विश्वविद्यालय में ‘विज्ञान शक्ति 2026’ कार्यशाला का भव्य आयोजन      Publish Date : 20/11/2026

विश्वविद्यालय में ‘विज्ञान शक्ति 2026’ कार्यशाला का भव्य आयोजन

  • महिला वैज्ञानिकों ने सतत विकास एवं महिला नेतृत्व पर रखे विचार

सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ के महिला अध्ययन केंद्र द्वारा 20 नवंबर 2026 को एक दिवसीय कार्यशाला ‘विज्ञान शक्ति 2026’ का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, सतत विकास तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महिला सहभागिता, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व को प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय जैविक संस्थान (NIB), नोएडा की निदेशक डॉ. नीलिमा मिश्रा ने सहभागिता की। विशिष्ट आमंत्रित अतिथियों के रूप में शक्ति (SHAKTI), विज्ञान भारती, पुणे की राष्ट्रीय सचिव डॉ. लीना भावडेकर एवं राष्ट्रीय समन्वयक श्रीमती वर्षा तत्त्ववादी उपस्थित रहीं। इसके अतिरिक्त विशेष अतिथि के रूप में भारत सरकार के राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद (NCSTC) की वैज्ञानिक ‘जी’ एवं प्रमुख डॉ. रश्मि शर्मा तथा भारतीय वानिकी अनुसंधान एवं शिक्षा परिषद (ICFRE–FRI), देहरादून की वैज्ञानिक ‘जी’ डॉ. अनीता तोमर ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

                   

कार्यक्रम का शुभारंभ महिला अध्ययन केंद्र की अध्यक्ष डॉ. रश्मि द्वारा अतिथियों के स्वागत एवं स्वागत संबोधन के साथ हुआ। उन्होंने कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी, क्षमता विकास तथा नेतृत्व की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त ने कहा कि “महिलाओं को सशक्त और प्रोत्साहित कीजिए, तो वे परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।” उन्होंने महिलाओं की प्रतिभा, क्षमता और वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान करने की आवश्यकता पर बल दिया।

              

कार्यशाला के अंतर्गत दो प्रमुख विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किए गए। प्रथम व्याख्यान में डॉ. अनीता तोमर ने ‘सतत विकास एवं हरित नवाचार (Sustainable Development and Green Innovation)’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग, हरित प्रौद्योगिकी तथा सतत विकास में वैज्ञानिक नवाचारों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) में जैव विविधता संरक्षण के विशेष महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि जैव विविधता का संरक्षण वर्ष 2030 तक टिकाऊ विकास एवं पर्यावरणीय संतुलन स्थापित करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है।

                 

द्वितीय व्याख्यान में डॉ. रश्मि शर्मा ने ‘महिला विकास से महिला-नेतृत्व वाले विकास की ओर भारत का संक्रमण (India’s Transition from Women Development to Women-led Development)’ विषय पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने भारत सरकार की महिला सशक्तीकरण से जुड़ी प्रमुख पहलों, जैसे लखपति दीदी, नमो ड्रोन दीदी एवं मिशन शक्ति की जानकारी देते हुए बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने, आधुनिक तकनीक से जोड़ने तथा निर्णय लेने और नेतृत्व करने में सक्षम बनाना है। उन्होंने महिलाओं की राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।

                  

विशिष्ट अतिथि डॉ. नीलिमा मिश्रा ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि स्वयं को सकारात्मक बनाने और अपना सर्वश्रेष्ठ देने का संकल्प सबसे पहले अपने विचारों एवं दैनिक जीवन की आदतों में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव लाने से प्रारंभ होता है। उन्होंने प्रतिभागियों को आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास के माध्यम से अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

विशिष्ट आमंत्रित अतिथि डॉ. लीना भावडेकर ने शक्ति (SHAKTI), विज्ञान भारती के उद्देश्यों एवं गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि शक्ति विज्ञान भारती की एक राष्ट्रीय स्तर की इकाई है, जो महिलाओं के लिए विज्ञान के क्षेत्र में एक राष्ट्रीय आंदोलन के रूप में कार्य करती है। इसका उद्देश्य महिलाओं को विज्ञान, अनुसंधान, नवाचार एवं वैज्ञानिक नेतृत्व के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना है।

                

कार्यशाला में विभिन्न संस्थानों की महिला वैज्ञानिकों एवं शिक्षाविदों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इनमें ICAR-IIFSR, ICAR-CIRC, ICAR-CPRI तथा कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) से जुड़ी महिला वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों की भागीदारी रही। KVK से डॉ. वीणा एवं डॉ. सविता आर्य सहित विभिन्न प्रतिभागियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। शोभित विश्वविद्यालय, मेरठ के स्कूल ऑफ बायोमेडिकल इंजीनियरिंग एवं हेल्थ साइंसेज से डॉ. स्वीटी पाल एवं सुश्री विशाखा गोस्वामी ने भी भाग लिया। इसके अतिरिक्त मेरठ कॉलेज, मेरठ के शिक्षा विभाग से प्रो. रेखा राणा, आर.जी. कॉलेज, मेरठ से डॉ. दीक्षा एवं डॉ. उपासना मोटला तथा चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से प्रो. वैशाली पाटिल सहित अन्य विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों की महिला शिक्षाविदों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

विश्वविद्यालय की महिला संकाय सदस्यों के अतिरिक्त स्नातकोत्तर एवं पीएचडी की छात्राओं ने भी कार्यशाला में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों एवं शोधार्थियों के बीच ज्ञान, अनुभव एवं विचारों का आदान-प्रदान हुआ तथा विज्ञान, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तीकरण और नेतृत्व से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सार्थक चर्चा की गई।

कार्यशाला ‘विज्ञान शक्ति 2026’ ने महिलाओं की वैज्ञानिक क्षमता, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व कौशल को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ सतत विकास और राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। कार्यक्रम ने महिला वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों एवं युवा शोधार्थियों को एक साझा मंच प्रदान किया तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी, योगदान और नेतृत्व को नई दिशा देने का सार्थक प्रयास किया।