बाएं कंधे या हाथ के दर्द को न करें अनदेखा      Publish Date : 30/09/2025

                 बाएं कंधे या हाथ के दर्द को न करें अनदेखा

                                                                                                                                                                  डॉ0 दिव्यांशु सेंगर एवं मुकेश शर्मा

किसी भी व्यक्ति को उसके बाएं कंधे या हाथ में होने वाले दर्द की कभी भी अनदेखी बिल्कुल नहीं करनी चाहिए। यह किसी गंभीर बीमारी के लक्षण भी हो सकता हैं। आमतौर पर बाएं कंधे और हाथ में होने वाले दर्द को हम सब नजरअंदाज ही कर देते हैं, लेकिन स्वास्थ्य की दृष्टि से हमें ऐसा बिल्कुल नहीं करना चाहिए। यदि इस दर्द के साथ ही अगर सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ और बहुत अधिक पसीना भी आता है तो यह किसी गंभीर बीमारी की ओर इशारा करता है।

                                                              

अगर आपको अचानक अपने बाए कंधे और हाथ में दर्द होने लगे तो इसके साथ ही आपको कुछ अन्य लक्षणों पर भी ध्यान देना चाहिए, जैसे सांस लेने में परेशानी, सीने में जकड़न और बहुत अधिक पसीना भी आता है तो यह सभी हार्ट अटैक के लक्षण भी हो सकते है। अगर आपको यह सभी लक्षण एक साथ नजर आए तो आपको बिना देरी किए ही अपने डॉक्टर के पास जाना चाहिए।

वह इन सभी संकेत को देखते और समझते हुए समय के रहते ही आपका ट्रीटमेंट शुरू कर सकते हैं। बाएं कंधे और हाथ में दर्द के साथ-साथ यदि आपके सीने में भी दर्द हो रहा है तो यह एंजाइना की ओर इशारा करता है। एंजाइना एक ऐसी समस्या है जिसमें आपके हार्ट को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल पाती है।

                                                               

इसके सम्बन्ध में यदि चिकित्सकों की माने तो अगर हार्ट को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल पाती है तो यह हार्ट अटैक दिल और धड़कनों का अनियंत्रित होना और हार्ट फेल्योर होने का एक संकेत भी हो सकता है।

अतः इन लक्षणों की भी अनदेखी करना सही नहीं होता है कंधे में दर्द का कारण नर्व पर दबाव बनना भी हो सकता है। हृदय संबंधी दर्द छाती की बायीं ओर तथा मध्य पेट के ऊपरी हिस्से में भी हो सकता है। इसके साथ यह दर्द आपके निचले जबड़े तक भी फैल सकता है।

इसके अतिरिक्त आपको अपनी छाती में जलन और बेचैनी भी महसूस हो सकती है तो ऐसा होने पर और इन लक्षणों को महसूस करने पर आपको तुरंत ही किसी योग्य चिकित्सक की सलाह अवश्य ही लेनी चाहिए ताकि आपकी अपनी जान को बचा सकें।

लेखक: डॉ0 दिव्यांशु सेंगर, प्यारे लाल शर्मां, जिला चिकित्सालय मेरठ मे मेडिकल ऑफिसर हैं।