
समय का महत्व Publish Date : 24/11/2026
समय का महत्व
प्रोफेसर आर. एस. सेंगर
विचारकों ने समय की तुलना धन से की है। इन्हीं विचारकों ने सलाह दी कि जो समय बीत गया, उसके अनुभवों का लाभ तो लेना चाहिए, लेकिन उस पर पश्चाताप नहीं करना चाहिए कि समय निरर्थक बीत गया। इससे सिर्फ ग्लानि ही हाथ लगती है। यदि अतीत के दिनों में किसी स्तर पर नासमझी हो गई, तो उसे सुधार कर आने वाले समय को बेहतर बनाने के लिए योजना बनानी चाहिए। समय को बहुत बलवान माना गया है। शारीरिक स्तर पर देखा जाए, तो नवजात शिशु बहुत कोमल और सुंदर लगता है।
शनैः शनैः वह बड़ा होता है। कोलता कम होती जाती है। एक समय आता है कि शरीर जर्जर हो जाता है, चेहरे पर झुर्रियां पड़ जाती हैं। कितना भी यत्न कोई कर ले, लेकिन बाल्यावस्था जैसी कोमलता, स्निग्धता और मधुरता को बरकरार नहीं रख पाता। जहां समय इस तरह के सौंदर्य को अपहत करता है, वहीं जैसे-जैसे इंसान बड़ा होता है, तो बदले में यही समय अनुभव, नई जानकारियों का तोहफा देता है तथा परिचय का दायरा विस्तृत करता है। जब समय की यह गति है, तो इसके साथ तालमेल बैठाना चाहिए। समय अपहर्ता है, तो वह दाता भी है। बशर्ते उसके द्वारा दी गई विशिष्टताओं को पूंजी की तरह संभाल कर रखा जाए।

समय की महत्ता को प्रतिपादित करते हुए कहा गया है कि यदि किसी दिन कोई नया काम न किया गया हो, किसी नए व्यक्ति से परिचय न हुआ हो, तो उस दिन को अपने जीवन से निकाल देना चाहिए और मान लेना चाहिए कि यह उसके जीवन का निरर्थक दिन था। नए काम करते रहने से बहुआयामी प्रतिभा का विकास होता है। नए-नए व्यक्तियों से परिचय होने से जुड़ाव बढ़ता है। इस प्रकार समय को सार्थक ढंग से जीते हुए कोई भी व्यक्ति बहुत बड़ी छलांग लगा सकता है। प्रकृति सबके साथ एक जैसा व्यवहार करती है। व्यक्ति जब भी जाग्रत हो जाता है, तो सामने उपलब्धियों का सूरज दिखाई पड़ने लगता है।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।