
क्या उल्टा लेटने से या उल्टा सोने से बढ़ता है हार्ट अटैक का खतरा? Publish Date : 31/05/2026
क्या उल्टा लेटने से या उल्टा सोने से बढ़ता है हार्ट अटैक का खतरा?
डॉ0 दिव्यांशु सेंगर एवं मुकेश शर्मा
इंस्टाग्राम पर इन दिनों कई प्रकार की रील्स वायरल हो रहे हैं, जिनमें दावे किए जा रहे हैं कि अगर आप पेट के बल लेटते हैं, तो इससे हार्ट अटैक का खतरा बढ़ सकता है। तो आइए जानते हैं इस दवो में कितनी सच्चाई है और विषय पर क्या कहते हैं डॉक्टर-
सोने की पोजिशन को लेकर सोशल मीडिया पर एक कई तरह की रील्स वायरल हो रहे हैं। एआई वीडियो से लेकर लोगों द्वारा कई तरह के वीडियोज शेयर किए जा रहे हैं, जिनमें सोने के कुछ पोजिशन को गलत बताया जा रहा है। आपको इन दिनों इंस्टाग्राम पर कई रील्स देखने को मिल जाएंगे, जिनमें दावा किया जा रहा है कि पेट के बल सोना दिल की सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है। ऐसा ही एक दावा इंस्टाग्राम अकाउंट की एक पोस्ट में किया गया, जिसमें कहा गया कि पेट के बल सोने से हार्ट अटैक का खतरा बढ़ सकता है।
इस वीडियो में यह भी कहा गया है कि कुछ खास पोजिशन में सोने से हार्ट से जुड़ी परेशानियां बढ़ सकती हैं। ऐसे में कई लोग यह जानना चाहते हैं कि क्या सच में हमारी सोने की आदतों का असर दिल पर पड़ सकता है? इस दावे को लेकर हमने अपने स्वास्थ्य एक्सपर्ट से बात की और यह समझने की कोशिश की कि आखिर मेडिकल साइंस इस बारे में क्या कहता है।

इंस्टाग्राम वीडियो में क्या किया जा रहा है दावा? oplusheartcentre नाम से एक इंस्टाग्राम अकाउंट है, इस अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर किया गया है। इस पोस्ट में एक युवक यह दावा कर रहा हैं कि अगर आप पेट के बल लेटते हैं, तो हार्ट अटैक की संभावना बढ़ जाती है। खासकर अगर आपको पहले से हार्ट डिजीज या फिर हार्ट ब्लॉकेज, ब्लड प्रेशर की परेशानी है, तो इसका खतरा और अधिक भी बढ़ जाता है।
इसके साथ ही वीडियो में यह भी बोला गया है कि अगर आपको पहले से हार्ट की बीमारी या फिर ब्लड प्रेशर जैसी समस्या है, तो आप लेफ्ट साइड होकर लेटें, इससे स्थिति में सुधार होता है। इस दावे में कितनी सच्चाई है, इसकी जानकारी के लिए हमने प्यारे लाल शर्मा, जिला अस्पताल मेरठ के मेडिकल आफिसर डॉ0 दिव्यांशु सेंगर से बातचीत की है। आइए जानते हैं कि डॉक्टर क्या कहते हैं इसके बारे में-
इंस्टाग्राम के इस दावे पर क्या कहते हैं डॉक्टर?
डॉक्टर दिव्यांशु सेंगर का कहना है कि पेट के बल सोना सीधे तौर पर हार्ट अटैक का कारण नहीं बनता। ऐसा कोई सटीक वैज्ञानिक प्रमाण भी उपलब्ध नहीं है, जो यह साबित करे कि पेट के बल सोने से हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है। हार्ट अटैक आमतौर पर दिल की मांसपेशियों तक खून की सप्लाई रुकने के कारण होता है, न कि सोने की पोजिशन के कारण ऐसे में इंस्टाग्राम पर किए गए इस तरह के दावे गलत ही हैं।
हालांकि, पेट के बल सोने से सीने और पेट पर दबाव पड़ सकता है, जिससे फेफड़ों का फैलाव और ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित हो सकता है। इससे दिल को थोड़ी अधिक मेहनत करनी पड़ सकती है, मुख्य रूप से उन लोगों में जिन्हें मोटापा, हाई ब्लड प्रेशर, स्लीप एपनिया या सीओपीडी जैसी समस्याएं हैं। लंबे समय में यह अतिरिक्त दबाव कार्डियोवैस्कुलर हेल्थ पर इन-डायरेक्ट रूप से असर भी डाल सकता है।

लेखक: डॉ0 दिव्यांशु सेंगर, प्यारे लाल शर्मां, जिला चिकित्सालय मेरठ मे मेडिकल ऑफिसर हैं।
