जीवन चुनौतियों से भरी एक यात्रा      Publish Date : 11/04/2026

        जीवन चुनौतियों से भरी एक यात्रा

                                                                                                                प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

जीवन चुनौतियों से भरी एक यात्रा है। लक्ष्य प्राप्ति और विकास के लिए चुनौतियां और कठिनाइयां महत्वपूर्ण उत्प्रेरक होती हैं। ये हमें हमारे आराम के दायरे से बाहर धकेलती हैं और क्रियाशील बने रहने के लिए अमूल्य सबक सिखाती हैं। चुनौतियों का सामना करने की क्षमता ही सफलता की बुनियाद होती है। समय हमारे समक्ष चुनौतियां इसलिए प्रस्तुत करता है ताकि हमें यह अनुभूति हो सके कि हम अपने सोच से कहीं अधिक शक्तिशाली हैं। चुनौती हमारी सहनशक्ति इच्छाशक्ति और लक्ष्य प्राप्ति में आने वाली बाधाओं को दूर करने की हमारी क्षमताओं की परीक्षा लेती हैं।

सहजता के साथ चुनौतियों का सामना करना उनके विरुद्ध सबसे अच्छी प्रतिक्रिया होती है। इस क्रम में आप जिन परिस्थितियों को बदल नहीं सकते, उनसे निपटने के लिए अपनी क्षमताओं औरं उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करें। संभव है कि नियंत्रण से बाहर परिस्थितियों से घबराकर हमारा मन हार मान सकता है, लेकिन महर्षि व्यास जी ने यथार्थ ही कहा है ’क्षुद्रमना लोग ही दुख के वशीभूत होकर अपना तप, तेज, शक्ति को नष्ट कर लेते हैं। पुरुषार्थी लोग कष्टों को भी. अपनी सफलता और विकास का आधार बना लेते हैं।’

                               

हम देखते हैं कि कुछ लोग सदैव एक मुस्कान लिए सबसे मिलते-जुलते हैं। सभी सामाजिक शिष्टाचार और दायित्व निभाते हैं। अपने सब ’कर्तव्य पूरे करते हुए दूसरों की मदद भी करते हैं और दूसरों से मदद लेते भी हैं। इसका यह अर्थ नहीं कि ’उनके पास अतिरिक्त समय है या उनके समक्ष कठिनाइयां-चुनौतियां नहीं हैं। वास्तविकता यही है कि वे ऐसी चुनौतियों से पार पाना अच्छी तरह जानते हैं और व्यस्त होते हुए भी इन सबके लिए समय प्रबंधन का मंत्र सिद्ध कर लते हैं।

वे लोग जान गए हैं कि कठिनाइयां और परेशानियां जीवन के हर पड़ाव पर मिलेंगी। उनसे घबराकर बैठ नहीं सकते। उन सभी को झेल कर ही जीवन को आगे बढ़ाना है।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।