
कृषि विश्वविद्यालय में सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती एवं रजत जयंती समारोह Publish Date : 29/10/2026
कृषि विश्वविद्यालय में सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती एवं रजत जयंती समारोह
-
कृषि विश्वविद्यालय में 31 अक्टूबर को मनाई जाएगी सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती एवं रजत जयंती समारोह
-
मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष श्री जयन्त चौधरी; गांधी हॉल में आयोजित होगा भव्य समारोह
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मोदीपुरम, मेरठ में 31 अक्टूबर 2026 को भारत के लौह पुरुष एवं राष्ट्रीय एकता के महान प्रतीक सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर विश्वविद्यालय का स्थापना दिवस एवं रजत जयंती समारोह गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित यह समारोह संस्थान की शैक्षणिक, वैज्ञानिक एवं कृषि अनुसंधान संबंधी उपलब्धियों को रेखांकित करने के साथ-साथ भविष्य की विकास यात्रा के लिए नई दिशा निर्धारित करेगा।

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ0 त्रिवेणी दत्त ने बताया कि 31 अक्टूबर को प्रातः 11:00 बजे से विश्वविद्यालय के गांधी हॉल में रजत जयंती समारोह आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता, दृढ़ संकल्प और जनसेवा के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उनके आदर्श कृषि शिक्षा, वैज्ञानिक नवाचार, ग्रामीण विकास तथा राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करते हैं। विश्वविद्यालय के लिए यह अवसर अपनी 25 वर्षों की शैक्षणिक एवं अनुसंधान यात्रा का मूल्यांकन करने तथा कृषि क्षेत्र में उत्कृष्टता के नए लक्ष्य निर्धारित करने का भी है।
कुलपति ने कहा कि कृषि विश्वविद्यालयों की भूमिका केवल उच्च शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि आधुनिक कृषि तकनीकों के विकास, किसानों की उत्पादकता एवं आय में वृद्धि, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, कृषि में डिजिटल तकनीक एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग तथा युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के अवसर सृजित करने में भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। रजत जयंती समारोह विश्वविद्यालय की इन जिम्मेदारियों के प्रति प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करने का अवसर होगा।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ0 वी0 पी0 सिंह ने बताया कि समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष श्री जयन्त चौधरी शामिल होंगे। इस अवसर पर वह विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को संबोधित करेंगे। उनका संबोधन युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहेगा।
कुलसचिव ने बताया कि समारोह में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा आयोजन की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण बनाने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
विश्वविद्यालय का यह रजत जयंती समारोह सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्रीय एकता के संदेश को आत्मसात करते हुए कृषि शिक्षा, अनुसंधान, प्रसार एवं नवाचार के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और भावी संकल्पों को सामने लाने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। यह आयोजन विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विश्वविद्यालय परिवार को विकसित कृषि व्यवस्था, आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था और समृद्ध राष्ट्र के निर्माण में अपनी भूमिका और अधिक प्रभावी बनाने की प्रेरणा प्रदान करेगा।