विनम्रता का आदर्श गुण      Publish Date : 04/09/2025

                            विनम्रता का आदर्श गुण

                                                                                                                                                                                        प्रेफेसर आर. एस. सेंगर

किसी भी व्यक्ति की पहचान उसके व्यक्तित्व से ही होती है और आकर्षक व्यक्तित्व के निर्माण में विनम्रता जैसे गुएा का प्रमुख योगदान होता है। विनम्रता का भाव ही व्यक्तित्व की आभा को बढ़ाकर उसे लोकप्रिय बनता है। जीवन संघर्ष में भी विनम्र व्यक्ति प्रत्येक रूकावट को सहायता से पार कर लेता है। वह उस हरी लकड़ी की भांति होता है जो वायु के जोर से अपने आपको बचाने में सक्षम रहती है, जबकि कड़क मिजाज वाला व्यक्ति सुखी हुई टहनी की भांति टूट कर बिखर जाता है।

विनम्रता सफलता को स्थाई बनाए रखती है। सफल व्यक्ति विनम्रता के रथ पर आरुढ़ होकर लंबी दूरी तय कर लेता है, जबकि सफलता के बाद अभिमान के रथ पर सवार हुआ व्यक्ति कुछ दूरी ही तय करने के बाद ही गिरने लगता है और उसकी सफलता स्थाई नहीं रह पाती है।

विनम्र व्यक्ति से सभी लोग सहज सम्बन्ध बना लेते हैं और ऐसे व्यक्ति कभी स्वयं को अकेला अनुभव नहीं करते और उनके आसपास मित्रों का जमावड़ा लगा रहता है। विनम्रता का गुण व्यक्ति के कार्यों को और अधिक श्रेष्ठ बना देता है। विनम्र व्यक्ति कोई बड़ी उपलब्धि अर्जित करता है तो सभी उसकी प्रशंसा करने लगते हैं।

अगर वह व्यक्ति उसकी विपरीत स्वभाव रखना है तो कोई उसकी कोई परवाह नहीं करता, उसकी असफलता पर उपहास होने लगता है, जबकि विनम्र व्यक्ति को असफलता की स्थिति में भी सम्बन्ध बनाने वालों की कमी नहीं होती है। हम ऐसे ही महापुरुषों की जीवनी पढ़ते हैं तो एक पहलू सबके व्यक्तित्व में एक सामान मिलता है और वह है उनका विनम्र स्वभाव।

                                                           

भगवान राम की विनम्रता के अनेकों प्रसंग पढ़ने को मिल जाते हैं। शबरी के झूठे बेरों को ग्रहण करना, उनकी विनम्रता की पराकाष्ठा ही तो है। विनम्रता का तेज व्यक्ति के ललाट को तेजस्विता प्रदान करता है। विनम्रता की पोथी पढ़कर जीवन की कठिन परीक्षाओं को भी उत्तीर्ण किया जा सकता है इसलिए जीवन में हमेशा विनम्रता को बनाए रखें और आगे बढ़ते रहें।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।