
क्या कार्डियो एक्सरसाइज करने का गलत तरीका बढ़ा सकता है हार्ट अटैक का खतरा? Publish Date : 09/06/2026
क्या कार्डियो एक्सरसाइज करने का गलत तरीका बढ़ा सकता है हार्ट अटैक का खतरा?
डॉ0 दिव्यांशु सेंगर एवं मुकेश शर्मा
कार्डियो एक्सरसाइज वैसे तो हार्ट और लंग्स के लिए बेहद लाभकारी होती है, लेकिन यह भी एक सच है कि अगर आप गलत तरीके से कार्डियो करते हैं तो उसके कारण हार्ट अटैक का खतरा भी काफी हद तक बढ़ सकता है।
एक्सरसाइज करने का सम्बन्ध केवल शरीर को फिट रखने, मसल्स गेन करने या फिर बढ़े हुए वजन को कम करने के लिए ही नहीं होता है बल्कि साथ ही साथ इसका हमारी ओवर ऑल हेल्थ पर भी बहुत अच्छा प्रभाव पड़ता है। यहां तक कि आपको हार्ट और लंग्स की हेल्थ के लिए भी एक्सरसाइज बहुत जरूरी है जो आपके लिए बेहद लाभदायक सिद्व होती है, इन्हें कार्डियो एक्सरसाइज कहते है। लेकिन सवाल यह है कि क्या गलत तरीके से कार्डियो करना हार्ट अटैक के खतरे को बढ़ा सकता है? अक्सर लोगों के मन में यह सवाल रहता ही है, हमारे स्वास्थ्य विशेषज्ञ एवं प्यारे लाल शर्मा जिला अस्पताल, मेरठ के मेडिकल ऑफिसर डॉ0 दिव्यांशु सेंगर ने बताया कि आजकल लोग फिट रहने के लिए रनिंग, ट्रेडमिल, साइक्लिंग, जॉगिंग और हाई इंटेंसिटी वर्कआउट करने को हार्ट हेल्थ के लिए काफी लाभकारी माना जाता है। लेकिन कई बार बिना सही जानकारी, या जरूरत से ज्यादा एक्सरसाइज या गलत तरीके से कार्डियो करना आपके शरीर पर इसका विपरीत प्रभाव भी डाल सकता है।
गलत एक्सरसाइज कार्डियो क्यों है खतरनाक?

कार्डियो एक्सरसाइज मुख्य रूप से हार्ट और लंग्स की शक्ति व क्षमता को बढ़ाने का काम करती है, लेकिन इसे गलत तरीके से करना या फिर एक्सरसाइज के दौरान कुछ गलतियां करना स्वास्थ्य को नुकसान भी पहुंचा सकता है। जब कोई व्यक्ति अचानक बहुत ज्यादा तेज वर्कआउट शुरू कर देता है, बिना वार्मअप के एक्सरसाइज करता है या अपनी क्षमता से अधिक मेहनत करता है, तो हार्ट की धड़कन और ब्लड प्रेशर तेजी से बढ़ सकते हैं।
ऐसी स्थिति में शरीर में तनाव बढ़ता है और हार्ट व लंग्स भी प्रभावित होने लगते है। खासतौर पर जिन लोगों को पहले से ही हाई बीपी, डायबिटीज, मोटापा, हाई कोलेस्ट्रॉल या हार्ट से जुड़ी कोई समस्या हो तो इससे उन्हें हार्ट अटैक का खतरा बढ़ सकता है। कई बार लोग सोशल मीडिया या फिटनेस ट्रेंड देखकर अचानक हाई इंटेंसिटी कार्डियो शुरू कर देते हैं, जो उनके दिल के लिए सुरक्षित नहीं होता।
कार्डियो एक्सरसाइज के दौरान अक्सर की जाने वाली गलतियां
कार्डियो एक्सरसाइज के दौरान कुछ लोग आमतौर पर निम्न गलतियां करते हैं जो इस प्रकार हैं -
- बिना वार्मअप किए सीधे तेज रनिंग या हाई इंटेंसिटी वर्कआउट शुरू करना।
- लंबे समय तक लगातार भारी कार्डियो एक्सरसाइज करना।
- शरीर में दर्द, चक्कर, सांस फूलना या सीने में भारीपन जैसे लक्षण इग्नोर करना।
- खाली पेट या डिहाइड्रेशन की स्थिति में कठिन वर्कआउट करना।
- उम्र और फिटनेस लेवल के हिसाब से सही एक्सरसाइज न चुनना।
इसके अलावा अगर किसी व्यक्ति को हार्ट से जुड़ी कोई पहले से ही समस्या है या फिर हाई बीपी, कोलेस्ट्रॉल या बीपी जैसी कोई क्रोनिक समस्या है, तो ऐसे में कार्डियो एक्सरसाइज हमेशा डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही की जानी चाहिए। क्योंकि गलत तरीके से की गई एक्सरसाइज हार्ट पर अतिरिक्त दबाव डालती है और इससे हार्ट अटैक का खतरा भी बढ़ सकता है।
अगर कार्डियो करते समय सीने में दर्द, अत्यधिक सांस फूलना, चक्कर आना, दिल की धड़कन अनियमित होना, जबड़े या बांह में दर्द महसूस हो, तो इसे सामान्य थकान समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ये हार्ट से जुड़ी समस्या के संकेत भी हो सकते हैं।
कार्डियो एक्सरसाइज करने का सही तरीका

कार्डियो एक्सरसाइज करते समय कुछ बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है जैसे -
- कार्डियो एक्सरसाइज को हमेशा धीरे-धीरे शुरू करें और शुरुआत हल्की वॉक से शुरू करें और धीरे-धीरे इंटेन्सिटी बढ़ाएं।
- अगर आप कार्डियो एक्सरसाइज की शुरुआत कर रहे हैं, तो शुरुआत के दिनों में दौड़ने की बजाय तेज चलने की आदत डालें।
- हर एक्सरसाइज से पहले 5-10 मिनट वार्मअप और अंत में कूलडाउन जरूरी है।
- सप्ताह में कम से कम 150 मिनट मॉडरेट कार्डियो एक्सरसाइज पर्याप्त मानी जाती है।
इसके अलावा जिन लोगों की उम्र 40 वर्ष से अधिक है, या फिर हार्ट, बीपी या डायबिटीज जैसी कोई समस्या है, तो नया फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने से पहले हेल्थ चेकअप और डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है। कार्डियो एक्सरसाइज स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद है, लेकिन “जितना ज्यादा उतना बेहतर”वाला नजरिया नुकसानदायक साबित हो सकता है। अपनी उम्र, फिटनेस और स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार संतुलित तरीके से किया गई कार्डियो एक्सरसाइज ही सुरक्षित और असरदार मानी जाती है।

लेखक: डॉ0 दिव्यांशु सेंगर, प्यारे लाल शर्मां, जिला चिकित्सालय मेरठ मे मेडिकल ऑफिसर हैं।
