
गर्मियों में अच्छा मुनाफा देने वाली सब्जी फसलें Publish Date : 25/03/2025
गर्मियों में अच्छा मुनाफा देने वाली सब्जी फसलें
प्रोफेसर आर. एस. सेंगर एवं डॉ0 रेशु चौधरी
गर्मियों में इन सब्जियों की खेती से मिलेगा अधिक मुनाफा, पानी की कम लागत बढ़ाती हैं बचत
आमतौर पर गर्मियों में सरसों, गेहूं और दलहनी फसलों की कटाई के बाद खेत खाली हो जाता है। इसके बाद किसान गर्मी में सब्जियों की खेती करते हैं। इनमें तरबूज, खरबूज, खीरा, ककड़ी, मूली, धनिया और लौकी जैसी सब्जियां शामिल हैं। यह ऐसी खेती हैं जो बेहद कम समय में तैयार हो जाती है और इसे बेचकर किसान अच्छे पैसे कमा सकते हैं।
अब गर्मियों का मौसम शुरू हो रहा है, रबी सीजन के फसलों की कटाई चल रही है। अधिकांश किसानों ने रबी फसलों की कटाई पूरी कर ली है। इसके साथ ही आलू की खुदाई के बाद अब खेत खाली हो गए हैं। ऐसे में किसान अब जायद फसलों की तैयारी कर रहे हैं। गर्मियों में आमतौर पर वहीं किसान खेती कर पाते हैं जिनके पास सिंचाई की उपयुक्त सुविधा उपलब्ध होती है। आमतौर पर गर्मियों में सरसों, गेहूं और दलहनी फसलों की कटाई के बाद खेत खाली हो जाता है। इसके बाद किसान गर्मी की सब्जियों की खेती करते हैं। इनमें तरबूज, खरबूज, खीरा, ककड़ी, मूली, धनिया और लौकी जैसी सब्जियां शामिल हैं।
यह ऐसी खेती हैं जो बेहद कम समय में तैयार हो जाती है और इसे बेचकर किसान पैसे कमा सकते हैं, तो इस खबर में हम आपको कुछ ऐसे ही सब्जियों के बारे में बताएंगे, जिनकी खेती करके किसान कम समय में अच्छी उपज हासिल कर सकते हैं। साथ ही गर्मियों में इनकी मांग भी अधिक रहती है इसलिए बाजार में जल्दी आने से किसानों को इनका मूल्य भी अच्छा मिल जाता हैं। गर्मियों के लिए इनकी खेती इसलिए भी फायदेमंद होती है क्योंकि कम सिंचाई में भी यह बेहतर उपज देती है।
खरबूजा की खेती
खरबूजा की खेती साल में एक ही बार गर्मी के सीजन में की जाती है। सिर्फ गर्मियों के मौसम में ही इसे उगाया जाता है। यह खाने में बेहद स्वादिष्ट होता है और इसे खाने से स्वास्थ्य लाभ भी होता है। खरबूजा की खेती रेलीती जमीन पर होती है, इसमें इसकी पैदावार अधिक होती है। खास बात यह है कि इसकी खेती में सिंचाई की आवश्यकता कम पड़ती है, इसलिए इसकी खेती में किसान कम समय में अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं।
मूली की फसल
मूली की खेती किसी भी फसल सीजन में की जा सकती है, परन्तु गर्मियों में इसकी अधिक मांग होती है क्योंकि इसे सलाद के तौर पर बडे स्तर पर उपयोग किया जाता है। साथ ही इसके पत्तियों को साग के तौर पर खाया जाता है। इसके खेती करने का फायदा यह है कि यह बेहद कम समय में तैयार हो जाती है। बाजार में अब इसकी ऐसी उन्नत किस्में भी आ गई है जो 40-50 दिन में सेवन करने योग्य हो जाती है।
खीरा की खेती
कम लागत में अधिक मुनाफाः गर्मियों के मौसम में खीरा की बाजार में बहुत मांग होती है और इसका मूल्य भी अच्छा मिलता हैं। खीरा एक ऐसी फसल है जो बहुत जल्दी तैयार हो जाती है। बाजार में इसकी ऐसी भी किस्में हैं जो लगभग 50-60 दिनों में तैयार हो जाती है। कम समय में यह अच्छी पैदावार देती है और इसके अलावा इसकी खेती में लागत भी बहुत कम लगती है जबकि मुनाफा अधिक होता है।
धनिया की खेती के लाभ
धनिया पत्ते की मांग वैसे तो पूरे साल भर ही बनी रहती है परन्तु गर्मियों में इसकी मांग बढ़ जाती है। धनिया की खेती किसानों के लिए लाभदायक इसलिए भी होती है क्योंकि यह मात्र 35-40 दिनों में ही तैयार हो जाती है। इसके अलावा इसकी खेती में कीट और रोगों का प्रकोप भी नहीं होता है। गर्मियों के लिए इसकी खेती इसलिए भी लाभकारी होती है, क्योंकि इसकी खेती में कम सिंचाई करने से भी काम चल जाता है। कम लागत और कम समय में इसकी खेती होने के कारण किसानों को इसकी खेती करने में अच्छा मुनाफा होता है।
तरबूज की होती है मांग
तरबूज का सेवन गर्मियों में सबसे अधिक किया जाता है। इसका सेवन करना सेहत के लिए काफी लासभदायक माना जाता है। इसलिए गर्मियों में इसकी मांग भी काफी होती है। इसकी खेती में किसानों को काफी मुनाफा होता है। इसकी खेती में किसानों को पूंजी भी कम लगानी पड़ती है और इसके साथ ही बेहतर सिंचाई की व्यवस्था भी करनी पड़ती है, क्योंकि यह एक अधिक पानी चाहने वाली फसल है। इसकी फसल तैयार होने में 80 से 90 दिनों का समय लगता है।
लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।