लिवर के सम्बन्ध में जानकरीः यह खराब क्यों और कैसे होता है?      Publish Date : 16/04/2026

लिवर के सम्बन्ध में जानकरीः यह खराब क्यों और कैसे होता है?

                                                                                                   डॉ0 दिव्यांशु सेंगर एवं मुकेश शर्मा

लिवर, हमारे शरीर का एक बहुत अधिक महत्वपूर्ण अंग होता है। लेकिन, कुछ कारणों और इसके प्रति बरती गई लापरवाही के चलते लिवर खराब भी हो सकता है।

लिवर हमारे शरीर के सबसे प्रमुख अंगों में से एक है। यह खून को साफ करता है और हमारे द्वारा खाए गए भोजन के पाचन की प्रक्रिया में मदद करता है। जब लंबे समय तक इस अंग पर तनाव या दबाव पड़ता है, तो इसकी कार्यक्षमता भी धीरे-धीरे कम होने लगती है। अगर इस स्थिति का समय पर इसका उचित उपचार नहीं किया जाता है तो लिवर पूरी तरह से खराब हो जाता है और इससे प्रभावित व्यक्ति की जान तक भी जा सकती है। लेकिन, कुछ लोगों का लिवर खराब क्यों हो जाता है? इसके सम्बन्ध में हमारे स्वस्थ्य विशेषज्ञ आपको विस्तार सं जानकारी प्रदान कर रहे हैं कि लिवर क्यों और कैसे खराब होता है?

लिवर खराब होने के कारणः

डॉ0 दिव्यांशु सेंगर बताते हैं, “लिवर खराब होने का सबसे आम कारण अत्यधिक शराब का सेवन करना होता है, ऐसे में जो लोग लंबे समय तक अधिक मात्रा में शराब का सेवन करते हैं, उनके लिवर खराब होने की संभावना अधिक रहती है। शराब का अत्यधिक सेवन करने से लिवर को धीरे-धीरे नुकसान पहुंचता रहता है। शराब, लिवर से जुड़ी विभिन्न बीमारियों जैसे- फैटी लिवर, लिवर सिरोसिस आदि का कारण भी बन सकती है”।

दरअसल, शराब पीने से लिवर में चर्बी जमा हो जाती है। अगर लंबे समय तक शराब पिया जाता है, तो लिवर में विषैले पदार्थ जमा हो जाते हैं। जिसके चलते लिवर की कार्यक्षमता कम हो जाती है। शराब पीने से लिवर में टॉक्सिन बढ़ जाते हैं और कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं पैदा होने लगती हैं।

लिवर खराब होने के अन्य कारण

                                

  • शराब के साथ ही, कुछ बीमारियां भी लिवर को खराब कर सकते हैं।
  • फैटी लिवर की समस्या के कारण भी लिवर खराब हो सकता है।
  • हेपेटाइटिस बी और हेपेटाइटिस सी जैसे संक्रमण भी लिवर खराबी का कारण बन सकते है।

इनके अलावा, अधिक तला-भुना खाना, मोटापा और डायबिटीज जैसी बीमारियां भी लिवर खराब होने का कारण बनती हैं। कुछ दवाइयों का लंबे समय तक सेवन करने से भी लिवर को नुकसान पहुंच सकता है।

लिवर खराब होने के लक्षणः

लिवर खराब होने पर शरीर में विभिन्न प्रकार के लक्षण महसूस हो सकते हैं। जैसे-

  • थकान महसूस होना।
  • कमजोरी महसूस करना।
  • भूख का कम लगना।
  • हर समय पेट में भारीपन होना।
  • प्रभावित के वजन में निरंतर कमी होना।
  • प्रभावित व्यक्ति की आंखों और उसकी त्वचा पर पीलापन होना।

अगर लिवर से जुड़ी बीमारियों का समय पर उपचार न किया जाए, तो यह स्थिति लिवर सिरोसिस या पूरी तरह से लिवर फेलियर का कारण भी बन सकती है।

लिवर खराब कैसे होता है?

                                   

आमतौर पर लिवर खराब होने की प्रक्रिया धीरे-धीरे होती है और इसकी विभिन्न स्टेज होती हैं-

  • शुरुआत में खराब खान-पान, शराब या मोटापे आदि के चलते लिवर में चर्बी जमा होने लगती है। इसे फैटी लिवर डिजीज कहा जाता है।
  • लंबे समय तक फैटी लिवर रहने के कारण लिवर में सूजन आ जाती है और इस स्थिति को हेपेटाइटिस कहा जाता है।
  • यदि हेपेटाइटिस का समय रहते उपचार न कराया जाए, तो लिवर की कोशिकाएं खराब होने लगती हैं और उनमें स्कार यानी निशान बनने लगते हैं। इससे लिवर की कार्यक्षमता कम होने लगती है।
  • गंभीर स्टेज में जब स्कार अधिक संख्या में हो जाते हैं, तो लिवर सिरोसिस हो जाता है। इस स्टेज में लिवर बहुत कमजोर हो जाता है।
  • अन्तिम स्टेज में लिवर ठीक से काम करना बंद कर देता है। इस स्थिति में शरीर में टॉक्सिन जमा होने लगते हैं और प्रभावित मरीज के लिए जान जाने तक का खतरा भी बढ़ जाता है।

कुछ प्रमुख तथ्यः

  • अगर आपका वजन लगातार कम हो रहा है तो यह लिवर खराबी का संकेत भी हो सकता है।
  • लंबे समय तक शराब का सेवन करने से लिवर खराब हो सकता है।
  • अनहेल्दी डाइट भी लिवर से जुड़ी बीमारियों का कारण बन सकती है।

लेखक: डॉ0 दिव्यांशु सेंगर, प्यारे लाल शर्मां, जिला चिकित्सालय मेरठ मे मेडिकल ऑफिसर हैं।