
एसवीपीयूएटी में 225 पदों पर भर्ती, 13,999 आवेदन प्राप्त Publish Date : 10/09/2026
एसवीपीयूएटी में 225 पदों पर भर्ती, 13,999 आवेदन प्राप्त
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ में वर्ष 2026 में शैक्षणिक, गैर-शैक्षणिक एवं कृषि विज्ञान केन्द्रों के कुल 225 रिक्त पदों पर भर्ती हेतु विज्ञापन प्रकाशित किया गया था। उक्त विज्ञापन में ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 10.08.2026 तथा ऑनलाइन आवेदन की हार्ड कॉपी विश्वविद्यालय में जमा करने की अंतिम तिथि 24.08.2026 निर्धारित की गई थी।
विज्ञापित 130 शैक्षणिक पदों के लिए कुल 2,261 आवेदन तथा 95 गैर-शैक्षणिक पदों के लिए कुल 11,738 आवेदन ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुए हैं। विज्ञापन में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्राप्त आवेदनों की स्क्रीनिंग गठित स्क्रीनिंग समितियों के माध्यम से कराई जाएगी।
स्क्रीनिंग प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत विज्ञापन में उल्लिखित नियमों एवं शर्तों तथा शासनादेशों में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार भर्ती प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। विज्ञापन के अनुसार विभिन्न पदों के लिए चयन प्रक्रिया के अलग-अलग चरण निर्धारित किए गए हैं।
प्राध्यापक, सह-प्राध्यापक, निदेशक एवं संयुक्त निदेशक के पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन API स्कोर एवं साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। सहायक प्राध्यापक के पद हेतु API स्कोर, लिखित परीक्षा, छात्रों के समक्ष प्रस्तुतीकरण एवं साक्षात्कार चयन के आधार होंगे।
कृषि विज्ञान केन्द्रों में विषय वस्तु विशेषज्ञ के पद के लिए API स्कोर एवं साक्षात्कार के आधार पर चयन किया जाएगा। फार्म मैनेजर, सहायक, प्रोग्रामर अस्सिस्टेंट कंप्यूटर एवं प्रोग्राम असिस्टेंट लैब टेक्नीशियन के पदों के लिए अभ्यर्थी की शैक्षणिक योग्यता के आधार पर प्राप्त स्कोर एवं लिखित परीक्षा चयन के आधार होंगे। इसी प्रकार, ड्राइवर एवं स्टेनोग्राफर के पदों के लिए लिखित परीक्षा में सफल होने के उपरांत स्किल टेस्ट उत्तीर्ण करना आवश्यक होगा। अकाउंट ऑफिसर एवं असिस्टेंट रजिस्ट्रार के पदों के लिए अभ्यर्थी के शैक्षणिक स्कोर एवं लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के आधार पर चयन किया जाएगा।
विश्वविद्यालय द्वारा विज्ञापन में उल्लिखित नियमों एवं शर्तों तथा शासनादेशों में निर्धारित प्रावधानों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करते हुए चयन प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं गंभीरता के साथ संपन्न कराई जाएगी। विश्वविद्यालय का उद्देश्य है कि भर्ती प्रक्रिया में निर्धारित सभी नियमों एवं प्रावधानों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करते हुए चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण किया जाए।
