
आलू की फसल में बीमारी और कीटों का खतरा: बचाव का तरीका Publish Date : 26/11/2026
आलू की फसल में बीमारी और कीटों का खतरा: बचाव का तरीका
प्रो0 आर. एस. सेंगर एवं गरिमा शर्मा
देश में इस समय रबी फसल की तैयारी चल रही है। ऐसे में अगर आपने अपने खेतों में आलू की पैदावार की है, तो यह लेख आपके लिए बेहद ही खास है। अक्सर देखा जाता है कि आलू की फसलों में बीमारी लगने का अधिक खतरा बना रहता है। ऐसे में हर किसान के मन में बस यह सवाल रहता है कि फसल का बचाव कैसे करें?
देश में आलू की खेती बड़े पैमाने पर की जाती है और यह एक ऐसी सब्जी जिसकी मांग 12 माह बाजारों में बनी रहती है। यानी कि आलू की पैदावार कर किसानों को अच्छी इनकम हो जाती है। ऐसे में इस रबी सीजन आपने अपने खेतों में आलू की बुवाई की है, तो अपनी फसलों को खाद, उर्वरक समय पर देते रहें, क्योंकि इस मौसम में फसल को बीमारी लगने का अधिक खतरा रहता है। अगर आपको इस बात की बिल्कुल भी जानकारी नहीं है कि कैसे कीटों से फसल की सुरक्षा करें, तो लेख को पूरा पढ़ें और बचाव के तरीका जानें।

बीज उपचार से करें आलू की फसल की शुरुआत
अगर आप आलू की खेती कर रहे हैं और अच्छी पैदावार प्राप्त करना चाहते हैं, तो सबसे पहले स्वस्थ और प्रमाणित बीज का चुनाव करें, क्योंकि कई बार किसान भाई बीज का बिना उपचार किए आलू की बुवाई कर देते हैं और इसका परिणाम होता है कि फसलों में रोग लगने का खतरा अधिक बढ़ जाता है। ऐसे में कई किसानों को नुकसान का भी सामना करना पड़ता है। इसलिए हमेशा ध्यान रखें की आलू की बुवाई से पहले बीज उपचार करें, ताकि अच्छी उपज प्राप्त होती रहें।
आलू में पछेती झुलसा रोग का खतरा क्यों होता हैं?
सर्दियों के मौसम में आलू की फसल में लेट ब्लाइट यानी पछेती झुलसा रोग का खतरा बढ़ जाता है। खासकर जब वातावरण में नमी अधिक हो, आसमान में लगातार बादल छाए रहें और तापमान बीमारी के अनुकूल हो, तब यह रोग तेजी से फैल सकता है। ऐसे में किसान भाई आलू के पौधों की नियमित निगरानी करें और पछेती झुलसा रोग की पहचान किसान पौधों की पत्तियों पर भूरे या काले रंग के धब्बे से कर सकते हैं। अगर ये लक्षण आपकी फसल में नजर आए तो तुरंत निरीक्षण करें और कृषि विशेषज्ञ से उचित सलाह लें।
पछेती झुलसा रोग से बचाव के लिए क्या करें?

आलू की फसल में पछेती झुलसा रोग के लक्षण दिखाई देने पर कृषि विशेषज्ञों की सलाह से उचित फफूंदनाशक का इस्तेमाल किया जा सकता है। ऐसे में किसान कृषि विशेषज्ञ की सलाह से इंडोफिल एम-45 (मैन्कोजेब) का 2 ग्राम प्रति लीटर पानी की दर से घोल बनाकर आलू की फसलों में छिड़काव कर सकते हैं।
हालांकि, दवा का इस्तेमाल करने से पहले उसके लेबल पर दिए गए निर्देशों को जरूर पढ़ें। फसल की अवस्था, रोग की स्थिति और क्षेत्र में पंजीकृत उपयोग के अनुसार ही दवा का प्रयोग करें।
आलू की फसल को कीटों से कैसे बचाएं?
आलू की खेती में सिर्फ बीमारियां ही नहीं, बल्कि कई तरह के कीट भी नुकसान पहुंचाते हैं। कीटों के प्रकोप से पौधों की पत्तियां प्रभावित हो सकती हैं और फसल की बढ़वार पर भी असर पड़ सकता है। ऐसे में किसानों को समय-समय पर पौधों की पत्तियों के नीचे और तनों की जांच करनी चाहिए। अगर पत्तियों पर कीट दिखाई देते हैं या पौधों में असामान्य लक्षण नजर आते हैं तो सबसे पहले कीट की सही पहचान करें। इसके बाद कृषि विशेषज्ञ की सलाह से क्यूरक्रोम नामक दवा का 2 मिलीलीटर प्रति लीटर पानी की दर से पौधों में इस्तेमाल करें।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।