महिला के गर्भाशय से निकाला 150 ग्राम का स्टोन बेबी      Publish Date : 17/11/2026

महिला के गर्भाशय से निकाला 150 ग्राम का स्टोन बेबी

मेरठ जिले में पहली बार स्टोन बेबी का दुर्लभ मामला सामने आया है। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की टीम ने मंगलवार को 36 वर्षीय महिला का ऑपरेशन करके उसके गर्भाशय से 150 ग्राम का स्टोन बेबी निकाला है। स्टोन बेबी के दुनिया भर में चिकित्सा क्षेत्र में 350 से भी कम मामले दर्ज हैं। डॉक्टर का कहना है कि इस केस का पढ़ाई के लिए प्रकाशन कराया जाएगा। हालांकि, महिला स्वस्थ है।

लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज में महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. धारा ने बताया कि पेट दर्द और रक्तस्राव की शिकायत लेकर महिला इलाज के लिए आई थी। जांच करने पर पता चला कि महिला के गर्भ में चार माह का मृत भ्रूण कैल्शियम जमने से पत्थर जैसी कठोर संरचना में बदला गया है। मेडिकल की भाषा में इसे स्टोन बेबी (लिथोपेडियन) कहते हैं। बताया कि महिला आठवीं बार गर्भवती हुई थी। उस महिला के चार बच्चे जीवित हैं और उसने तीन बार गर्भपात कराया है।

                             

मई 2026 में लगभग साढ़े तीन माह की गर्भावस्था के बाद महिला ने बच्चेदानी की सफाई कराई थी। इसके बाद से उसे लगातार थोड़ा-थोड़ा रक्तस्राव हो रहा था। इसका इलाज कराने महिला मेडिकल कॉलेज में आई। डॉ. धारा ने बताया कि चिकित्सकों ने अल्ट्रासाउंड और खून की जांच की। जांच में गर्भाशय में गर्भावस्था से संबंधित अवशेष एवं मृत भ्रूण पाया गया। लंबे समय से समस्या बनी रहने के कारण मरीज में अत्यधिक रक्तस्राव और संक्रमण का खतरा बना हुआ था। मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की टीम ने उनके नेतृत्व में ऑपरेशन किया।