
वीरता अथवा कायरता Publish Date : 14/11/2026
वीरता अथवा कायरता
प्रोफेसर आर. एस. सेंगर
साहस या पराक्रम एक श्रेष्ठ गुण है। जीवन में प्रगति हेतु यह आवश्यक है। साहस किस प्राप्ति हेतु हो, पराक्रम कहां प्रकट करना है, यह मनुष्य की बुद्धि और विवेक पर निर्भर करता है। जीवन में क्या हितकारी है, क्या अहितकर है इसकी स्पष्टता ही गुणों को दिशा देती है। अस्पष्टता अवगुणों को जन्म देती है। जीवन हित इसमें है कि मनुष्य संयम और सहजता में रहे इससे परमात्मा की कृपा प्राप्त होती है और जीवन का उद्धार होता है।
संयम और सहजता से दूर होना विनाशकारी सिद्ध होता है। रावण ने संयम खोया और क्रोध में आकर माता सीता जी को हर ले गया। परिणाम हुआ कि सोने की लंका राख में बदल गई। कौरवों ने सहजता खोई और राज्य के मोह में छल किया, जिससे महाभारत हुआ। फिर राज्य भी गया और जीवन भी। इन युद्धों में योद्धाओं ने अपार शौर्य का प्रदर्शन किया, किंतु उसका अंत विनाश में हुआ। यह कैसी वीरता है, जो विनाश को जन्म दे। वीरता तो विनाश से बचने और जीवन सार्थक करने में है।

वास्तविक वीर वह है जिसने अपने क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार, काम को जीत लिया। अपने संयम और सहजता को बनाए रखना ही अपने आप को सुरक्षित रखना है। जो अपने आप को सुरक्षित न रख पाए, अपने ही अंदर के क्रोध, काम, लोभ, मोह, अहंकार से पराजित हो जाए, उससे बड़ा कायर और कौन होगा।
सद्गुण मनुष्य को सबल और अवगुण निर्बल बनाते हैं। निर्बल में न तो साहस होता है, न पराक्रम। किसी के अंदर महाभारत चल रहा है, किसी के अंदर लंका जीवंत हो रही है। जिह्वा पर राम हैं, पर मन में मर्यादा पुरुषोत्तम नहीं हैं। भावना धर्मराज युधिष्ठिर के लिए है, किंतु धर्म के प्रति दृढ़ता नहीं है।
मनुष्य किसी भी धर्म का पालक हो शाश्वत गुणों से विरत होकर सुखी नहीं रह सकता। धर्म वीरता का नाम है, जो गुणों से उत्पन्न होती है। अब यह मनुष्य पर है कि वह वीरता, साहस को चुनता है अथवा कायरता और भीरुत्व को।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।