कुछ आदतें जो कम कर सकती हैं हृदय रोग का खतरा      Publish Date : 19/06/2026

कुछ आदतें जो कम कर सकती हैं हृदय रोग का खतरा

                                                                                                डॉ0 दिव्यांशु सेंगर एवं मुकेश शर्मा

हमारे शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक ‘हृदय’ है। लेकिन, हार्ट हेल्थ में सुधार करने के लिए आपको कुछ टिप्स को आवश्यक रूप से फॉलो करना चाहिए। ऐसा करने से हार्ट अटैक और हार्ट फेलियर का खतरा भी काफी हद तक कम हो जाता है।

यदि आप भी अपने हार्ट को हेल्दी रखना चाहते हैं? हार्ट अटैक, हार्ट फेलियर और स्ट्रोक से बचे रहना चाहते हैं? तो अपने दैनिक जीवन में कुछ विशेष टिप्स को फॉलो करना शुरू कर दें। एक रिसर्च में पाया गया है कि हेल्दी लाइफस्टाइल से हृदय रोग के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इसके लिए आपको अधिक मेहनत करने की आवश्यकता भी नहीं है। इस दौरान आपको केवल अपनी नींद, खान-पान और शारीरिक गतिविधि पर फोकस करने की आवश्यकता है।

क्या कहती है रिसर्च?

                                      

शोधकर्ताओं ने 53 हजार से अधिक वयस्कों के स्वास्थ्य डेटा पर लगभग 8 साल तक करीबी नजर रखी। अध्ययन में नींद, शारीरिक गतिविधि और खान-पान की आदतों का हृदय स्वास्थ्य पर प्रभाव देखा गया। यह रिपोर्ट European Journal of Preventive Cardiology में प्रकाशित की गई है, जिसमें बताया गया है कि जो लोग पूरी नींद लेते हैं और पर्याप्त शारीरिक गतिविधियां करते हैं, उनमें हृदय रोग का खतरा काफी कम हो जाता है।

इस रिपोर्ट में बताया गया है कि प्रतिदिन केवल 11 मिनट अधिक सोने से हृदय रोग का खतरा 10 प्रतिशत तक कम हो सकता है। हालांकि, बहुत अधिक या कम नींद, दोनों ही हृदय स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती हैं।

वहीं, जो लोग पर्याप्त रूप से शारीरिक गतिविधियां करते हैं और अपनी डाइट में एक चौथाई कप से अधिक सब्जियां शामिल करते हैं, उनमें हृदय रोग का खतरा काफी कम हो सकता है।

पूरी नींद लेने, पर्याप्त शारीरिक गतिविधियां करने और हेल्दी डाइट लेने से हार्ट अटैक, स्ट्रोक और हार्ट फेलियर आदि का जोखिम काफी कम किया जा सकता है।

स्टडी में पाया गया कि जो लोग हर रात 8 से 9 घंटे की नींद लेते थे, जो प्रतिदिन 42 मिनट से अधिक शारीरिक गतिविधियां करते थे और संतुलित और पौष्टिक आहार लेते थे उनमें हार्ट सम्बन्धी परेशानियों का स्तर काफी कम देखा गया है। इस प्रकार आप ऐसी ही कुछ आदतों को अपने डेली रूटीन में शामिल कर हृदय रोग के खतरे को 57 फीसदी कम कर सकते है।

हार्ट को हेल्दी बनाने के लिए क्या खाएं?

                                   

जिला अस्पताल मेरठ के मेडिकल ऑफिसर डॉ0 दिव्यांशु सेंगर बताते हैं कि हार्ट को हेल्दी बनाए रखने के लिए आपको अपनी डाइट का विशेष ध्यान रखना चाहिए। इसके लिए आप अपनी डाइट में इन चीजों को शामिल कर सकते हैं-

  • हरी और मौसमी सब्जियाँ।
  • मौसमी फल।
  • साबुत अनाज।
  • लो फैट युक्त डेयरी उत्पाद।
  • नट्स और सीड्स।
  • हार्ट को हेल्दी बनाए रखने के लिए प्रोसेस्ड मीट, रिफाइंड अनाज, हाई शुगर लेवल वाली चीजों का सेवन करने से बचना चाहिए।

इन चीजों का भी रखें ध्यान

शोधकर्ताओं का कहना है कि आप अन्य कई छोटे-छोटे बदलाव करके भी आप हार्ट हेल्थ को बेहतर बना सकते हैं। जैसे-

  • लिफ्ट के बजाय सीढ़ियां चढऩें का प्रयास करें।
  • रात को 10 बजे से पहले सोने की कोशिश करें।
  • अपनी डाइट में सब्जियां और फल शामिल करें।
  • तनाव के स्तर को कम करें और नींद पूरी लें।
  • पतिदिन कम से कम आधे घंटे की एक्सरसाइज करने की आदत को अपने दैनिक जीवन में शामिल करें।
  • कम से कम रात 8 से 9 घंटे की नींद आवश्यक रूप से लें।

यह केवल एक ऑब्जर्वेशनल स्टडी थी। जिससे केवल यह पता चलता है कि इन आदतों को अपनाकर हृदय रोग के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है। लेकिन, यह स्पष्ट दावा नहीं है सिर्फ इन्हीं बदलावों से जोखिम कम हो सकेगा।

विशेषः हृदय रोग से बचने के लिए आपको भी अपने दैनिक जीवन में इन आदतों को जरूर शामिल करना चाहिए। अगर हृदय रोग से जुड़ा कोई लक्षण महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर से कंसल्ट करें और हृदय की जांच कराएं। हृदय को स्वस्थ रखने के लिए फास्ट फूडस और प्रोसेस्ड फूड्स का सेवन करने से परहेज भी करना चाहिए।

लेखक: डॉ0 दिव्यांशु सेंगर, प्यारे लाल शर्मां, जिला चिकित्सालय मेरठ मे मेडिकल ऑफिसर हैं।