हिंदू विचार और वैज्ञानिक दृष्टि      Publish Date : 20/09/2025

                             हिंदू विचार और वैज्ञानिक दृष्टि

                                                                                                                                                                                     प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

एक केंद्रीय मंत्री द्वारा विद्यालय में बच्चों को भारत के गौरव के प्रति जागृत करते हुए यह कहा गया कि विश्व के पहले अंतरिक्ष यात्री तो स्वयं हनुमान जी थे। इस पर वामपंथी लोगों को बहस का मुद्दा मिल गया की RSS के लोग देश को विज्ञान के क्षेत्र में पीछे धकेल रहे हैं। महाज्ञानी लोग इसके प्रमाण मांग रहे हैं, लेकिन यह प्रमाण उसी प्रकार से मांग रहे हैं जैसे भी रामसेतु के समय मांगा करते थे।

भगवान राम के जन्म स्थान को सिद्ध करने के लिए भी मांगा करते थे। जब यह सत्य सिद्ध हो गया है कि भगवान राम की कथा और रामायण झूठे नहीं हैं बल्कि भारत का इतिहास हैं तो क्या हनुमान जी केवल कल्पना हैं? क्या हनुमान जी आकाश मार्ग से विचरण नहीं करते थे? इसलिए उन्हें पहला अंतरिक्ष यात्री कह देना किस प्रकार गलत है? हिंदू विचार में तो सभी बातें प्रामाणिक हैं जिन्हें आज का विज्ञान और अन्य दर्शन भी स्वीकार कर रहे हैं लेकिन क्या उस बाइबल को सत्य मान लें जिसमें कहा गया है कि सूर्य पृथ्वी के चारों ओर घूमता है?

समस्या यह है कि तथाकथित बुद्धिजीवी पत्रकार और इतिहासकारों के सामने जैसे ही यह विषय आता है कि भारत एक प्राचीन सभ्यता वाला समृद्ध इतिहास वाला देश है उनमें बेचैनी शुरू हो जाती है। कैसा दुर्भाग्य है कि विश्व का सबसे बड़ा मुस्लिम देश जिस हनुमान जी को अपने देश की सेना का आदर्श मानता है उसी हनुमान जी का प्रमाण भारत में स्वयं को हिंदू कहने वाले लेकिन हिंदू विरोध से भरे हुए लोग मांग रहे हैं।

न्यूटन के जन्म से पूर्व भी हमारे ऋषि मुनियों ने अपनी रचनाओं में गुरुत्वाकर्षण का वर्णन किया है, लेकिन यदि उनका नाम लेकर कहा जाय कि गुरुत्वाकर्षण का सिद्धांत भारतीय मनीषियों ने दिया है तो तुरंत ही उस वर्ग को बेचैनी होनी प्रारंभ हो जाएगी क्योंकि इस प्रकार की चर्चाएं भारत को मानसिक गुलामी से मुक्त करेंगी, जब भारत स्व के आधार पर उठकर खड़ा होगा। हमारे सभी उत्सव सभी परंपराएं विज्ञान सम्मत हैं और लोक कल्याण की भावना से परिपूर्ण हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।