ईंधन की नई राह हरित ऊर्जा की ओर      Publish Date : 28/11/2026

      ईंधन की नई राह हरित ऊर्जा की ओर

                                                                                                               प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग, बढ़ते प्रदूषण और ऊर्जा की बढ़ती मांग के बीच वैकल्पिक ईंधन और स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। हाइड्रोजन, जैव-इंधन, सौर ऊर्जा, विद्युत वाहन और अन्य वैकल्पिक ऊर्जा तकनीकें पारंपरिक जीवाश्म ईंधनों के स्वच्छ विकल्प के रूप में उभर रही हैं। भारत में ई-20 पेट्रोल भी इसी दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।

जलवायु परिवर्तन आज पूरी दुनिया के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। बढ़ता तापमान, वायु प्रदूषण, ग्रीनहाउस गैसों का बढ़ता उत्सर्जन और जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता ने ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों की खोज को अनिवार्य बना दिया है। ऐसे में विज्ञान और प्रौद्योगिकी न केवल स्वच्छ ऊर्जा के विकल्प विकसित कर रहे हैं, बल्कि मौजूदा संसाधनों के अधिक कुशल और पर्यावरण-अनुकूल उपयोग के रास्ते भी खोल रहे हैं।

भारत भी इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। पेट्रोल में एथेनॉल का मिश्रण, जैव-इंधन, हरित हाइड्रोजन, सौर ऊर्जा, विद्युत वाहन और अपशिष्ट से उपयोगी उत्पाद तैयार करने जैसी पहलें ऊर्जा सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

E20 पेट्रोल : अवसर और चुनौतियाँ

                               

भारत में ई-20 पेट्रोल को लेकर हाल के दिनों में काफी चर्चा हुई है। ई-20 पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल और 80 प्रतिशत पेट्रोल होता है। इसका प्रमुख उद्देश्य पेट्रोलियम आयात पर निर्भरता कम करना, ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करना, कार्बन उत्सर्जन को कम करना और कृषि क्षेत्र को अतिरिक्त आर्थिक अवसर प्रदान करना है।

एथेनॉल गन्ने और अनाज जैसे कृषि स्रोतों से तैयार किया जाता है। इसके बढ़ते उपयोग से किसानों के लिए अतिरिक्त बाजार और आय के अवसर पैदा होते हैं। एथेनॉल का ऑक्टेन नंबर भी अच्छा होता है, जिससे ई-20 के लिए डिजाइन किए गए आधुनिक इंजनों में बेहतर दहन और प्रदर्शन प्राप्त किया जा सकता है।

हालांकि, ई-20 के कुछ पहलुओं को लेकर उपभोक्ताओं के बीच चिंताएँ भी हैं। एथेनॉल की ऊर्जा घनत्व पेट्रोल से कम होती है, इसलिए समान दूरी तय करने में ईंधन की खपत कुछ बढ़ सकती है और माइलेज में कमी महसूस हो सकती है। पुराने या ई-20 के लिए अनुकूलित नहीं किए गए वाहनों में रबर सील, प्लास्टिक पाइप और कुछ धातु के हिस्सों पर लंबे समय में प्रभाव पड़ने की आशंका भी हो सकती है।

इसी संदर्भ में रायपुर जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग का जुलाई 2026 का एक फैसला चर्चा में आया। एक वाहन मालिक ने शिकायत की थी कि ई-20 पेट्रोल के इस्तेमाल के बाद उसकी कार में इंजन संबंधी समस्याएँ, बार-बार मिसफायरिंग और दक्षता में कमी जैसी परेशानियाँ सामने आईं। वाहन को कई बार अधिकृत सर्विस सेंटर ले जाया गया।

आयोग ने बिक्री के समय ग्राहक को ई-20 ईंधन के लिए वाहन की उपयुक्तता के बारे में स्पष्ट जानकारी न दिए जाने को सेवा में कमी माना और वाहन निर्माता एवं डीलर को राहत देने के निर्देश दिए।

यह मामला इस बात की ओर ध्यान आकर्षित करता है कि नई ईंधन तकनीक के साथ उपभोक्ता जागरूकता और वाहन निर्माता की स्पष्ट सूचना भी उतनी ही आवश्यक है।

वाहन खरीदते समय उपभोक्ता को यह देखना चाहिए कि वाहन ई-20 ईंधन के लिए अनुकूल है या नहीं। इसके लिए वाहन के फ्युअलिडिड, युजर मैनुअल या निर्माता द्वारा दी गई तकनीकी जानकारी देखी जा सकती है। E20 या E20 Ready का उल्लेख वाहन की अनुकूलता का संकेत हो सकता है।

वाहन के नियमित रखरखाव पर भी ध्यान देना जरूरी है। फ्यूल इंजेक्टर, फ्यूल लाइन, फ्यूल पंप और फ्यूल फिल्टर की समय-समय पर जाँच करानी चाहिए। ईंधन हमेशा विश्वसनीय पेट्रोल पंप से लेना चाहिए। सही टायर प्रेशर बनाए रखने और स्मूध ड्राइविंग से ईंधन दक्षता बेहतर रखी जा सकती है।

पीएनजी और एलपीजी : अंतर समझना जरूरी

शहरी क्षेत्रों में पाइप्ड नेचुरल गैस यानी पीएनजी का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। लेकिन एलपीजी और पीएनजी के बीच अंतर को लेकर अभी भी आम लोगों में भ्रम है।

पीएनजी और एलपीजी एक जैसी गैसें नहीं हैं और इनके लिए अलग-अलग प्रकार के बर्नर तथा उपकरणों की आवश्यकता होती है। पीएनजी में मुख्य रूप से मीथेन होती है और यह हवा से हल्की होती है, जबकि एलपीजी में मुख्यतः प्रोपेन और ब्यूटेन जैसी गैसें होती हैं और यह हवा से भारी होती है।

इसी कारण दोनों गैसों के बर्नर, नोजल, मिक्सिंग ट्यूब और गैस प्रेशर की डिजाइन अलग होती है। एलपीजी स्टोव में स्थानीय स्तर पर जुगाड़ करके पीएनजी का इस्तेमाल करना सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। इसलिए पीएनजी के लिए प्रमाणित और मानक अनुरूप स्टोव तथा बर्नर का ही उपयोग किया जाना चाहिए।

यहाँ यह भी समझना जरूरी है कि पाइपलाइन से घरों तक पहुँचने वाली प्राकृतिक गैस को पीएनजी कहा जाता है, जबकि इसी प्राकृतिक गैस को उच्च दबाव पर संपीड़ित करके वाहनों में उपयोग किया जाए तो उसे सीएनजी कहा जाता है। दोनों का मूल स्रोत प्राकृतिक गैस ही है।

प्रदूषण और पराली से समाधान

जलवायु परिवर्तन और वायु प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए केवल स्वच्छ ईंधन विकसित करना पर्याप्त नहीं है। अपशिष्ट और कृषि अवशेषों का उपयोग भी महत्वपूर्ण है।

सीएसआईआर की विभिन्न प्रयोगशालाओं में इस दिशा में कई महत्वपूर्ण शोध हो रहे हैं। भोपाल स्थित सीएसआईआर-एएमपीआरआई में पराली से पार्टिकल बोर्ड जैसे उपयोगी उत्पाद तैयार करने पर काम किया गया है। इसी प्रकार CSIR-Central Road Research Institute (CRRI) ने सीएसआईआर-आईईिपी के साथ मिलकर पराली से बायो-बिटुमन तैयार करने की दिशा में कार्य किया है।

यदि पराली को जलाने के बजाय उससे सड़क निर्माण के लिए उपयोगी सामग्री तैयार की जाए तो इससे किसानों के लिए अतिरिक्त उपयोगिता पैदा होने के साथ-साथ वायु प्रदूषण को कम करने में भी मदद मिल सकती है।

अपशिष्ट प्लास्टिक का सड़क निर्माण में उपयोग भी इसी सोच का उदाहरण है। दिल्ली-नोएडा-डायरेक्ट हाईवे के कुछ हिस्सों में अपशिष्ट प्लास्टिक के उपयोग का उदाहरण यह दिखाता है कि वैज्ञानिक अनुसंधान किस तरह कचरे को उपयोगी संसाधन में बदल सकता है।

वास्तव में 'वेस्ट टू वेल्थ' की अवधारणा पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक विकास को एक साथ जोड़ती है।

पेट्रोलियम से वैक्स तक : उप-उत्पाद का आर्थिक मूल्य

पेट्रोलियम अनुसंधान का लाभ केवल ईंधन तक सीमित नहीं है। पेट्रोलियम उद्योग से प्राप्त उप-उत्पादों का उपयोग कॉस्मेटिक्स, स्वास्थ्य, रसायन, लुब्रिकेंट और अनेक अन्य क्षेत्रों में किया जाता है।

पेट्रोलियम जेली या वैसलीन इसका सामान्य उदाहरण है। इसमें पेट्रोलियम वैक्स और मिनरल ऑयल का उपयोग किया जाता है।

असम की नुमालीगढ़ रिफाइनरी में आने वाले कच्चे तेल में वैक्स की मात्रा अधिक होने के कारण पाइपलाइन और रिफाइनरी संचालन में समस्या आती थी। पहले इस वैक्स को हाइड्रोजन की सहायता से डीजल में परिवर्तित किया जाता था।

शोध के माध्यम से यह तरीका विकसित किया गया कि वैक्स को पहले ही अलग कर उपयोगी उत्पाद के रूप में प्राप्त किया जाए। इससे न केवल वैक्स के आयात को कम किया गया, बल्कि बाद में उसी रिफाइनरी से वैक्स का निर्यात भी संभव हुआ। इससे ऊर्जा की बचत के साथ आर्थिक लाभ भी हुआ और रिफाइनरी के लाभ में पहले ही वर्ष लगभग 77 करोड़ की वृद्धि हुई।

यह उदाहरण दिखाता है कि वैज्ञानिक अनुसंधान किसी उप-उत्पाद को भी मूल्यवान आर्थिक संसाधन में बदल सकता है।

हरित ऊर्जा : सबसे पहले खपत कम करना

हरित ऊर्जा के भविष्य की चर्चा करते समय केवल सौर ऊर्जा, हाइड्रोजन या अन्य ऊर्जा स्रोतों की बात करना पर्याप्त नहीं है। ऊर्जा की अनावश्यक खपत कम करना भी हरित ऊर्जा की दिशा में पहला कदम है। हमारे द्वारा खरीदी जाने वाली प्रत्येक वस्तु के पीछे ऊर्जा और संसाधनों की एक लंबी श्रृंखला होती है। उदाहरण के लिए, एक कपास की शर्ट तैयार करने में खेती, परिवहन, कपड़ा निर्माण, सिलाई, पैकेजिंग, परिवहन और खुदरा बिक्री तक अनेक स्तरों पर ऊर्जा खर्च होती है।

स्वच्छ ऊर्जा और आत्मनिर्भर भारत की राह

                               

वैकल्पिक ईंधन, ई-20 पेट्रोल, जैव-इंधन, सौर ऊर्जा, हरित हाइड्रोजन, अपशिष्ट से उपयोगी उत्पाद, ऊर्जा-कुशल तकनीक और दीप-टेक आधारित स्टार्टअप-ये सभी अलग-अलग पहल नहीं हैं। ये एक ऐसे व्यापक परिवर्तन का हिस्सा हैं, जिसमें भारत ऊर्जा सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, तकनीकी आत्मनिर्भरता और आर्थिक विकास को एक साथ आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहा है।

भविष्य की ऊर्जा व्यवस्था केवल अधिक ऊर्जा पैदा करने पर आधारित नहीं होगी, बल्कि कम ऊर्जा में अधिक काम करने, स्वच्छ स्रोतों का अधिक उपयोग करने, अपशिष्ट को संसाधन में बदलने और वैज्ञानिक अनुसंधान को समाज तथा बाजार की जरूरतों से जोड़ने पर आधारित होगी।

यही दृष्टिकोण भारत को एक स्वच्छ, आत्मनिर्भर और नवाचार-आधारित अर्थव्यवस्था की ओर ले जा सकता है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी इस यात्रा के केंद्र में हैं और सीएसआईआर जैसे संस्थान इस परिवर्तन को प्रयोगशाला से समाज तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

इसलिए किसी वस्तु को केवल इसलिए नहीं बदलना चाहिए कि वह पुरानी हो गई है। जब तक वह उपयोगी है, उसका अधिक समय तक इस्तेमाल किया जाना भी संसाधनों और ऊर्जा की बचत का एक तरीका है।

दूसरा महत्वपूर्ण कदम सौर ऊर्जा को बढ़ावा देना है। घरों में संभव हो तो सोलर पैनल लगाए जाएं। ऊर्जा-कुशल और अधिक स्टार रेटिंग वाले उपकरणों का इस्तेमाल किया जाए। स्मार्ट मीटर और ऊर्जा-कुशल तकनीकों को अपनाया जाए।

शुरुआत में ऊर्जा-कुशल उपकरणों पर थोड़ा अधिक खर्च हो सकता है, लेकिन लंबे समय में इससे बिजली की बचत होती है और पर्यावरण पर दबाव भी कम होता है।

डीप-टेक और स्टार्टअप : विकसित भारत की नई शक्ति

भारत में स्टार्टअप इकोसिस्टम तेजी से विकसित हो रहा है। आज के युवा केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं हैं, बल्कि नए विचारों, आविष्कारों और तकनीकी समाधानों के साथ रोजगार पैदा करने वाले उद्यमी भी बन रहे हैं।

डॉ. अंजन रे के अनुसार, 1980 के दशक के भारत और आज के भारत के उच्च शिक्षण संस्थानों के वातावरण में बड़ा परिवर्तन आया है। आज युवा शोध और नवाचार को स्टार्टअप के रूप में आगे बढ़ाने के अवसर देख रहे हैं।

डीप-टेक इस बदलाव का महत्वपूर्ण हिस्सा है। रक्षा, अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा, सेमीकंडक्टर, स्वास्थ्य और कृषि जैसे क्षेत्रों में वैज्ञानिक अनुसंधान आधारित तकनीकों की आवश्यकता है।

दीप-टेक का उद्देश्य केवल नई तकनीक विकसित करना नहीं, बल्कि गहन अनुसंधान के माध्यम से ऐसे समाधान विकसित करना है जो कम लागत वाले हों, पर्यावरण पर कम प्रभाव डालें और समाज के अंतिम व्यक्ति तक अधिक लाभ पहुँचा सकें।

इसके लिए वैज्ञानिक संस्थानों, विश्वविद्यालयों, उद्योगों, स्टार्टअप और निवेशकों के बीच बेहतर तालमेल आवश्यक है।

ज्ञान से आर्थिक विकास तक

भारत में विज्ञान और नवाचार की यात्रा अब प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं रह गई है। हल्दी और नीम से पारंपरिक ज्ञान से जुड़े पेटेंट विवादों से लेकर आधुनिक दीप-टेक स्टार्टअप तक, भारत ने यह दिखाया है कि ज्ञान को आर्थिक शक्ति में बदला जा सकता है।

सीएसआईआर के पूर्व महानिदेशक डॉ. रघुनाथ अनंत माशेलकर की यह सोच कि आने वाला समय ऐसा होगा जब भारतीय 'सरस्वती की आराधना करेंगे और लक्ष्मी का उपार्जन करेंगे', आज ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था के संदर्भ में और भी प्रासंगिक दिखाई देती है।

वैज्ञानिक ज्ञान तभी अधिक प्रभावी बनता है जब वह प्रयोगशाला से निकलकर समाज तक पहुँचे, उद्योग में उपयोग हो, नए उत्पाद और सेवाएँ विकसित करे तथा रोजगार के अवसर पैदा करे।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।