
होम गार्डन में आसानी से उगाए जा सकने वाले फलों के पौधें Publish Date : 15/10/2026
होम गार्डन में आसानी से उगाए जा सकने वाले फलों के पौधें
प्रो0 आर. एस. सेंगर एवं डॉ0 रेशु चौधरी
घर के होम गार्डन के लिए 3 सबसे बेहतरीन और आसानी से उगाए जा सकने वाले फल, अगर आप भी होम गार्डनिंग करने का शौक रखते हैं और अपने घर की छत या बालकनी में फलों के पौधे को लगाने का विचार बना रहे हैं और आपको तलाश है ऐसे पौधों की जिनके माध्यम से आपको अच्छा उत्पादन मिल सकें, तो ऐसे में नींबू, अमरूद, अनार, के पौधे आपके लिए अच्छा विकल्प साबित हो सकते हैं। तो चलिए अब आपको बताते हैं इन पौधों को अपने होमगार्डन में उगाने की पूरी विधि विस्तार से-
आजकल शहरों में लोग होम गार्डनिंग की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं और अपनी वह अपने घर की छतों और बालकनी में अपने हाथों से ताजे और रसायनों से मुक्त फलों को अपने होम गार्डन में उगा रहे हैं। ऐसे में अगर आप भी घरों में फलों के पौधे लगाने के बारे में विचार कर रहे हैं और आपके मन में यह सवाल है कि कौन से पौधों को लगाने से आपको भरपूर फल मिलेंगे। भारत के घरेलू बगीचों के लिए 5 सबसे बेहतरीन और सदाबहार फलों के पौधों की विस्तृत जानकारी, जिन्हें आप आसानी से अपने घर का हिस्सा बना सकते हैं और रसायनमुक्त बेहतरीन फसल प्राप्त कर सकते हैं।
1. नींबू

लगभग प्रत्येक भारतीय रसोई का एक अनिवार्य हिस्सा होता है नींबू। घर के बगीचे के लिए कागजी नींबू या बालाजी किस्म को सबसे अधिक उत्तम माना जाता है। नींबू के पौधों को आप कम जमीन के साथ-साथ 12 से 15 इंच के बड़े गमले में भी आसानी से उगा सकते हैं और नींबू के भरपूर फल प्राप्त कर सकते हैं।
विशेषताएं: नींबू के पौधे को भरपूर धूप (कम से कम 5-6 घंटे) की आवश्यकता होती है। यह पौधा साल में लगभग नौ से दस महीने फल देता रहता है। विटामिन-सी से भरपूर होने के कारण यह आपकी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद साबित होता है।
नींबू के पौधों की उचित देखभालः अगर आप इस पौधे को गमले में लगाने जा रहे हैं तो यह ध्यान रखें कि इसकी मिट्टी में पानी जमा नहीं होना चाहिए और समय-समय पर इसकी हल्की छंटाई करते रहें, जिससे इसमें ज्यादा शाखाएं और अधिक फल आते रहें।
2. अमरूद
अमरूद भारत के सबसे लचीले और तेजी से बढ़ने वाले फलदार पौधों में से एक है। इसकी ग्राफ्टेड (Grafted) या हाइब्रिड किस्में, जैसे कि ‘बिही’या ‘इलाहाबादी सफेदा’छोटे बगीचों के लिए बहुत अच्छी मानी जाती हैं। ऐसे में अगर आप इस पौधे को अपनी घर की छत पर उगाते हैं, तो इस बात का विशेष ध्यान रखें की अमरूद के ग्राफ्टेड पौधे छोटे कंटेनरों में ही उगाने को प्राथमिकता प्रदान करें।
अमरूद के पौधों की विशेषताएं: अमरूद के पौधे की बहुत अधिक रखरखाव करने की आवश्यकता नहीं होती है। यह पौधा अलग-अलग प्रकार की मिट्टी और मौसम को आसानी से सहन कर लेता है।
देखभालः अमरूद के पौधे की बेहतर विकास के लिए साल में दो बार विशेषकर मानसून से पहले और वसंत ऋतु में गोबर की खाद या वर्मीकंपोस्ट का प्रयोग अवश्य करना चाहिए, इससे अमरूद के पौधों का अच्छा विकास होता है।
3. अनार
अनार एक बेहद खूबसूरत झाड़ीनुमा पौधा होता है, जो आपके बगीचे की शोभा बढ़ाने के साथ-साथ आपको बेहद पौष्टिक फल भी देता है। घर या गमलों में उगाने के लिए ‘भगवा’या ‘गणेश’अनार की बेहतरीन किस्में मानी जाती हैं। इस पौधे को उगाने का तरीका है इसकों कम गहराई वाली लेकिन चौड़े स्थानों या बड़े गमलों में ही उगाना अच्छा रहता क्योंकि अनार का पौधा तभी भरपूर मात्रा में फल देता है।
विशेषताएं: अनार का पौधा स्वभाव से गर्मी और आंशिक सूखे को सहन करने वाला होता है। इसके चमकीले लाल फूल और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर रसीले दाने हर बागबान की पहली पसंद होते हैं।
देखभालः अनार के पौधे को अच्छी धूप वाले स्थान पर रखना चाहिए। जब गमले की ऊपरी मिट्टी सूखी दिखे, तभी इसमें पानी लगा देना चाहिए। अधिक पानी देने से अनार के फल फटने लगते हैं।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।