
मोटापा अनेक रोगों को लेकर आता है- Publish Date : 23/02/2026
मोटापा अनेक रोगों को लेकर आता है-
डॉ0 दिव्यांशु सेंगर एवं मुकेश शर्मा
यदि आप भी मोटापे के शिकार हैं तो जल्द से जल्द इसको कम करने के उपाय करें, क्योंकि मोटापे का अर्थ केवल एक बेड़ौल शरीर ही नहीं होता है, बल्कि यह विभिन्न रोगों को दावत देता है। यह बिलकुल सत्य है कि मोटापा अपने साथ बहुत से रोग लेकर आता है। वजन के बढ़ने से आपको हृदय रोग, मधुमेह, कोलेस्ट्रॉल का बढ़ना और हाइपरटेंशन के जैसी समस्याएं बहुत आम होती हैं जिनका शिकार आप भी हो सकते हैं। इसके अलावा मोटापे से ग्रस्त व्यक्ति अच्छा भी महसूस नहीं करते हैं। मोटापे से ग्रस्त व्यक्ति चिड़चिड़ा हो जाता है। आज हमारे स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ0 दिव्यांशु सेंगर आपको जानकारी देने जा रहे हैं मोटापे से होने वाली विभिन्न व्याधियों के सम्बन्ध में-

मधुमेहः
मोटापे के चलते आप डायबिटीज के भी शिकार हो सकते हैं, क्योंकि जब आप अपने आहार में ग्लूकोज की अधिक मात्रा ग्रहण करने लगते हैं तो आप मोटापे का शिकार हो जाते हैं जिसके चलते आपको मधुमेह होने का खतरा भी काफी बढ़ जाता है।
कैंसर:
मोटापे के कारण स्तन कैंसर, पेट का कैंसर एवं आँतों के कैसर होने का खतरा काफी हद तक बढ जाता है। इसके साथ ही हालिया शोधों से ज्ञात हुआ है कि मोटापे की वजह से स्त्रियों में गर्भाश्य का कैंसर भी हो सकता है।
हृदय रोग:
मोटापे के चलते हृदय रोगों का खतरा दोगुना हो जाता है, क्योंकि वजन के बढ़ने के कारण आपका हृदय शरीर के बाकी हिस्सों तक सही तरीके से ब्लड सप्लाई नहीं कर पाता है और इससे दिल का दौरा पड़ने की सम्भावनाएं बनी रहती हैं। मोटापे के कारण आपके हृदय की माँसपेशियों पर अधिक दबाव पड़ता है, जिसके चलते धमनियाँ फैल जाती हैं जो कि आपके हृदय के लिए एक खतरनाक स्थिति होती है।
डिप्रेशन:
मोटापे के कारण लोग अक्सर डिप्रेशन रोग के शिकार भी हो जाते हैं। मोटापे से ग्रस्त लोगों में नकारात्मक सोच बढ़ जाती है और सम्बन्धित व्यक्ति का आत्मविश्वास भी कम हो जाता है। ऐसे लोग हमेशा दुखी रहते हैं और इसकी बजह से लोग कभी-कभी तो आत्महत्या तक भी कर लेते हैं।
आँतों की समस्या:
मोटापे के चलते आँत की कोशिकाओं पर अधिक दबाव पड़ता है। मोटापा बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थ पदार्थों का सेवन करने या अधिक मात्रा में एल्कोहल का सेवन करने से आपकी आँतें कमजोर पड़ जाती है और इससे आपको आँतों से सम्बन्धित बीमारियाँ हो सकती है।
हार्निया:
हार्निया रोग का सबसे प्रमुख कारण मोटापा ही होता है। मोटापे के चलते आपका डायफ्रॉम कमजोर हो जाता है अथवा उसके आकार में वृद्वि हो जाती है, जिसके चलते आप हार्निया का शिकार हो सकते हैं।
हाईपर टेंशन:
अधिकतर मोटापे से ग्रस्त लोग हाईपर टेंशन से ग्रस्त हो जाते हैं। ऐसे में उच्च रक्तचॉप होने के कारण ऐसे लोगों के हृदय की धमनियों रक्त का दबाव तेजी के साथ बढ़ता है जिसके चलते किडनी फेल्योर और हार्ट अटैक आदि समस्याओं का खतरा भी काफी हद तक बढ़ जाता है।
पित्ताश्य सम्बन्धित समस्याएं:
मोटापे से ग्रस्त व्यक्तियों में पित्ताश्य से सम्बन्धित रोगों के होने का खतरा अधिक रहता है। क्योंकि जो लोग हाई ब्ल्ड कोलेस्ट्रॉल को शिकार होते हैं उन्हे पित्ताश्य की पथरी होने के चांसेज भी अधिक होते हैं।
जोड़ों की समस्याएं:
अधिक मोटापे के चलते आपके शरीर का वजन इतना अधिक बढ़ जाता है वह आपके पैरों के लिए भी एक खतरा बन जाता है। मोटापे की समस्या से ग्रस्त अधिकतर लोग जोड़ों के दर्द का शिकार भी हो जाते हैं। ऐसे में इन लोगों को उठने बैठने के समय असहनीय दर्द का सामना करना पड़ता है।

लेखक: डॉ0 दिव्यांशु सेंगर, प्यारे लाल शर्मां, जिला चिकित्सालय मेरठ मे मेडिकल ऑफिसर हैं।
