
सिडनी में मिला बर्ड फ्लू के खतरनाक N5N1 स्ट्रेन का पहला मामला Publish Date : 24/10/2026
सिडनी में मिला बर्ड फ्लू के खतरनाक N5N1 स्ट्रेन का पहला मामला
डॉ0 दिव्यांशु सेंगर एवं मुकेश शर्मा
-
N5N1 इन्फ्लूएंजा वायरस का संक्रमण इंसानों में कई तरह की होगी बीमारियां
ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में बर्ड फ्लू के खतरनाक N5N1 स्ट्रेन का पहला कन्फर्म केस रिपोर्ट किया गया है। न्यू साउथ वेल्स (N S W) की कृषि मंत्री तारा मोरियार्टी ने पत्रकारों को बताया कि अगस्त के आखिर में सिडनी के नॉर्दन बीच में मिले एक ‘ग्रेटर क्रेस्टेड टर्न’ (एक तरह का समुद्री पक्षी) में टेस्टिंग के दौरान N5N1 स्ट्रेन का पता चला है। जून में इस खतरनाक स्ट्रेन के ऑस्ट्रेलिया की मुख्य भूमि पर पहुंचने के बाद सिडनी में यह पहला कन्फर्म केस दर्ज किया गया है।

इस सम्बन्ध में मोरियार्टी ने कहा कि जिन सिडनी निवासियों के पास पालतू पक्षी या मुर्गियां हैं, उन्हें जंगली पक्षियों के संपर्क में आने से बचने के लिए सावधानी बरतनी चाहिए और जिनके पास कुत्ते हैं, उन्हें यह निश्चित करना चाहिए कि वे मरे हुए जानवरों के शव न खाएं या जंगली पक्षियों का पीछा न करें। नॉर्दन बीचेज काउंसिल की स्थानीय मेयर, सु हींस ने कहा कि यह केस शायद कई केसों में से पहला होगा और इस इलाके को इस खतरनाक स्ट्रेन के संभावित विनाशकारी प्रभाव के लिए भी पूरी तरह से तैयार रहना चाहिए, जिसने दुनिया भर में लाखों पक्षियों की जान ली है।

संघीय सरकार से प्राप्त ताजा डेटा के अनुसार, बुधवार तक पूरे ऑस्ट्रेलिया में N5N1 बर्ड फ्लू के 468 कन्फर्म मामले सामने आए हैं, जिनमें से 20 मामले अकेले N S W में पाए गए हैं। N S W सरकार ने कहा कि राज्य में कमर्शियल पोल्ट्री झुंड, कैद में रखे गए पक्षियों या मवेशियों में इसका कोई मामला नहीं मिला है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, N5N1 कई इन्फ्लूएंजा वायरस में से एक है जो पक्षियों में एवियन इन्फ्लूएंजा (या बर्ड फ्लू) नाम की बहुत तेजी से फैलने वाली सांस की बीमारी का कारण बनता है। इंसानों सहित स्तनधारी जीवों में भी इसके संक्रमण के मामले दर्ज किए जा चुके हैं।

लेखक: डॉ0 दिव्यांशु सेंगर, प्यारे लाल शर्मां, जिला चिकित्सालय मेरठ मे मेडिकल ऑफिसर हैं।