल ऑफिसर हैं।