ज्ञान और कर्म      Publish Date : 25/11/2026

                     ज्ञान और कर्म

                                                                                                                    प्रो0 आर. एस. सेंगर

मनुष्य की प्रगति की वास्तविक गति उसके कदमों से नहीं, उसके ज्ञान से निर्धारित की जाती है। जीवन जितनी तेजी से आगे बढ़ता है, उतनी ही तेजी से मनुष्य को अपने भीतर समझ और विवेक का विस्तार करना पड़ता है। केवल कर्म करते जाना पर्याप्त नहीं होता है। कर्म की दिशा सही हो, लेकिन इसके लिए ज्ञान का होना बहुत आवश्यक है। कर्मों का बंधन सहजता से नहीं टूटता, उन्हें क्षीण करने की यात्रा लंबी होती है। इस यात्रा में ज्ञान वह प्रकाश है, जो मनुष्य को स्वयं को गहराई समझने की दृष्टि प्रदान करता है।

हालांकि, यह भी सत्य है कि ज्ञान प्राप्त करने की कोई निश्चित आयु नहीं होती। जीवन की प्रत्येक घटना, प्रत्येक व्यक्ति और प्रत्येक अनुभव हमारे लिए एक शिक्षक बन सकता है। आवश्यकता केवल सीखने की दृष्टि बनाए रखने की होती है। हमारा मन एक ऐसे पात्र की तरह है, जिसे प्रतिदिन नए अनुभवों और विवेक के ज्ञान से भरना चाहिए, लेकिन ज्ञान के साथ विवेक भी जरूरी है, क्योंकि अज्ञान जितना हानिकारक हो सकता है, उतना ही गलत ज्ञान भी। अश्व कितना ही चंचल क्यों न हो, लगाम के नियंत्रण में ही उसकी गति सही दिशा में मोड़ी जा सकती है। यही बात मनुष्य के मन पर भी लागू होती है।

                             

मन में अच्छे और बुरे, दोनों प्रकार के विचार उठते हैं। ज्ञान का उद्देश्य केवल जानकारी बढ़ाना नहीं, बल्कि मन को संयमित करना भी होता है। जब मन स्थिर होता है, तब ज्ञान धीरे-धीरे बोध में बदलने लगता है। ज्ञान की यात्रा श्रवण और पठन से शुरू होती है, फिर मनन तक पहुंचती है और अंततः अनुभव में उतरती है।

केवल पढ़ लेना ही ज्ञान प्राप्त कर लेना नहीं होता है। पढ़े हुए पर विचार करना, उसे समझना और फिर अपने व्यवहार में उतारना ही वास्तविक ज्ञानार्जन हो सकता है। अतः सच्चा ज्ञान वही है, जो हमारे शब्दों से अधिक हमारे आचरण में दिखाई दे। जब ज्ञान हमारे निर्णयों को विवेक, हमारे व्यवहार को विनम्रता और हमारे कर्मों को संयम देने लगे, तभी समझना चाहिए कि वह केवल मस्तिष्क में नहीं रहा, बल्कि जीवन का हिस्सा बन गया है।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।