सहानुभूति और समानुभूति का अर्थ      Publish Date : 17/11/2026

        सहानुभूति और समानुभूति का अर्थ

                                                                                                                          प्रो0 आर. एस. सेंगर

मनुष्य को मनुष्य बनाने वाले गुणों में करुणा और संवेदना का अपना एक विशेष स्थान होता है। सहानुभूति और समानुभूति दोनों संवेदनशीलता के श्रेष्ठ रूप हैं, परन्तु इन दोनों में एक सूक्ष्म सा अंतर होता है। सहानुभूति में हम किसी दूसरे व्यक्ति के दुख को देखकर उसके प्रति दया और संवेदना अनुभव करते हैं, जबकि समानुभूति में हम दूसरे व्यक्ति के दुख को केवल देखते नहीं, बल्कि उसे अपने भीतर उसी तीव्रता से अनुभव करने का प्रयास भी करते हैं। यही वह भाव है जो मनुष्य को दूसरों के जीवन से गहराई से जोड़ता है।

                                 

ऐसे में कल्पना कीजिए कि कोई बच्चा गिरकर घायल हो जाए। उसे देखकर हमारे मन में चिंता और करुणा दोनों का एक साथ उत्पन्न होना सहानुभूति कहलाता है, लेकिन यदि वही बच्चा हमारा अपना हो तो उसकी पीड़ा हमें भीतर तक विचलित कर देती है। हम उसकी चोट को केवल देखते भर ही नहीं, बल्कि उस पीड़ा का अपने भीतर तक अनुभव करते हैं, यह समानुभूति का भाव होता है। समानुभूति में दूसरे के अनुभव, भावनाओं और दृष्टिकोण को उसके संदर्भ में समझने का प्रयास होता है।

जो अपने लिए प्रतिकूल है, वैसा व्यवहार दूसरों के साथ न करना, समानुभूति की मूल चेतना को व्यक्त करता है। समानुभूति भावुकता नहीं, बल्कि समझ और उत्तरदायित्व का विस्तार है। यह हमें दूसरों के प्रति निर्णय करने से पहले उनकी परिस्थितियों को समझने की क्षमता प्रदान करती है। परिवार में यह संबंधों को गहरा करती है, कार्यस्थल पर सहयोग बढ़ाती है और समाज में विश्वास तथा पारस्परिक सम्मान को मजबूत करती है। जबकि समानुभूति अहंकार की सीमाएं तोड़ती है। जब मनुष्य दूसरे के दुख को अपने दुख की तरह अनुभव करता है, तब ‘मैं और ‘तुम’के बीच की दूरी कम हो जाती है।

                                 

करुणा, सेवा और परोपकार के जैसे भाव भी इसी से जन्म लेते हैं। आज जब मनुष्य अपने सुख-दुख में अधिक उलझता जा रहा है, ऐसे में तो समानुभूति की आवश्यकता और अधिक बढ़ गई है। यदि हम दूसरों को केवल देखने के बजाय उन्हें समझने का प्रयास करें तो परिवार अधिक आत्मीय, समाज अधिक मानवीय और जीवन अधिक अर्थपूर्ण बन सकता है।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।