
मोबाइल के अधिक प्रयोग से लोगों को कार्पल टनल सिंड्रोम का खतरा Publish Date : 08/01/2026
मोबाइल के अधिक प्रयोग से लोगों को कार्पल टनल सिंड्रोम का खतरा
डॉ0 दिव्यांशु सेंगर एवं मुकेश शर्मा
आजकल लोग मोबाइल इतना अधिक प्रयोग करने लगे हैं कि इससे उनके हाथ में दर्द होने लगा है और अब मोबाइल लोगों को बीमार भी बना रहा है।
वर्तमान में मोबाइल मुसीबत का सबब बनता जा रहा है। मोबाइल के लगातार प्रयोग करने से लोग कार्पल टनल सिंड्रोम जैसी परेशानियों के शिकार हो रहे हैं। समस्या की गंभीरता का अंदाजा इससे भी लगाया जा सकता है कि शहर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पी एल शर्मा में बड़ी संख्या में इसके मरीज पहुंच रहे हैं।
जांच के दौरान पता चला अधिक मोबाइल के प्रयोग करने से हथेलियों को जोड़ने वाली आठ हड्डियों के आस-पास सूजन हो गई है। मरीजों में कार्पल टनल सिंड्रोम के लक्षण पाए जा रहे हैं। इस बीमारी में हथेलियों के अंदर मौजूद मीडियन नर्व से खून की सप्लाई सही ढंग से नहीं हो पा रही है, जिससे मरीजों के अंगूठे से लेकर हाथों में असहनीय दर्द हो रहा है। ऐसे कई मरीजों की माइक्रोस्कोपी व इंडोस्कोपी सर्जरी भी की गई है।

मोबाइल चलाना तो ठीक, परन्तु एक नियमित समय तकः न्यूरो साइंस विभागाध्यक्ष ने बताया, मोबाइल के अधिक प्रयोग से अंगूठे से लेकर हाथों तक में दर्द होने लगता है। अतः आपको सलाह दी जाती है कि मोबाइल का प्रयोग कम से कम करें और साथ ही हाथों में हल्का दर्द महसूस होने पर मोबाइल को एकदम अलग रख दें।
उन्होंने कहा, हाथों को बहुत देर तक मोड़ने से भी दर्द होता है इलिए इस स्थिति से भी बचकर ही रहना चाहिए। उन्होंने कहा, यह दर्द अक्सर देर रात उठता है, जिससे घबराहट होने पर मरीज को पसीना भी आ जाता है। 6 माह में ऐसे 322 से अधिक मरीजों पर स्टडी की जा चुकी है।
डायबिटीज, हॉर्मोन ग्रोथ होने पर भी हो सकती कार्पल टनल सिंड्रोम की समस्याः

हमारे स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. दिव्यांशु सेंगर ने बताया ऐसे मरीज जो कि डायबिटीज से पीड़ित होते हैं, या जिनमें हॉर्मोन ग्रोथ की परेशानी बनी रहती हैं। उनमें सामान्य व्यक्ति की अपेक्षा कार्पल टनल सिंड्रोम होने की संभावना अधिक होती है। उन्होंने कहा जरा सा दर्द होने या दिक्क़त होने पर मरीज को अविलम्ब अपने डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। अतः यह महत्वपूर्ण है कि मोबाइल का प्रयोग जितना कम से कम करेंगे, उतना ही आप सुरक्षित रह सकेंगे।

लेखक: डॉ0 दिव्यांशु सेंगर, प्यारे लाल शर्मां, जिला चिकित्सालय मेरठ मे मेडिकल ऑफिसर हैं।
