
किसी भी सर्जरी से पूर्व कराए जाने वाले टेस्ट Publish Date : 12/11/2026
किसी भी सर्जरी से पूर्व कराए जाने वाले टेस्ट
डॉ0 दिव्यांशु सेंगर एवं मुकेश शर्मा
-
सर्जरी से पहले कौन से टेस्ट करवाए जाते हैं? जानें इन जांच के बारे में, जिनसे पता चलता है सेहत की स्थिति-
सर्जरी से पहले सेहत का हाल पता लगाने के लिए कुछ टेस्ट करवाने बेहद जरूरी होते हैं। इससे सर्जरी के दौरान और बाद में होने वाली जटिलताओं से काफी हद तक बचा जा सकता है।
सर्जरी यानी ऑपरेशन, यह एक चिकित्सा प्रक्रिया है। सर्जरी में शरीर के अंदर चीरा यानी कट लगाकर किसी बीमारी का इलाज किया जाता है। इसमें सर्जिकल तकनीकों का उपयोग भी किया जाता है। सर्जरी सिर्फ अस्पताल या सर्जिकल केंद्र में ही की जाती है। सर्जरी करने से पहले शरीर के उस हिस्से को सुन्न किया जाता है, जहां पर कट लगाया जाता है। सुन्न करने के लिए एनेस्थीसिया दिया जाता है। सर्जरी भी कई तरह की होती हैं। रोगी की स्वास्थ्य और बीमारी की स्थिति को देखकर ही सर्जरी की जाती है।
सर्जरी में ऊतकों को कटाना या हटाना शामिल हो सकता है। यह कई प्रकार की होती हैं- इसमें ओपन सर्जरी, लैप्रोस्कोपिक सर्जरी और रोबोटिक सर्जरी शामिल हैं। सर्जरी करवाने से पहले डॉक्टर कई सारे टेस्ट करवाते हैं। ये सभी टेस्ट सर्जरी के दौरान या बाद में होने वाली जटिलताओं से बचने के लिए किए जाते हैं। ऐसे में अक्सर लोगों के मन में सवाल आते हैं कि सर्जरी से पहले कौन-कौन से टेस्ट करवाए जाते हैं आइए, अपने स्वास्थ्य विशेषज्ञ प्यारे लाल शर्मा, जिला अस्पताल मेरठ के Medical Officer डॉ0 दिव्यांशु से जानते हैं इसके बारे में-
सर्जरी से पहले कौन-से टेस्ट करवाए जाते हैं?
सर्जरी से पहले सेहत के बारे में जानने के लिए डॉक्टर कुछ खास टेस्ट करवाने की सलाह दे सकते हैं। इसके बाद ही सर्जरी की प्रक्रिया को शुरू किया जाता है। जानें, कौन-से टेस्ट होते हैं जरूरी-
1. कंप्लीट ब्लड काउंट (CBC)
कंप्लीट ब्लड काउंट एक ब्लड टेस्ट है। डॉक्टर इस टेस्ट को कई मामलों में करवाने की सलाह दे सकते हैं। लेकिन, सर्जरी से पहले भी सीबीसी टेस्ट करवाया जाता है। अगर आपकी सर्जरी होने वाली है, तो डॉक्टर आपको कंप्लीट ब्लड काउंट (CBC) का टेस्ट करवाने को जरूर कहेंगे। इस टेस्ट के माध्यम से एनीमिया, संक्रमण और रक्त कोशिकाओं की स्थिति की जांच की जाती है। सीबीसी टेस्ट से हीमोग्लोबिन के स्तर का पता चलता है।
2. ब्लड प्रेशर मॉनिटरिंग
सर्जरी से पहले ब्लड प्रेशर की जांच जरूरी होती है। सर्जरी से पहले ब्लड प्रेशर मॉनिटरिंग की जाती है। यह इसलिए किया जाता है ताकि हृदय गति और बीपी के बारे में पता चल सके। अगर रक्त चाप यानी ब्लड प्रेशर कंट्रोल में होता है, तो सर्जरी के दौरान कई तरह की जटिलताओं से बचा जा सकता है।
3. इलेक्ट्रोकार्डियोग्राम (ECG)
हृदय स्वास्थ्य के बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए ईसीजी करवाई जाती है। अगर आपकी सर्जरी होने वाली है, तो डॉक्टर आपको ईसीजी करवाने की सलाह दे सकते हैं। ईसीजी के माध्यम से हृदय स्वास्थ्य स्थिति का आकलन किया जाता है। ईसीजी की मदद से हृदय की कार्यप्रणाली को भी जांच की जाती है। सर्जरी के दौरान और बाद में होने वाली जटिलताओं से बचने के लिए ईसीजी की जाती है। यह एक दर्द रहित परीक्षण है, जिसमें हृदय की विद्युत गतिविधि को मापा जाता है।
4. लिवर फंक्शन टेस्ट (LFT)
सर्जरी से पहले डॉक्टर लिवर फंक्शन टेस्ट (एलएफटी) भी करवाते हैं। एलएफटी से सुनिश्चित किया जाता है कि आपका लिवर सही तरीके से कार्य कर रहा है या नहीं। एलएफटी से लिवर के स्वास्थ्य का आकलन करने में मदद मिलती है। एलएफटी की रिपोर्ट से पता चल पाता है कि आपका शरीर सर्जरी के दौरान दी जाने वाले एनेस्थीसिया और सर्जरी को ठीक से संभाल सकता है या नहीं। अगर रिपोर्ठ ठीक होती है तो सर्जरी के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होती है।
5. किडनी फंक्शन टेस्ट (KFT)
किडनी सही तरीके से कार्य कर रही हैं या नहीं, यह सुनिश्चित करने के लिए केएफटी करवाया जाता है। सर्जरी से पहले किडनी फंक्शन टेस्ट करवाना बहुत जरूरी होता है। केएफटी की मदद से, किडनी की कार्य और स्वास्थ्य की स्थिति जांच की जाती है। यह ब्लड टेस्ट के जरिए किया जाता है। इस टेस्ट के मदद से पता लगाया जाता है कि किडनी रक्त से अपशिष्ट पदार्थों को किस तरह से बाहर निकाल पा रहा है।
6. यूरीनालिसिस

यूरिनलिसिस, जिसे पेशाब टेस्ट भी कहा जाता है। इसमें पेशाब के नमूनों का विश्लेषण किया जाता है। इस टेस्ट के मदद से मूत्र पथ के संक्रमण, किडनी की बीमारी, डायबिटीज और लिवर रोगों के बारे में पता चल पाता है। सर्जरी से पहले पेशाब टेस्ट करवाना बहुत जरूरी होता है। पेशाब टेस्ट यह देखने के लिए करवाया जाता है कि मरीज सर्जरी के लिए सुरक्षित है या नहीं।
7. चेस्ट एक्स-रे
सर्जरी से पहले डॉक्टर चेस्ट एक्स-रे करवाने को भी कहते हैं। चेस्ट एक्स-रे एक बेहद जरूरी प्री-ऑपरेटिव टेस्ट है। इससे हृदय और फेफड़ों की स्थिति की जांच करने में मदद मिलती है। चेस्ट एक्स-रे करवाने से सर्जरी के दौरान और बाद में होने वाली जटिलताओं को रोकने में मदद मिलता है। जब कोई बड़ा ऑपरेशन यानी सर्जरी होती है, तो चेस्ट एक्स-रे करवाना बहुत जरूरी होता है।
8. ब्लड शुगर टेस्ट
सर्जरी से पहले ब्लड शुगर लेवल की जांच भी बेहद जरूरी होती है। इससे डायबिटीज या प्री-डायबिटीज का पता चलता है। सर्जरी से पहले डायबिटीज की स्थिति का पता होना बहुत जरूरी होता है। इसलिए अगर आपकी सर्जरी होने वाली है, तो शुगर लेवल की जांच भी जरूर करवाएं। अगर डायबिटीज है तो डॉक्टर को जरूर बताएं।
सर्जरी के बाद किन चीजों का ध्यान रखना है जरूरी?
- सर्जरी के बाद घाव को जल्दी ठीक करने के लिए डाइट का खास ख्याल रखना जरूरी होता है। आपको प्रोटीन, विटामिन्स और मिनरल्स से भरपूर डाइट लेनी चाहिए।
- सर्जरी के बाद घाव को संक्रमण से बचाने के लिए साफ-सफाई का ध्यान रखना जरूरी है।
- सर्जरी के बाद सूजन और दर्द कम करने के लिए डॉक्टर द्वारा दी गई दवाइयों का सेवन समय-समय पर करें।
- पर्याप्त आराम करें और शारीरिक गतिविधियों से बचें। सर्जरी के तुरंत बाद शरीर को पूरा आराम दें।
- सर्जरी के बाद घाव पर पट्टी बदलें और घाव को साफ करें।
- अगर घाव पर रेडनेस दिखे या जलन हो तो तुरंत डॉक्टर से कंसल्ट करें।
- अगर घाव पर संक्रमण होने लगे तो इस स्थिति को बिल्कुल अनदेखा न करें।
- सर्जरी के बाद शराब और धूम्रपान का सेवन बिल्कुल न करें। इससे रिकवरी धीमी हो सकती है।
- सर्जरी के तुरंत बाद जिम या कोई एक्सरसाइज करने से बचें।

लेखक: डॉ0 दिव्यांशु सेंगर, प्यारे लाल शर्मां, जिला चिकित्सालय मेरठ मे मेडिकल ऑफिसर हैं।