
क्या है निर्धारित अधिकार Publish Date : 21/11/2026
क्या है निर्धारित अधिकार
प्रो0 आर. एस. सेंगर
एक सामाजिक प्राणी होने के नाते मनुष्य जीवन संबंधों की बुनियाद पर टिका होता है। संबंधों के ये समीकरण अधिकारों से भी निर्धारित होते हैं। इसलिए यह जानना अत्यंत आवश्यक होता है कि किसी व्यक्ति विशेष पर हमारा कितना अधिकार है और उसने हमें कितना अधिकार सौंपा है। अधिकार का यह भाव ही तय करता है कि हमारे संबंध विश्वास से भरे हैं या मात्र औपचारिकताओं से ओतप्रोत। रिश्ते समय के साथ बदलते हैं और उनके साथ ही अधिकारों का दायरा भी परिवर्तित होता रहता है।
कभी जो प्रश्न सहज लगते थे, वे ही समय बीतने के साथ असहज और अनुचित प्रतीत होने लगते हैं। यह संकेत होता है कि संबंध की परिधि संकुचित हो रही है और उसमें हमारा अधिकार स्वतः कम होता जा रहा है। ऐसी स्थिति में आत्ममंथन आवश्यक हो जाता है। क्या हमें वास्तव में वह स्थान, वह सम्मान, वह अधिकार उसी प्रकार प्राप्त हो रहा है जो एक सजीव एवं समर्पित संबंध का मूलभूत अंग होना चाहिए?

अधिकार कोई उपहार नहीं होता और न ही इसे आदेश द्वारा प्राप्त किया जा सकता है। यह विश्वास, समझ और समानता से उपजता है। जिस संबंध में एक पक्ष को ही सारे निर्णय लेने का अधिकार हो और दूसरा केवल अनुगामी बना रहे, वह संबंध भले ही सामाजिक दृष्टि से मान्य हो, परंतु आत्मिक रूप से रिक्त होता है। वहां केवल शरीर होते हैं, आत्माएं नहीं। हर संबंध के पड़ाव पर यह विवेचना आवश्यक है कि हमने दूसरे को कितना अधिकार दिया और बदले में कितना पाया। यह कोई गणितीय हिसाब नहीं, अपितु आत्मसम्मान का मूल्यांकन है। यदि सामने वाला आपके प्रश्नों से कतराने लगे, आपके मौन को न समझे और आपके अधिकार को बोझ समझे तो वह संबंध पुनर्विचार की मांग करता है। सजीव और संतुलित संबंध वही हैं, जहां दोनों को एक-दूसरे पर बराबर का अधिकार हो। वहीं वास्तविक अपनात्व अंकुरित हो सकता है।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।