35+ महिलाओं को यह टेस्ट आवश्यक रूप से करवाने चाहिए      Publish Date : 18/04/2026

35+ महिलाओं को यह टेस्ट आवश्यक रूप से करवाने चाहिए

                                                                                               डॉ0 दिव्यांशु सेंगर एवं मुकेश शर्मा

35 वर्ष की आयु के बाद महिलाओं के शरीर में बहुत से बदलाव आने लगते हैं। इसलिए इस आयु के बाद महिलाओं को हर साल कुछ टेस्ट अवश्य ही कराने चाहिए।

35+ महिलाओं के लिए आवश्यक टेस्ट

35 साल की उम्र के बाद महिलाओं में विभिन्न प्रकार के हॉर्मोनल बदलाव होने लगते हैं। इसकी वजह से उन्हें शारीरिक और मानसिक बदलावों से गुजरना पड़ता है। इस उम्र के बाद महिलाओं में कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम भी काफी हद तक बढ़ जाता है। इस उम्र के बाद थायराइड, डायबिटीज, हृदय रोग और सर्वाइकल कैंसर का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए अगर आप 35 साल से ज्यादा आयु की हैं, तो आपको हर साल कुछ टेस्ट जरूर कराने चाहिए। इससे आपको समय-समय पर अपनी सेहत का हाल पता चलता रहेगा और किसी भी स्वास्थ्य समस्या का समय पर निदान और इलाज हो सकेगा।

थायराइड प्रोफाइल टेस्ट

                            

35+ महिलाओं को हर साल थायराइड प्रोफाइल टेस्ट जरूर कराना चाहिए। इस उम्र के बाद महिलाओं में थायराइड की समस्या का होना बेहद आम है। इसलिए इस उम्र की महिलाओं को थायराइड की जांच जरूर करानी चाहिए। वजन बढ़ना, अत्यधिक थकान, बालों का झड़ना, अनियमित पीरियड्स, मूड में बदलाव और कब्ज आदि समस्याओं में महिलाओं में थायराइड के लक्षण भी हो सकते हैं। साथ ही कुछ महिलाओं को गर्दन में सूजन भी महसूस हो सकती है।

पेप स्मीयर टेस्ट

                              

35 वर्ष की आयु होने के बाद आपको हर साल पेप स्मीयर टेस्ट जरूर कराना चाहिए। पैप टेस्ट एक गर्भाशय ग्रीवा कैंसर स्क्रीनिंग टेस्ट है। दरअसल, आजकल सर्वाइकल कैंसर के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। इस टेस्ट की मदद से सर्वाइकल कैंसर का समय से पहले पता लगाया जा सकता है। पेप स्मीयर टेस्ट सर्वाइकल कैंसर से बचाव का एक सबसे प्रभावी तरीका माना जाता है।

ब्लड शुगर टेस्ट

35+ आयु वाली महिलाओं को डायबिटीज की जांच भी हर साल जरूर करानी चाहिए। इस उम्र के बाद महिलाओं में टाइप 2 डायबिटीज का खतरा काफी ज्यादा रहता है। इसलिए आपको ब्लड शुगर की नियमित रूप से जांच जरूर करवानी चाहिए। खासकर, अगर आपके परिवार में डायबिटीज का इतिहास रहा है तो ब्लड शुगर टेस्ट जरूर कराएं।

लिपिड प्रोफाइल

                          

35 साल की उम्र के बाद लिपिड प्रोफाइल टेस्ट जरूर कराना चाहिए। इस उम्र के बाद कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ने की संभावना काफी ज्यादा रहती है। ऐसे में अगर आप अगर नियमित रूप से टेस्ट करवाती रहेंगी, तो इससे हृदय रोगों का जोखिम कम हो सकता है।

विटामिन और हड्डियों की जांच

इस उम्र के बाद आपको विटामिन और कैल्शियम की जांच भी जरूर करानी चाहिए। क्योंकि इस उम्र के बाद आपकी हड्डियां कमजोर होने लगती हैं और जोड़ों का दर्द बढ़ जाता है। आपको विटामिन बी12 की जांच भी जरूर करानी चाहिए।

लेखक: डॉ0 दिव्यांशु सेंगर, प्यारे लाल शर्मां, जिला चिकित्सालय मेरठ मे मेडिकल ऑफिसर हैं।