जलवायु परिवर्तन के कारण तापमान बढ़ने का बढ़ रहा है खतरा      Publish Date : 12/11/2026

जलवायु परिवर्तन के कारण तापमान बढ़ने का बढ़ रहा है खतरा

                                                                                                               प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

जलवायु परिवर्तन का खतरा अपभ्रंश की चिंता नहीं बल्कि आज की हकीकत बन चुका है। वैश्विक तापमान में बढ़ोतरी अब उस स्तर के बेहद करीब पहुंच चुकी है जिससे वैज्ञानिक जलवायु संकट का अहम पड़ाव मानने लगे हैं। नए अध्ययन के अनुसार, लगभग पूरी धरती औद्योगिक युग से पहले के स्तर की तुलना में लगभग 1.5 डिग्री सेल्सियस तक वर्ष 2025 के अंत में ही गर्म हो गई थी, इसका मतलब है कि दुनिया के कई हिस्से पहले ही उस तापमान के बेहद करीब पहुंच चुके हैं जिससे पार करने से बचने के लिए वैश्विक प्रयास किए जा रहे हैं।

                                 

गौरतलब है कि लगभग 200 देशों ने 2015 मैं पेरिस समझौता अपनाया था। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि जलवायु परिवर्तन के सबसे गंभीर प्रभावों से बचने के लिए वैश्विक तापमान वृद्धि को औद्योगिक युग से पहले के स्तर की तुलना में 1.5°C से अधिक नहीं बढ़ने दिया जाए। नेचर क्लाइमेट चेंज पत्रिका में प्रकाशित इस अध्ययन में औद्योगिक योग से पहले के समय की तुलना में दुनिया के अलग-अलग क्षेत्रों में तापमान वृद्धि का आंकलन किया गया है।

कनाडा के यूनिवर्सिटी ऑफ विक्टोरिया के पैसिफिक क्लाइमेट इम्पेक्स कंसोटियम के शोधकर्ता टॉंग ली ने कहा कि क्षेत्रीय स्तर पर भी तापमान वृद्धि 1.5 डिग्री वाली स्थिति के करीब है।

पूरे देश में लगातार बढ़ रहे वायु प्रदूषण के कारण लोग परेशान हैं। वहीं दिल्ली के आस-पास के क्षेत्र में वायु प्रदूषण दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है जिसके कारण हवा की गुणवत्ता खराब होती जा रही है। प्रदूषण को बाहर निकालने के लिए जिस मौसम में हालात की जरूरत है उसका अभी इंतजार लोगों को है। लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी जरूर होगी, लेकिन इससे एनसीआर के प्रदूषण पर बड़ी राहत की संभावना नहीं है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अगले 3 4 दिनों तक दिल्ली की हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच सकती है।

इस दौरान हवा की गति 10 से 15 km प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। प्रदूषित तत्वों को तेजी से बिखेरने के लिए इससे अधिक गति वाली हवा की जरूरत होती है। अभी हवा की रफ्तार कम रहने एवं वातावरण में प्रदूषित तत्वों के टिके रहने के कारण स्थिति में बड़ा बदलाव नहीं आ पा रहा है।

                                           

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 13 नवंबर तक पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में कई स्थानों पर बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसलिए सभी लोगों को प्रयास करना चाहिए कि वायु प्रदूषण से अपने को बचाकर रखें और ग्लोबल वार्मिंग के कारण बढ़ रहे तापमान को कम करने के लिए ईकोफ्रेंडली उपायों को अपनाएं, जिससे कि भविष्य में जीवन को सुरक्षित रखा जा सके।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।