
धान-गेहूं छोड़ केले की खेती से बढ़ाई आमदनी Publish Date : 15/11/2026
धान-गेहूं छोड़ केले की खेती से बढ़ाई आमदनी
प्रो0 आर. एस. सेंगर एवं डॉ0 रेशु चौधरी
इटावा के किसान जितेंद्र कुमार पाठक ने धान-गेहूं की पारंपरिक खेती छोड़कर केले की खेती को अपनी कमाई का मॉडल बनाया है। 2 एकड़ से शुरू उनकी केले की खेती 5.5 एकड़ तक पहुंच गई है।

इटावा के मेंढी दूधी गांव के किसान जितेंद्र कुमार पाठक ने करीब चार साल पहले केले की खेती शुरू की थी। वह जी9 टिश्यू कल्चर केले की खेती कर रहे हैं। उनके खेती के मॉडल की खासियत केला ही नहीं, बल्कि उसके साथ सहफसली खेती भी है। केले के पौधों के बीच वह पत्तागोभी, फूलगोभी, मूली और धनिया जैसी फसलें लेते हैं, और साल भर में बेहतर आमदनी प्राप्त करते हैं।
पत्तागोभी से लाखों की कमाई
जितेंद्र बताते हैं, एक एकड़ में करीब 20 हजार पत्तागोभी के पौधे लगाए जा सकते हैं। एक पौधे से औसतन 5 रुपये की आय मान लें तो करीब एक लाख रुपये की पत्तागोभी निकल आती है। पत्तागोभी की दो फसलें भी ली जा सकती हैं। पहली फसल सितंबर में लगाकर करीब 90-100 दिन में खेत खाली हो जाता है, जबकि दूसरी फसल दिसंबर में लगाई जाती है।
एक एकड़ से 5 लाख रुपये के केले
जितेंद्र बताते हैं, केले की एक एकड़ फसल की बिक्री करीब 5 लाख रुपये तक हो जाती है। उन्होंने बताया कि एक एकड़ में लगभग 1,000 पौधे लगाए जाते हैं। उनके पिछले अनुभव में केले का भाव करीब 12 से 18 रुपये किलो के बीच रहा और पौधों से औसतन 25-38 किलो तक उत्पादन मिला। आगे वह बताते हैं, एक एकड़ में केले की लागत करीब एक लाख रुपये तक आती है। वहीं, दूसरे साल रेटून फसल में लागत काफी कम हो जाती है क्योंकि दोबारा पौधे लगाने की जरूरत नहीं पड़ती।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।