
कृषि विश्वविद्यालय में सैन्य कर्मियों की उद्यमिता विकास हेतु बकरी पालन प्रशिक्षण का सफल समापन Publish Date : 10/07/2026
कृषि विश्वविद्यालय में सैन्य कर्मियों की उद्यमिता विकास हेतु बकरी पालन प्रशिक्षण का सफल समापन
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, मेरठ में आज रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित सैन्य कर्मियों के उद्यमिता विकास हेतु आयोजित बकरी पालन प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 25 प्रतिभागियों ने भाग लिया तथा वैज्ञानिकों द्वारा उन्हें बकरी पालन के आधुनिक एवं व्यावसायिक पहलुओं का व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बकरी की उन्नत नस्लों का चयन, बकरियों के लिए वैज्ञानिक आवास प्रबंधन, संतुलित पोषण, स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण, प्रजनन प्रबंधन, नवजात मेमनों की देखभाल, मूल्य संवर्धन, विपणन तथा बकरी पालन आधारित उद्यमिता के विभिन्न आयामों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही सैनिकों को विश्वविद्यालय की विभिन्न प्रयोगशालाओं एवं पशुपालन इकाइयों का भ्रमण कराकर उनके समक्ष आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन भी कराया गया।
इस सम्पूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति महोदय डॉ0 त्रिवेणी दत्त के प्रेरणाश्रोत मार्गदर्शन मे सम्पन्न हुआ। समापन समारोह मे विश्वविद्यालय के कुल सचिव डॉ0 वी. पी. सिंह ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि बकरी पालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था एवं स्वरोजगार का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में प्राप्त तकनीकी ज्ञान को व्यवहार में अपनाने तथा साथ ही अन्य लोगों को भी प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वविद्यालय के द्वारा किसानों एवं उद्यमियों के लिए संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय कृषि एवं पशुपालन क्षेत्र में कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। इस अवसर पर निदेशक प्रसार द्वारा बताया गया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य सैन्य कर्मियों को आत्मनिर्भर बनाने तथा बकरी पालन के माध्यम से स्वरोजगार एवं उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराना है। निदेशक शोध ने बकरी पालन पर जोर देते हुए कहा कि वैज्ञानिक पद्धति से बकरी पालन अपनाकर कम लागत में बेहतर आय अर्जित की जा सकती है।

पशु चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठता ने भी बकरियों की बढ़ती मांग और बाजार कीमतों से सैन्य कर्मियों को अवगत कराया गया। पशुधन उत्पादन एवं प्रबंधन विभाग के विभाग अध्यक्ष ने भी बकरी पालन मे सुनहरे अवसरों की बात कही। कार्यक्रम के कोर्स डायरेक्टर डॉ0 अहमद फहीम ने ट्रैनिंग के संक्षिप्त कोर्स रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा बकरी पालन क्षेत्र मे बढ़ रहे व्यवसायों को बेहतर अवसरों के बारे में भी बताया। समापन समारोह के अवसर पर प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी एवं रोजगारोन्मुखी बताते हुए विश्वविद्यालय के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ0 मनोज कुमार सिंह द्वारा किया गया व धन्यवाद प्रस्ताव डॉ0 श्रेया रावत द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम मे पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय के शिक्षकगण भी मौजूद रहे।
