नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने हेतु कृषि विश्वविद्यालय में कार्यक्रम आयोजित      Publish Date : 15/10/2026

नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने हेतु कृषि विश्वविद्यालय में कार्यक्रम आयोजित

  • सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने हेतु कार्यक्रम आयोजित किया गया।

सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ में आज सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत एन ई पी समिति द्वारा *नशे के दुष्प्रभाव के प्रति युवा जागरूकता - रोकथाम तथा बचाव”* विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को शराब के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा जिम्मेदार व्यवहार और नशामुक्त जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था।

                        

 डॉ. अर्चना आर्य, समन्वयक, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) ने स्वागत कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं युवाओं के जीवन में नशामुक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन डॉ. श्वेता यादव ने किया।

कार्यक्रम में डॉ. सम्यक जैन, वरिष्ठ न्यूरो-मनोचिकित्सक एवं व्यसन मुक्ति विशेषज्ञ ने शराब के अनियंत्रित सेवन से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञों की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

इसके अतिरिक्त, श्री सुनील कुमार शर्मा, मुख्य यातायात प्रशिक्षक एवं श्री संतोष सिंह यातायात अधिकारी, मेरठ ने शराब पीकर वाहन चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं, सड़क सुरक्षा तथा यातायात नियमों के पालन के महत्व पर प्रकाश डाला। श्री हेमंत उपाध्याय, सलाहकार, कंज्यूमर VOICE ने शराब के अनुचित सेवन से होने वाले आर्थिक दुष्प्रभावों पर जानकारी साझा की तथा युवाओं को जिम्मेदार निर्णय लेने के लिए प्रेरित किया।

 

                        

कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त ने अध्यक्षीय उद्बोधन में युवाओं के स्वस्थ, सुरक्षित एवं जिम्मेदार भविष्य के निर्माण में ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों की महत्ता पर बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सकारात्मक गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करने का संदेश दिया।

                      

कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. वी. पी. सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के पश्चात सर्वेक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों की जागरूकता का आकलन किया गया तथा पुस्तक वितरण किया गया। कार्यक्रम नई दिल्ली स्थित संस्था कंज्यूमर VOICE के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिष्ठाता, शिक्षक तथा विद्यार्थी शामिल हुए।