तापमान में लगातार हो रही है बढ़ोतरी के चलते बढ़ रहा है लू का खतरा      Publish Date : 10/04/2025

तापमान में लगातार हो रही है बढ़ोतरी के चलते बढ़ रहा है लू का खतरा

                                                                                                                          प्रोफसर आर. एस. सेंगर

आखिर क्यों पड़ रही है इतनी गर्मी

                                                    

सूरज की तपिश लगातार मौसम के मिजाज को गर्म रही है। इस तपिश के कारण लोगों को अभी से परेशानी होने लगी है और अभी से लोग एसी का सहारा लेने लगे हैं। हालत यह हो गई है उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा आसपास के राज्यों जैसे मध्य प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और पंजाब जैसे मैदानी राज्यों में भी गर्मी की तपन लगातार बढ़ रही है। केवल इतना ही नहीं गर्मी पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में भी लोगों की समस्या को बढ़ा रही है।

दिल्ली में येलो अलर्ट के बीच तेज धूप के कारण लोग परेशान रहे। मौसम विभाग की माने तो अभी अगले दो दिन और लू का सितम जारी रहेगा।

                                                       

इसके बाद तापमान में आंशिक गिरावट आने का पूर्वानुमान है, इस दौरान 8 से 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के बीच बीच में चली गर्म हवाएं भी हालत खराब कर रही हैं। दिल्ली में इस सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास अप्रैल में ही पहुंच गया है जो कि अक्सी मई में देखा जाता था।

इसके सम्बन्ध में सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के प्रोफेसर आर. एस. सेंगर का  कहना है कि अप्रैल में ही इस साल इतनी अधिक गर्मी पड़ने का कारण जलवायु परिवर्तन एवं ग्लोबल वार्मिंग आदि का प्रभाव तो है ही, इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ का अभाव भी है। मार्च के महीने में 90 प्रतिशत तक कम वर्षा दर्ज की गई है, तो अप्रैल माह में भी अभी तक एक बूंद भी आसामन से नहीं बरसी है।

इस पर भी हवा की दिशा अब दक्षिण पूर्वी हो गई है ऐसे में राजस्थान की ओर से आ रही गर्म हवा और अधिक गर्मी को बढ़ा रही है। यही कारण है कि अप्रैल के महीने से ही तपिश लगातार बढ़ती जा रही है और यदि प्रदूषण का यही हाल रहा तो इस बार गर्मी अपने चरम पर रहेगी, जिससे पशु, पक्षी, मानव जीवन और फसलें भी बुरी तरह प्रभावित होंगी।

कब बनती है लू वाली स्थिति

जब तापमान में लगातार बढ़ोतरी होती रहती है और अधिकतम तापमान 40 डिग्री और उससे ऊपर पहुंच जाता है और यह सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस ऊपर तक रहता है तो यह स्थिति लू की स्थिति के लिए जानी जाती है और इससे लोगों को बचकर रहने की सलाह दी जाती है।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।