विकसित भारत के निर्माण में सेवाभाव से अपना योगदान प्रदान करें युवावर्ग      Publish Date : 26/07/2026

विकसित भारत के निर्माण में सेवाभाव से अपना योगदान प्रदान करें युवावर्ग

सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ के 19वें दीक्षांत समारोह के भव्य एवं गरिमामय आयोजन के सम्पन्न होने के अवसर पर समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने की।  समारोह के मुख्य अतिथि गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष एवं बनास डेयरी के चेयरमैन शंकरभाई चौधरी तथा विशिष्ट अतिथि सरदार वल्लभभाई पटेल के प्रपौत्र अतुल धीरजलाल पटेल, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही एवं राज्यमंत्री कृषि बलदेव सिंह औलख रहे। इस अवसर पर महामहिम आनंदीबेन पटेल ने कहा कि विद्यार्थीगण अपने ज्ञान एवं कौशल का उपयोग केवल व्यक्तिगत उन्नति तक सीमित न रखते हुए किसान, गांव, समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान दें।

आनंदीबेन पटेल कृषि विवि के दीक्षांत समारोह में 450 विद्यार्थियों को प्रदान की उपाधियां

                                 

इस दीक्षांत समारोह में कुल 450 छात्र- छात्राओं को उपाधियां प्रदान की गईं। विभिन्न संकायों के मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदकों से सम्मानित किया गया। बीवीएससी एवं एनिमल हसबैंड्री के छात्र आशुतोष शर्मा को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए चांसलर गोल्ड मेडल प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न प्रायोजित स्वर्ण पदक, बेस्ट टीचर अवार्ड तथा आउटस्टैंडिंग वुमन टीचर अवार्ड भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल उपाधि प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कार और राष्ट्रसेवा के नए संकल्प ग्रहण करने का पावन पर्व है। उनके परिश्रम, गुरुजनों के मार्गदर्शन और विद्यार्थियों के हाथों में पहुंचने वाली उपाधि अभिभावकों के त्याग का सम्मान है।