
उत्तर भारत में अभी और चढ़ेगा तापमान, बढ़ेगी परेशानी Publish Date : 30/05/2025
उत्तर भारत में अभी और चढ़ेगा तापमान, बढ़ेगी परेशानी
प्रोफेसर आर. एस. सेंगर एवं अन्य
देश के मौसम में फिलहाल गर्मी और बारिश की दो स्थितियां सक्रिय हैं। देश के दक्षिण के राज्यों में लगातार बारिश हो रही है तो उत्तर-पश्चिम क्षेत्रों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। अगले तीन-चार दिनों तक गंगा का मैदानी हिस्सा अधिक तपने वाला है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, पूरा उत्तर प्रदेश, बिहार के साथ ही मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्से का तापमान आम लोगों को परेशान कर सकता है।
इस दौरान स्थानीय कारणों से जहां तहां शाम के समय हल्की बारिश भी हो सकती है। इस बीच, अरब सागर से नमी युक्त हवाओं के लगातार आगे बढ़ने के कारण अंडमान निकोबार एवं बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्से में मानसून के आगे बढ़ने की स्थितियां अनुकूल हो रही हैं। इस प्रकार मानसून अगले तीन से चार दिनों तक अरब सागर में आगे बढ़ते हुए मानसून अंडमान को पूरा कवर कर लेगा।
भारत मौसम विभाग (आइएमडी) ने उत्तर प्रदेश एवं पश्चिमी राजस्थान में 15 से 18 मई के बीच हीट वेव (लू चलने) की आशंका जताई थी। गुजरात में भी अभी तीन-चार दिनों तक गर्मी बनी रह सकती है, जबकि उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों का मौसम 18 मई को टर्न ले सकता है। इस दिन जम्मू-कश्मीर में बारिश की स्थितियां बन रही हैं। इसका असर अगले दिन 19 मई को पंजाब एवं हरियाणा के कुछ इलाकों तक भी देखा जा सकेगा।
एनसीआर समेत आसपास के कुछ इलाकों में बादल आते-जाते रह सकते हैं। ऐसी स्थिति लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा एवं पश्चिम उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक यानी 31 मई तक बनी रह सकती है। गरज और बिजली चमकने के साथ आंधी चलने की संभावना है। हवा की गति 30-50 किमी प्रति घंटा हो सकती है। इससे तापमान में दो से तीन डिग्री तक गिरावट हो सकती है। उत्तर भारत की तुलना में दक्षिण भारत की स्थितियां विपरीत रहेंगी। उपग्रह द्वारा भेजी गई तस्वीरों से पता चलता है कि दक्षिण ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र-केरल के पास तीव्र से अति तीव्र चक्रवातीय संचरण की स्थिति बन रही है।
लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, निदेशक प्रशिक्षण, सेवायोजन एवं विभागाध्यक्ष प्लांट बायोटेक्नोलॉजी संभाग, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।