21 जून, अन्तर्राष्ट्रीय योगा दिवस के उपलक्ष्य में विशेष      Publish Date : 19/06/2026

21 जून, अन्तर्राष्ट्रीय योगा दिवस के उपलक्ष्य में विशेष

सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रोद्वोगिक विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ त्रिवेणी दत्त जी ने कहा कि योग, जीवन रूपी भवसागर को पार करने का सबसे सशक्त माध्यम है, जो साधक नियमित योग साधना करता है, वह निश्चित रूप से एक सफल जीवन व्यतीत करता है और स्वस्थ रहने के साथ-साथ मानसिक शांति भी प्राप्त करता है। उन्होंने योग को स्वास्थ्य एवं संतुलित जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताया। योग मन को साधने और जीवन को अनुशासित करने का एक विज्ञान है।

आने वाली 21 जून को हम सब विश्व योग दिवस मनाने जा रहे हैं। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, सोशल मीडिया के भटकाओ और अंतहीन प्रतिष्ठा के बीच, यदि कोई एक तत्व हमें मानसिक शांति और सही दिशा प्रदान कर सकता है तो वह योग ही है। यह कोई सैद्धांतिक बात नहीं है, बल्कि एक ऐसा व्यावहारिक सत्य है जिसे आप स्वयं करके देखेंगे तो अच्छी तरह से महसूस कर सकेंगे। आपके विद्यार्थी जीवन से लेकर अभी तक आपकी सफलता और मानसिक संतुलन को बेहतर बनाने में सहयोग पद्रान करता है।

             

कुलपति डॉ त्रिवेणी दत्त ने कहा कि 21 जून को विश्वभर में करोड़ों लोग अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाते हैं और मानवता को भारत की इस अमूल देन का सम्मान करते हैं। वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय होने के साथ-साथ योग का महत्व भारत के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी विशेष रूप से अधिक है, जहां निवारक स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच अभी तक भी एकसमान नहीं है तथा लोग शारीरिक श्रम, मानसिक तनाव और बदलती जीवनशैली से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे हैं। विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए किफायती और सुलभ स्वास्थ्यपरक जीवनशैली को बढ़ावा देना आज पहले से कहीं अधिक आवश्यक हो गया है। योग सारे स्वास्थ्य मानसिक संतुलन, उत्पादकता और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने का एक सरल किन्तु प्रभावशाली माध्यम है जो इसे ग्रामीण विकास के लिए अत्यंत प्रासंगिक बनाता है।

इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय के सभी अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए कि इक्कीस जून को प्रातः 6 बजे सभी शिक्षक, कर्मचारियों, छात्र छात्राएं स्टेडियम में एकत्र होकर अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाएँगे। उन्होंने बताया कृषि विश्वविद्यालय के कार्यक्षेत्र में आने वाले सभी कृषि विज्ञान केन्द्रों पर भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। कुलसचिव डॉ॰ वी. पी. सिंह ने बताया अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इसके लिए विभिन्न कमेटियां भी गठित की जा चुकी हैं और तेजी से तैयारियां भी की जा रही हैं, ताकि अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस को एक वृहदस्तर पर मनाया जा सके।