मानव के आंतरिक एवं नैतिक द्वंद्व      Publish Date : 13/11/2026

      मानव के आंतरिक एवं नैतिक द्वंद्व

                                                                                                                         प्रो0 आर. एस. सेंगर

मानव जीवन केवल विकल्पों के चयन की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह निरंतर मूल्य-संघर्षों के बीच अपने लिए उचित मार्ग निर्धारित करने की यात्रा भी है। जीवन में अनेक ऐसे क्षण आते हैं, जब मनुष्य के सम्मुख एक से अधिक विकल्प उपस्थित होते हैं। ऐसी स्थिति में कठिनाई केवल यह तय करने की नहीं होती कि क्या किया जाए, बल्कि यह समझने की होती है कि क्या किया जाना चाहिए। जब स्वार्थ और कर्तव्य, भावना और विवेक, संबंध और न्याय अथवा तत्काल सुख और व्यापक कल्याण एक-दूसरे के सम्मुख खड़े हो जाते हैं, तब व्यक्ति जिस आंतरिक संघर्ष से गुजरता है, वही नैतिक द्वंद्व का मूल स्वरूप है।

                               

गीता का आरंभ ही ऐसी गहन नैतिक दुविधा से होता है। कुरुक्षेत्र में अर्जुन के सामने केवल युद्ध का प्रश्न नहीं था, उनके समक्ष अपने अस्तित्व, संबंधों, कर्तव्यों और नैतिक विश्वासों के बीच सामंजस्य स्थापित करने की भी चुनौती थी। अर्जुन का विषाद वस्तुतः उस मनुष्य की मनोस्थिति का प्रतीक है, जो किसी कठिन निर्णय के क्षण में अपने भीतर के अनेक मूल्यों को परस्पर संघर्षरत पाता है। तब भगवान श्रीकृष्ण अर्जुन को बोध कराते हैं कि निर्णय का आधार केवल मोह, भय, आसक्ति अथवा व्यक्तिगत लाभ नहीं हो सकता। विवेकपूर्ण निर्णय वह है, जिसमें व्यक्ति अपने उत्तरदायित्व और व्यापक नैतिक संदर्भ को समझते हुए कर्म का निर्धारण करे। गीता का कर्म-दर्शन नैतिक द्वंद्व के समाधान के लिए विवेक, आत्मसंयम, समत्व और निष्काम कर्म को आधार प्रदान करता है।

निष्कामलता का आशय परिणामों के प्रति उदासीन होना नहीं, बल्कि अपने निर्णय को निजी लोभ, भय, अहंकार और प्रशंसा की आकांक्षा से मुक्त करना है। मनुष्य को परिणामों की संभावनाओं पर विचार अवश्य करना चाहिए, किंतु परिणाम की अनिश्चितता को अपने कर्तव्य से विमुख होने का कारण नहीं बनने देना चाहिए। कर्तव्य के पालन से ही जीवन की सार्थकता संभव है।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।