छोटे मकानों का स्ट्रक्चरल सर्वे करेंगे तकनीकी विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ      Publish Date : 16/07/2026

छोटे मकानों का स्ट्रक्चरल सर्वे करेंगे तकनीकी विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ

                                                                                                           प्रो0 आर. एस. सेंगर

कानपुर से आए प्रोफेसर ने प्राथमिक निरीक्षण कर दी सर्वे की सहमति शास्त्रीनगर के सेक्टर दो, तीन और चार समेत विभिन्न सेक्टरों में ईडब्ल्यूएस तथा एलआईजी मकानों में सेटबैक के स्थान पर हुए निर्माण हटाने के लिए आवास विकास परिषद कानपुर की हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी के तकनीकी विशेषज्ञों से स्ट्रक्चरल सर्वे कराएगी। सर्वे में सुझाए गए तरीकों के आधार पर ही परिषद के अधिकारी भवनों में अनाधिकृत निर्माण हटवाएंगे। विश्वविद्यालय के एक विशेषज्ञ ने शुक्रवार को मेरठ पहुंचकर इन भवनों का प्राथमिक निरीक्षण किया।

                                  

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर आवास विकास परिषद ने शास्त्रीनगर में 815 आवासीय भूखंडों में हुए व्यवसायिक निर्माण तथा सेटबैक के स्थान में हुए अनाधिकृत निर्माण हटाने के नोटिस दिए हैं। इनमें से 250 से ज्यादा भवनों में आवंटी खुद अवैध निर्माण हटाने तथा दुकानों को बंद करके भवन का आवासीय उपयोग दर्शाने में जुटे हैं। 500 से ज्यादा भवन दुर्बल तथा निम्न आय वर्ग के हैं। इनके मालिकों का कहना हैं कि छोटे मकानों में तोड़फोड़ की तो आसपास के मकानों को भी क्षति पहुंचेगी। इस समस्या के समाधान के लिए भवनों का स्ट्रक्चरल सर्वे कराया जा रहा है। शुक्रवार को तकनीकी विश्वविद्यालय कानपुर से पहुंचे एक प्रोफेसर ने आवास विकास परिषद अधिकारियों के साथ शास्त्रीनगर के कई सेक्टरों में भवनों का निरीक्षण करने के बाद सर्वे करने की सहमति दे दी। अधिशासी अभियंता अभिषेक राज ने बताया कि टीम को सर्वे कार्य का भुगतान किया जाएगा। अगले सात दिनों में सभी प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास है।

राखी बांधकर महिलाएं बोलीं, भाई हमारे घरों को टूटने से बचा लीजिए

                                

शास्त्रीनगर सेक्टर दो में धरनारत काफी महिलाएं शुक्रवार को नई सड़क स्थित भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा के कैंप कार्यालय पहुंचीं। सभी ने उन्हें राखी बांधने के बाद कहा कि वे 10 अप्रैल से धरना दे रही हैं लेकिन आवास विकास के अधिकारी उन्हें परेशान कर रहे हैं। उनका पक्ष नहीं सुना जा रहा है। छोटे मकान टूटने के कगार पर हैं। रोजगार खत्म हो चुका, बच्चों का भविष्य संकट में हैं। जगरोशनी, शीतल पुजानी, सरोजनी, सुषमा, शांति, निर्मला देवी, कांति देवी, राधा गुप्ता ने उन्हें मुख्यमंत्री के नाम की राखियां भी सौंपीं।

कहा कि ये राखी मुख्यमंत्री के पास पहुंचाकर उनके घर और रोजगार को बचा लीजिए। विनीत शारदा ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के दायरे में रहकर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने उप आयुक्त आवास से फोन पर बात कर आवंटियों की मदद की मांग की। इस दौरान तिरंगा चौक व्यापार संघ के अध्यक्ष मनोज गर्ग, हरि पुजानी, ध्रुव प्रसाद, आलोक सिसोदिया, नरेंद्र राष्ट्रवादी मौजूद रहे।

गोल मंदिर पर महिलाओं की सभा आज: गोल मंदिर के पास सेक्टर तीन और चार की महिलाओं का धरना शुक्रवार को भी जारी रहा। महिलाओं ने शनिवार दोपहर एक बजे क्षेत्र के आवंटियों की सभा करने की घोषणा की। इसमें सुप्रीम कोर्ट में मजबूती से पक्ष से रखने के लिए अधिवक्ताओं के साथ मंथन किया जाएगा।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।