“आपका मंच, आपकी कहानी” — पर प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन      Publish Date : 13/09/2026

“आपका मंच, आपकी कहानी” — पर प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन

  • “आपका मंच, आपकी कहानी” — 26वें स्थापना दिवस से पहले जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन।

  • कला, साहित्य और वक्तृत्व ने बिखेरी प्रतिभा की चमक; विद्यार्थियों ने दिखाया रचनात्मकता और आत्मविश्वास का अनूठा संगम।

सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ के जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में आगामी 26वें स्थापना दिवस की तैयारियों के तहत विभिन्न कला, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के लिए उत्साहपूर्ण ऑडिशन आयोजित किए गए।

आपका मंच, आपकी कहानी की प्रेरणादायक थीम के साथ आयोजित इन चयन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने कक्षा और प्रयोगशाला से आगे बढ़कर अपनी रचनात्मकता, अभिव्यक्ति, तर्कशक्ति और मंचीय प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कूची से सशक्तिकरण की कहानी ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता में “महिला सशक्तिकरण” विषय पर विद्यार्थियों ने अपनी कल्पना शक्ति को रंगों के माध्यम से जीवंत किया। उनकी कलाकृतियों में सामाजिक जागरूकता, समानता और नारी शक्ति की प्रभावशाली झलक देखने को मिली। प्रतियोगिता मैं प्रथम स्थान: श्रवणा पी.एस. — तृतीय वर्ष, द्वितीय स्थान: रिमझिम गुप्ता प्रथम वर्ष एवं एवं तृतीय स्थान (संयुक्त): वंश — चतुर्थ वर्ष एवं सलोनी — तृतीय वर्ष ने प्राप्त किया।

वाद-विवाद प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने “विकसित उत्तर प्रदेश एवं विकसित भारत 2047” जैसे महत्वपूर्ण विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

प्रतियोगिता में अनुष्का सिंह, रोनित कांत, समर राजपूत, रवि शुक्ला और अंबिका श्रीवास्तव ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने तर्कों और विचारों के माध्यम से विकास, नवाचार और 2047 के भारत की संभावनाओं पर प्रभावशाली चर्चा की।

भाषण प्रतियोगिता का विषय था “विकसित भारत के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी (जैव प्रौद्योगिकी)” इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बताया कि किस प्रकार जैव प्रौद्योगिकी, कृषि, स्वास्थ्य, पर्यावरण, खाद्य सुरक्षा और सतत विकास के क्षेत्र में भारत के भविष्य को नई दिशा दे सकती है। प्रतिभागियों में अनुष्का सिंह, घनश्याम शर्मा, काव्या जोशी, उर्वशी सिंह, राशि शर्मा, वंशिका परमार, अंबिका श्रीवास्तव एवं रवि शुक्ला शामिल रहे। उनके विचारों और वक्तृत्व ने यह संदेश स्पष्ट किया कि 2047 का विकसित भारत आज के युवाओं की सोच, विज्ञान और नवाचार से आकार लेगा।

पूरे चयन कार्यक्रम का आयोजन अधिष्ठाता डॉ. आर. एस. सेंगर के नेतृत्व में तथा सांस्कृतिक सचिव डॉ. पंकज चौहान एवं डॉ. नीलेश कपूर के मार्गदर्शन और पर्यवेक्षण में किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन प्रतिष्ठित निर्णायक मंडल द्वारा किया गया।

इस अवसर पर डॉ. आर. एस. सेंगर ने विद्यार्थियों के उत्साह और प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि साहित्यिक, सांस्कृतिक और कलात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता एवं व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

सांस्कृतिक सचिव डॉ. नीलेश कपूर ने विजेताओं को बधाई दी और बताया कि चयनित विजेता अब 2 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले मुख्य विश्वविद्यालय स्थापना दिवस समारोह में जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि इन ऑडिशन ने यह साबित कर दिया कि जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के विद्यार्थी केवल प्रयोगशालाओं में भविष्य की खोज करने वाले वैज्ञानिक ही नहीं, बल्कि मंच पर अपनी प्रतिभा और विचारों की कहानी लिखने वाले युवा भी हैं। इस कार्यक्रम में अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी की डॉक्टर आर एस सेंगर डॉ नीलेश कपूर, डॉ पंकज चौहान, डॉ संगीता शर्मा, यशवर्धन, श्रवणना, अनुष्का, काव्या, वंश आदि का सहयोग रहा।