
गुरू की महिमा Publish Date : 22/11/2026
गुरू की महिमा
प्रोफेसर आर. एस. सेंगर
भारतीय संस्कृति में गुरु और शिष्य के संबंध को अत्यंत पावन माना गया है। गुरु की महिमा का वर्णन करते हुए प्राचीन शास्त्रों में कहा गया है कि गुरु साक्षात परब्रह्म का स्वरूप होता है। इसलिए हमें ईश्वर से पूर्व गुरु की वंदना करनी चाहिए। जीवन में प्रथम गुरु हमारे माता व पिता होते हैं। गुरु वही है, जिसे देखकर, मन प्रणाम करे, जिनके समीप बैठने से हमारे दुर्गुण दूर होते हैं। गुरु वह ऊर्जावान करुणामय दाता और ज्ञान का पुंज है जो हमारे भीतर आध्यात्मिक चेतना को जाग्रत करके सत्य से हमारा साक्षात्कार कराता है। गुरु के सान्निध्य से जीवन की दिशा और दशा दोनों बदल जाती है।
अपनी विलक्षण प्रतिभा और ओजस्वी वाणी द्वारा भारत की संस्कृति का परचम संपूर्ण विश्व में लहराने वाले स्वामी विवेकानंद को जब गुरु रामकृष्ण परमहंस का वरदहस्त मिला, तब वह नरेंद्रनाथ से स्वामी विवेकानंद के नाम से प्रसिद्ध हुए। इसी प्रकार गुरु द्रोणाचार्य की शिक्षा, प्रेरणा और आशीर्वाद ने अर्जुन को सर्वश्रेष्ठ धनुर्धर के रूप में प्रतिष्ठित किया।

वर्तमान समय में नैतिक मूल्यों में निरंतर गिरावट आती जा रही है। गुरु-शिष्य के पवित्र संबंधों पर भी इसका प्रभाव स्पष्ट दिखाई पड़ रहा है। समाज में आवश्यकता है, ऐसे गुरुओं की, जो दया, क्षमा, सदाचार इत्यादि मानवीय मूल्यों का प्रतिनिधित्व करते हुए धैर्य, विवेक और त्याग आदि सद्गुणों के माध्यम से शिष्य को अंधकार से निकालकर प्रकाश की ओर ले चलें।
ऐसे सद्गुरु की पवित्र वाणी से मन के विकार समाप्त हो जाते हैं और असीम शांति का अनुभव होता है। इस प्रकार मानव मन में व्याप्त विष रूपी बुराई को दूर करने में गुरु का विशेष योगदान होता है। परंतु सद्गुरु बड़े भाग्य से मिलता है। सद्गुरु की तलाश शिष्य को ही नहीं होती, बल्कि गुरु भी अपने ज्ञान की धरोहर को सुरक्षित हाथों में सौंपकर संतुष्ट होकर परमानंद की अनुभूति करता है।
शिष्य के समर्पण और श्रद्धा भाव को देखकर उसका अंतर्मन आश्वस्त हो जाता है। वह शिष्य की अनगिनत त्रुटियों को धैर्यपूर्वक सुनकर उसे दिव्य ज्ञान प्रदान करता है। सौभाग्यवश ऐसे स्वयंसिद्ध गुरु का संरक्षण जिसे भी प्राप्त हो जाए तो उसके जीवन में संकट रूपी बादलों के छाने के बावजूद उसका मन कभी विचलित नहीं होता। कल्याण के मार्ग में प्रवृत्त करने वाले ऐसे समस्त गुरुजनों को शत-शत नमन।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।