हमारे शरीर में लिवर के प्रुमख कार्य      Publish Date : 24/04/2026

       हमारे शरीर में लिवर के प्रुमख कार्य

                                                                                            डॉ0 दिव्यांशु सेंगर एवं मुकेश शर्मा

लिवर हमारे शरीर का एक बहुत ही महत्वपूर्ण अंग है। इसकी सहायता से शरीर के विभिन्न कार्य सम्पादित किए जाते हैं। ऐसे में हमारे आज के प्रस्तुत लेख के माध्यम से हम विस्तार से यह जानने का प्रयास करते हैं कि लिवर की मदद से कौन-कौन से काम किए जा सकते हैं।

जैसा कि हम सभी लोग यह जानते हैं कि हमारे शरीर के समस्त महत्वपूर्ण अंग होते हैं, लेकिन लिवर को इनमें सबसे महत्वपूर्ण अंग माना जाता है। यह शरीर का दूसरा सबसे बड़ा अंग होता है जो कि हमारे पेट के दाहिने भाग में स्थित होता है। लिवर को एक तरह का फिल्टर और फैक्ट्री कहा जाता है, क्योंकि इसके द्वारा कई जरूरी काम एक साथ किए जाते हैं। हम में से कई लोगों को लगता है कि लिवर सिर्फ 5 या 6 काम करता होगा, लेकिन विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार लिवर हमारे शरीर में 500 से अधिक कार्य करता है।

                              

इसके सम्बन्ध में हमारे स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ0 दिव्यांशु सेंगर का कहना है कि लिवर के कई कार्य हैं, लेकिन इसका मुख्य काम खून को साफ करना होता है। जब भी हम खाना खाते हैं या कोई दवा लेते हैं, तो उसमें मौजूद पोषक तत्व और हानिकारक पदार्थ खून में पहुंच जाते हैं। इन पदार्थों को लिवर द्वारा छाना जाता है। इसके बाद हानिकारक तत्वों को शरीर से बाहर निकालने के लिए तैयार किया जाता है। इसके अलावा लिवर के कई अन्य कार्य होते हैं। इस लेख में हम इन कार्यों के बारे में जानेंगे, आइए जानते हैं-

1. पित्त बनाने का काम करता है लिवर

लिवर न सिर्फ खून को साफ करता है, बल्कि इसकी मदद से शरीर में बाइल भी बनाया जाता है। यह एक तरह का तरल पदार्थ होता है, जो खाने में मौजूद वसा को पचाने में मदद करता है। जब भी हम तला-भुना या भारी खाना खाते हैं, तो उसे पचाने में बाइल का उपयोग किया जाता है। बिना बाइल के फैट का सही तरीके से पाचन नहीं किया जा सकता।

2. शरीर की एनर्जी करता है जमा

इसके अलावा, लिवर को शरीर का ऊर्जा स्टोरेज सेंटर भी कहा जाता है। इसमें ग्लाइकोजन के रूप में ऊर्जा जमा होती है। जब शरीर को जरूरत पड़ती है, तो इस जमा ऊर्जा को ग्लूकोज में बदला जाता है और खून में छोड़ा जाता है। इससे शरीर को तुरंत ऊर्जा दी जाती है।

3. प्रोटीन का निर्माण भी करता है लिवर

लिवर द्वारा प्रोटीन का निर्माण भी किया जाता है। ये प्रोटीन शरीर के विकास और मरम्मत के लिए जरूरी होते हैं। इसके साथ ही खून के थक्के बनाने वाले प्रोटीन भी लिवर में ही बनाए जाते हैं। अगर लिवर ठीक से काम नहीं करता, तो चोट लगने पर खून बहना बंद नहीं होता है।

4. शरीर को करता है डिटॉक्स

एक और महत्वपूर्ण काम जो लिवर द्वारा किया जाता है, वह है शरीर को डिटॉक्स करना। यानी शरीर में जमा जहरीले पदार्थों को तोड़ा जाता है और उन्हें बाहर निकालने के लिए तैयार किया जाता है। शराब, दवाइयों और केमिकल्स को भी लिवर द्वारा प्रोसेस किया जाता है। अगर इनका ज्यादा सेवन किया जाए, तो लिवर पर दबाव बढ़ने लगता है।

5. विटामिन्स और मिनरल्स भी करता है स्टोर

                              

लिवर द्वारा विटामिन और मिनरल्स को भी स्टोर किया जाता है। यह विटामिन A, D, E, K और आयरन जैसे विटामिन्स और मिनरल्स को स्टोर करने में प्रभावी हो सकते हैं। जब शरीर को इनकी जरूरत होती है, तब इन विटामिन्स और मिनरल्स का इस्तेमाल किया जाता है। इस तरह शरीर का संतुलन बनाए रखा जाता है।

लिवर हमारे शरीर का एक साइलेंट वर्कर होता है। यह बिना रुके लगातार काम करता रहता है। अगर इसका ध्यान रखा जाता है, तो पूरा शरीर स्वस्थ रखा जा सकता है। इसलिए जरूरी है कि हम अपने लिवर की सेहत को समझें और उसे सुरक्षित बनाए रखें।

लेखक: डॉ0 दिव्यांशु सेंगर, प्यारे लाल शर्मां, जिला चिकित्सालय मेरठ मे मेडिकल ऑफिसर हैं।