
गमले या ग्रो-बैग में उगाएं लोबिया घर बैठे पाएं पौष्टिक हरी सब्जी Publish Date : 09/10/2026
गमले या ग्रो-बैग में उगाएं लोबिया घर बैठे पाएं पौष्टिक हरी सब्जी
प्रो0 आर. एस. सेंगर एवं गरिमा शर्मा
लोबिया को लॉन्ग बीन्स या बरबटी के नाम से भी जाना जाता है। यह पौष्टिक हरी सब्जी होती है, जिसमें फाइबर, विटामिन-A, विटामिन-C, फोलेट, आयरन, कैल्शियम और पोटेशियम भरपूर मात्रा में उपलब्ध पाए जाते हैं। इसका नियमित सेवन करना आपके पाचन तंत्र को बेहतर बनाता है। इसका सेवन वजन का नियंत्रण, रक्त शर्करा के स्तर को संतुलित रखने तथा हड्डियों और हृदय स्वास्थ्य को मजबूत करने में सहायक सिद्व होता है। यह तेजी से बढ़ने वाली एक बेलदार फसल है, जिसे आप अपने घर के बगीचे में भी आसानी से उगा सकते हैं।

-
गमले या ग्रो-बैग का उपयोगः लोबिया उगाने के लिए आपको 12 इंच का गमला या ग्रो-बैग चाहिए होता है, जिसमें एक इंच गहराई पर बीज बोएं। बेल बढ़ने लगे तो बांस, जाली या रस्सी का बेल को सहारा देने से वह अच्छी तरह से बढ़ती है।
लोबिया की अच्छी वृद्धि के लिए अपनाएं यह तीन उपाय
-
सामान्य मिट्टी में वर्मी कंपोस्ट या सड़े गोबर की खाद तथा थोड़ी नीम खली मिलाएं। अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी रखें, ताकि पानी न ठहराव न हो। अच्छी बढ़वार और अधिक फलत के लिए हर 15 दिन में जैविक खाद या तरल खाद की हल्की मात्रा पौधों को अवश्य दें।
-
पौधे को प्रतिदिन 6-8 घंटे की सीधी धूप मिलना सुनिश्चित् करें। मिट्टी में हल्की नमी बनाए रखें, लेकिन गमले में जलभराव न होने दें, वरना लोबिया की जड़ें सड़ सकती हैं।
कब तोड़ें फलियां

लोबिया की फलियां 12 से 18 इंच लंबी और कोमल रहते हुए ही तोड़ें। अधिक समय तक बेल पर छोड़ने से यह फलियां सख्त हो जाती हैं, जिससे उनका स्वाद घटता है और नई फलियों का विकास भी प्रभावित हो जाता है।
लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।