
मानव शरीर में मस्तिष्क का महत्व Publish Date : 18/11/2026
मानव शरीर में मस्तिष्क का महत्व
प्रोफेसर आर. एस. सेंगर
मानव शरीर में सर्वाधिक महत्व मस्तिष्क का ही है. जो भी व्यक्ति इस बात की महत्ता को समझता है, वह जीवन में मस्तिष्क को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयत्न करता रहता है।

मनुष्य की प्रखरता का प्रारंभ मां के गर्भ से शुरू हो जाता है। अर्जुन के पुत्र अभिमन्यु को चक्रव्यूह भेदन की विद्या मां के गर्भ में ही मिल गई थी। चूंकि मां सुभद्रा को नींद आ गई, इसलिए चक्रव्यूह के अंतिम द्वार को तोड़ने का ज्ञान उन्हें नहीं हो सका।
मां के गर्भ में ही ज्ञान की दूसरी कथा व्यास जी के पुत्र शुकदेव जी की भी है। वे महादेव के कोप से बचने के लिए व्यास जी की पत्नी के गर्भ में बारह वर्ष थे। इन बारह वर्ष के संकेतों के गहरे अर्थ हैं। मनुष्य शरीर की संपूर्ण तंत्रिका प्रणाली का शिल्पकार मस्तिष्क है जहां से बारह नसें निकलती हैं। इन्हीं नसों के जरिये मनुष्य देखने, सुनने, समझने और बोलने आदि की क्षमता प्राप्त करता है। इसमें संतुलन बनाने से वह शारीरिक रूप से ही नहीं, बल्कि मानसिक रूप से भी सक्षम होता है। ये बारह नसें आंतरिक द्वादश ज्योतिलिंग हैं। इनको ऊर्जावान बनाए रखने के लिए मनीषियों ने विधि-विधान बनाया है।

इसके अतिरिक्त महर्षि कोहड़ के पुत्र अष्टावक्र का उल्लेख ग्रंथों में आया है। मस्तिष्क से वे इतने अधिक ऊर्जावान थे कि अपनी मां के गर्भ में रहते हुए एक बार अपने पिता के ज्ञान को चुनौती दे बैठे। तब पिता के अभिशाप से वे शरीर में आठ जगहों से टेढ़े-मेढ़े हो गए। अष्टावक्र का आठ जगहों से टेढ़ा होना अष्टांग योग के मार्ग में आने वाली बाधाओं से ऊपर उठना तो है ही, साथ में कुंडलिनी जागरण के जरिये अष्टचक्रों को ऊर्जावान बनाना भी प्रतीत होता है।
भौतिक दृष्टि से समृद्ध व्यक्ति का सम्मान उसके अपने ही क्षेत्र में होता है, जबकि मस्तिष्क से समृद्ध व्यक्ति का सम्मान सर्वत्र होता है। विद्वान उस सुगंधयुक्त पुष्प के समान होता है, जो जहां जाता है ज्ञान का सुगंध बिखेरता है।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।