
भयंकर गर्मी की मार से झुलस रही सब्जी फसलों के बचाव के उपाय Publish Date : 20/05/2026
भयंकर गर्मी की मार से झुलस रही सब्जी फसलों के बचाव के उपाय
प्रोफेसर आर. एस. सेंगर एवं गरिमा शर्मा
भयंकर गर्मी की मार से झुलस रही हैं हरी सब्जियां, इस तरीके से करें अपनी फसलों का बचाव-
Summer Season Crop Safety: भीषण गर्मी और लू के कारण खेतों में खड़ी लौकी, तोरई और कद्दू जैसी सब्जियां झुलस रही हैं। इनसे बचाव के लिए सुबह या शाम को सिंचाई करें।
मई और जून के महीनों में पड़ने वाली रिकॉर्डतोड़ गर्मी और लू के थपेड़ों ने आम लोगों के साथ-साथ किसानों को भी बेहाल कर दिया है। आसमान से बरसती आग के कारण खेतों में खड़ी हरी सब्जियां बुरी तरह झुलसने लगी हैं। इस कड़कड़ाती धूप का सबसे ज्यादा बुरा असर लौकी, तोरई, कद्दू और करेले जैसी बेलदार फसलों पर देखने को मिल रहा है।

तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण इन सब्जियों के पौधे सूख रहे हैं जिससे किसानों की लागत डूबने का खतरा पैदा हो गया है। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार इस मौसम में फसलों को बचाने के लिए सबसे जरूरी चीज है सिंचाई का सही तरीका और सही समय चुनना। दोपहर की तेज धूप में भूलकर भी खेतों में पानी नहीं लगाना चाहिए।
गर्मी के मौसम में फसलों की सिंचाई हमेशा सुबह के वक्त सूरज निकलने से पहले या फिर शाम को सूरज ढलने के बाद ही करनी चाहिए। इस समय तापमान थोड़ा कम होता है जिससे पानी जल्दी भाप बनकर नहीं उड़ता और पौधों की जड़ों को पर्याप्त नमी मिल जाती है। दोपहर में पानी देने से फसलें सड़ सकती हैं।

खेतों में नमी को लंबे समय तक बनाए रखने के लिए मल्चिंग तकनीक का इस्तेमाल करना इस वक्त सबसे बेस्ट उपाय है। इसके तहत पौधों की जड़ों के आसपास की जमीन को सूखी घास, पुआल या प्लास्टिक शीट से ढक दिया जाता है। यह लेयर सीधे तौर पर धूप को मिट्टी तक नहीं पहुंचने देती, जिससे बार-बार पानी देने की जरूरत नहीं पड़ती।
लू के सीधे अटैक से सब्जियों को बचाने के लिए खेतों के चारों तरफ हरी नेट या फिर ऊंची फसलों जैसे बाजरा या मक्का की ओट लगानी चाहिए। यह प्राकृतिक दीवार का काम करती है और गर्म हवाओं की रफ्तार को कम करके अंदर खड़ी नाजुक सब्जियों को सुरक्षित रखती है. इससे पौधों के झुलसने का रिस्क काफी कम हो जाता है।
इस भीषण गर्मी में पौधों को एक्स्ट्रा न्यूट्रिशन की जरूरत होती है जिससे वे मौसम की मार को झेल सकें। इसके लिए रासायनिक खाद की जगह पूरी तरह से जैविक खाद या लिक्विड कंसंट्रेट का छिड़काव करें। शाम के समय किया गया हल्का स्प्रे पौधों को तुरंत एनर्जी देता है और उनकी पत्तियों में हरापन बनाए रखने में मदद करता है।
अगर किसान भाई इन छोटी-छोटी लेकिन बेहद काम की मॉडर्न तकनीकों को समय रहते अपने खेतों में अपना लें तो वे इस जानलेवा गर्मी में भी अपनी हरी सब्जियों को सुरक्षित रख सकते हैं। सही देखभाल से न सिर्फ फसलों का बचाव होगा, बल्कि मार्केट में हरी सब्जियों की अच्छी कीमत मिलने से आपकी जेब भी भरी रहेगी।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
