पसीने से बहुत दुर्गंध आना      Publish Date : 25/05/2025

                      पसीने से बहुत दुर्गंध आना

                                                                                                                                            डॉ0 दिव्यांशु सेंगर एवं मुकेश शर्मा  

किसी व्यक्ति के पसीने से अधिक दुर्गन्ध आना जीवनशैली से जुड़ी एक सामान्य समस्या होती है लेकिन इस समस्या का नियमित बने रहना किसी बीमारी का संकेत भी हो सकता है।

गर्मियों में शरीर से पसीने का निकलना एक सामान्य प्रक्रिया है, शरीर की इस क्रिया से हमारे शरीर का तापमान नियंत्रित रहता है। लेकिन यदि किसी व्यक्ति के पसीने से बदबू आने लगे तो यह चिंता का विषय भी हो सकता है। सामान्य रूप से पसीने की अपनी कोई गंध नहीं होती है।

पसीने से बदबू तब आती है, जब पसीना हमारी त्वचा पर मौजूद बैक्टीरिया के संपर्क में आता है। हमारे शरीर में दो प्रकार की ग्रंथियां पसीना बनाती है एक्राइन और एपोक्राइन।

                                                          

एक्राइन ग्रांथियां साफ और गंधहीन पसीना बनाती है जो हमारे शरीर को ठंडा बनाए रखता है। दूसरी और एपोक्राइन ग्रन्थियां जो खासकर बगल में सक्रिय होती है और इनमें बनने वाला पसीना प्रोटीन युक्त होता है, जो बैक्टीरिया के संपर्क में आकर दुर्गंध पैदा करता है।

कुछ विशेष कारणों से भी पसीने की बदबू बढ़ सकती है- साफ-सफाई की कमी, मसालेदार भोजन, हॉर्मोनल असंतुलन, तनाव या कुछ दवाएं। यह कोई गंभीर समस्या नहीं है।

आमतौर पर यह जीवनशैली से जुड़ी एक सामान्य समस्या है। नियमित स्नान करने और खानपान में सुधार कर पसीने की बदबू से बचा जा सकता है। इसके बाद भी यदि पसीने में बदबू की समस्या बनी रहती है तो चिकित्सक को दिखाया जाना चाहिए, क्योंकि यह किसी बीमारी का भी संकेत हो सकता है।

लेखक: डॉ0 दिव्यांशु सेंगर, प्यारे लाल शर्मां, जिला चिकित्सालय मेरठ मे मेडिकल ऑफिसर हैं।