
मन के बोझ से मुक्ति Publish Date : 16/11/2026
मन के बोझ से मुक्ति
प्रो0 आर. एस. सेंगर
प्रत्येक मनुष्य के भीतर एक अदम्य आकांक्षा सदैव विद्यमान रहती है कि उसे अपनी वर्तमान अवस्था से उन्नत एवं श्रेष्ठ स्थिति की ओर अग्रसर होना है। यह आकांक्षा मनुष्यता का मूल स्वभाव है और उसका स्वाभाविक गुण होता है, परन्तु उसकी विडंबना यही है कि यह ऊर्जा बाल्यावस्था में तो उन्मुक्त प्रवाह के साथ प्रवाहित होती है, परंतु आयु में वृद्धि के साथ-साथ क्षीण होती चली जाती है। जहां इसे समय के साथ प्रगाढ़ होना चाहिए था, वहां यह निस्तेज पड़ती जाती है। इस स्थिति का मूल कारण है- मानव मन की चंचलता और उसका निरंतर भटकाव।

मनुष्य का मन एक अनियंत्रित अश्व के समान होता है, जो क्षण-प्रतिक्षण नवीन दिशाओं की ओर दौड़ लगाता रहता है। यह कभी अतीत की स्मृतियों में उलझता है, तो कभी भविष्य की सुखद कल्पनाओं अथवा आशंकाओं में डूब जाता है। मन के इस निरंतर भटकाव के चलते ही उसके मन पर एक अदृश्य भार संचित होता चला जाता है।
चिंताओं का भार, अपेक्षाओं का भार, असफलताओं की छाया का भार आदि। यह भार इतना सूक्ष्म होता है कि हमें इसका आभास भी नहीं होता, किंतु यह हमारी संकल्प-शक्ति को धीरे-धीरे कुंठित करता रहता है और जब यह भार असहनीय हो जाता है, तब हम किसी कार्य को आरंभ करने से पूर्व ही नकारात्मक विचारों के सघन कुहासे में विलीन हो जाते हैं।

यही वह क्षण होता है, जहां मनुष्य अपने ही मन का दास बन जाता है। यहां एक शाश्वत सत्य उद्घाटित होता है कि हम किसी भी लक्ष्य की प्राप्ति केवल उन्मुक्त मन से ही कर सकते हैं। जिस प्रकार आकाश में उड़ान भरने के लिए पक्षी को अपने पंखों को किसी बंधन से मुक्त रखना पड़ता है, ठीक उसी प्रकार जीवन के किसी भी लक्ष्य तक पहुंचने के लिए हमें अपने मन को पूर्वाग्रहों, भय और नकारात्मकता से मुक्त रखना आवश्यक होता है।
हमारे जीवन की सार्कता भी इसी तथ्य में निहित होती है कि हम अपनी आंतरिक ऊर्जा को क्षीण न होने दें। उसे निरंतर प्रज्वलित रखें, ताकि हम उन्मुक्त भाव से सशक्त हुए मन के माध्यम से अपने प्रत्येक स्वप्न की पूर्ति में प्रयासरत हो सकें। यही मानव जीवन का मुख्य ध्येय होना चाहिए।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।