
सुखी जीवन का मंत्र Publish Date : 12/11/2026
सुखी जीवन का मंत्र
प्रो0 आर. एस. सेंगर
आज जीवन पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक है। घरों में आराम के साधन हैं, यात्रा सुविधाजनक हुई है, संचार के साधन हाथ में हैं और आर्थिक समृद्धि के अवसर बढ़े हैं। फिर भी तनाव, बेचैनी, पारिवारिक टकराव और मानसिक अशांति कम नहीं हुई। इसका कारण यही है कि हमने जीवन को सुविधाओं से तो समृद्ध किया, लेकिन मन को शांत और संतुलित बनाने पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया। एक संपन्न व्यक्ति अपने घर की सुविधाओं का उल्लेख करते हुए गर्व से बता रहा था- सोफा-सेट है, टीवी है, महंगे सामान हैं, हर तरह की सुविधा है। किसी ने सहजता से पूछा- ये सारे सेट तो ठीक हैं, पर आपका मन भी सेट है? वह हंसकर बोला-मन तो अपसेट है।
यह संवाद आज के जीवन की बड़ी विडंबना को सामने रखता है। मन असंतुलित हो, तो सुख-सुविधाएं भी बोझ बन जाती हैं। परिवार में भी मन की स्थिति का प्रभाव सबसे अधिक पड़ता है। माता-पिता तनाव में हों, तो उसकी छाया बच्चों के व्यवहार पर भी पड़ती है। बच्चों के दुखी रहने के पीछे घर का माहौल और बड़ों का व्यवहार होता है। इसलिए सुखी परिवार की शुरुआत मन की शांति से होती है।
भारतीय चिंतन ने बहुत पहले कहा कि मन प्रसन्न हो, तो सीमित साधनों में भी जीवन आनंदमय लगता है और मन अशांत हो, तो अपार संपत्ति भी संतोष नहीं दे सकती। वास्तविक समृद्धि केवल बैंक खाते में नहीं, बल्कि विचारों की निर्मलता, भावनाओं के संतुलन और संबंधों की मधुरता में दिखाई देती है। जीवन को सुखी बनाने के लिए परिस्थितियों को बदलने से पहले अपने दृष्टिकोण को बदलना जरूरी है. मन को प्रशिक्षित करना, अपेक्षाओं को संयमित करना, नकारात्मकता से बचना, क्षमा और संतोष को अपनाना तथा वर्तमान में जीना-ये सुखी जीवन के सरल मंत्र हैं।
सुख बाहर नहीं, भीतर पैदा होता है। मन जीत लिया, तो साधारण जीवन भी उत्सव बन जाता है। मन हार गया, तो समृद्धि भी अधूरी रह जाती है।
गुण और अवगुण
वृत्तियां अपने आप में बुरी नहीं होती हैं। सवाल है उनके जुड़ने का। देव से जुड़कर वे सद्गुण बन जाती हैं और दानव से जुड़कर दुर्गुण। यह वैसे ही हो जाता है जैसे निर्मल जल नाली में गिरने से गंदा हो जाता है। ब्रह्मा काम के देवता हैं। काम की कोख से सृजन का जन्म होता है। इसीलिए ब्रह्मा को सृष्टि का रचयिता कहा जाता है। भगवान कृष्ण स्वयं गीता में कहते हैं कि 'मैं इच्छाओं में काम हूं।' यही उदात्तकाम परमात्मा से जुड़कर भक्ति बन जाता है, किंतु जब यही काम वासना के कीचड़ में फंसता है तो अनर्थकारी व्यभिचारी का रूप ले लेता है। जहां राम का काम लोकमंगल का निमित्त बनता है, वहीं रावण का काम सर्वनाश का कारण।
विष्णु 'लोभ' के देवता हैं। विष्णु से जुड़ते ही लोभ सकल ब्रह्मांड का पालक बन जाता है। मितव्ययी समाज के लिए कुछ करता है और दुर्व्यसनी स्वयं मिट जाता है। धन परमात्मा की विभूति है। इसलिए इसका निवेश लोकसंग्रह के क्षेत्र में निरंतर करते रहना चाहिए। धनसंग्रह बुरी बात नहीं है, यदि वह समाज के हित में नियोजित हो। हम धन के मालिक न होकर उसके संरक्षक भर हैं। व्यक्ति केंद्रित धन शोषण को बढ़ावा देता है। इसे असुरों के हाथ में नहीं होना चाहिए। कुबेर का खजाना देवताओं के अभ्युदय के लिए था। जब वह रावण के हाथ चला गया, तब संतों का उत्पीडक बन गया।
शंकर को क्रोध का देवता माना जाता है। नवसृजन के लिए ध्वंस जरूरी है। सृजन और संहार दोनों सृष्टि के विधान के अंतर्गत हैं। असयमित काम को अनुशासित करने के लिए शिव को अपना तीसरा नेत्र खोलना पड़ा। वस्तुतः काम, लोभ और क्रोध की वृत्तियां जब वासनाजन्म इच्छाओं को तृप्त करने में लग जाती हैं, तब समाज के चारों ओर अनर्थ घटने लगते हैं। काम और लोभ क्रियाएं हैं और क्रोध इनकी तीखी प्रतिक्रिया है। यानी काम और लोभ की अतृप्त वृत्तियां क्रोध को जन्म देती हैं। आयुर्वेद के अनुसार वात, पित्त और कफ के असंतुलन से ही विभिन्न तरह के रोग पैदा होते हैं। काम 'वात' की तरह, लोभ 'कफ' की तरह और क्रोध 'पित्त' की तरह है। इसलिए काम, लोभ और क्रोध को सदैव नियंत्रण में रखने का प्रयास करना चाहिए।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।