
मदद मांगने में झिझक कैसी Publish Date : 29/03/2026
मदद मांगने में झिझक कैसी
प्रोफेसर आर. एस. सेंगर
सही समय पर सही व्यक्ति से मदद लेना, आपको आगे बढ़ने में मदद करता है, न कि आपको छोटा बनाता है, कई बार जिंदगी में ऐसी मुश्किल या बिल्कुल नई परिस्थितियां आ जाती हैं, जहां हमें लगता है कि 'मैं यह सब अकेले ही संभाल लूंगा।' खासकर तब, जब कार्यस्थल पर कोई काम या प्रोजेक्ट हमारे लिए नया हो। लेकिन सच यह है कि हर काम अकेले करने की कोशिश करने से न सिर्फ तनाव बढ़ता है, बल्कि गलतियां होने की संभावना भी ज्यादा रहती है। ऐसे समय में चुपचाप अकेले जूझने के बजाय सही व्यक्ति से मदद मांग लेना ज्यादा समझदारी भरा कदम होता है।
मदद मांगना कमजोरी नहीं, बल्कि समझदारी और आत्मविश्वास की निशानी है। जब आप स्पष्ट और सोच-समझकर अपनी जरूरत बताते हुए किसी से सहायता मांगते हैं, तो सामने वाले को भी अच्छा लगता है और काम आसान हो जाता है। याद रखें, सही समय पर सही व्यक्ति से मदद लेना, आपको आगे बढ़ने में मदद करता है, न कि आपको छोटा बनाता है।

सीधे मुददे की बात करें
किसी से मदद मांगते समय आपके बोलने का तरीका बहुत अहम होता है। सीधे और साफ बात करें, ऐसे नहीं कि आप एहसान मांग रहे हों। मदद मांगने के बजाय सलाह या जानकारी मांगें, जैसे- इस चुनौती पर आपके विचार जानना चाहता हूं। इससे सामने वाले को सम्मान महसूस होता है और बातचीत आसान हो जाती है।
कम काबिल दिखने से बचें
इस दौरान खुद को कमजोर या कम काबिल दिखाने की जरूरत नहीं होती। अपनी कमियों पर जोर देने के बजाय इस पर ध्यान दें कि सामने वाले का अनुभव आपके काम में कैसे मदद कर सकता है। आप ऐसा कह सकते हैं कि आप इस काम में काफी माहिर हैं, आपके सुझाव से यह और बेहतर हो जाएगा। इस तरह आप खुद को भी आत्मविश्वासी दिखाते हैं और सामने वाले को सम्मान भी देते हैं।
आत्मविश्वास के साथ बोलें
मदद मांगते समय आपका बोलने का तरीका आपके आत्मविश्वास को दिखाता है। इसलिए बातचीत की शुरुआत ऐसे करें कि सामने वाला समझे कि आप सोच-समझकर आए हैं। इसके लिए जरूरी है कि आप अपनी समस्या को अच्छी तरह समझते हों और कुछ संभावित समाधान भी आपके पास हों। इससे पता चलता है कि आप पूरी तरह किसी पर निर्भर नहीं हैं, बल्कि बस सलाह या मार्गदर्शन चाहते हैं।
सलाह मांगें
किसी से सीधे मदद मांगने के बजाय उनसे सलाह लेने की कोशिश करना ज्यादा प्रभावी होता है। जब आप अपनी समस्या के बारे में बात करते हुए उनसे यह पूछते हैं कि वे ऐसी स्थिति में क्या तरीका अपनाते या कैसे समाधान निकालते, तो सामने वाले को यह महसूस होता है कि आप केवल सहारे की तलाश में' नहीं हैं, बल्कि सच में सीखना चाहते हैं। इससे बातचीत का स्तर भी बेहतर होता है और आप उनके अनुभव व समझ से कुछ नया सीख पाते हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
