वर्षा और आँधी का कहर जारी      Publish Date : 07/04/2026

           वर्षा और आँधी का कहर जारी

  • वर्षा-आंधी से तीन लोगों की मौत, गेहूं-सरसों की फसल को नुकसान

मेरठ और आसपास के जिलों में रविवार रात आई आंधी ने तीन लोगों की जान ले ली। सैकड़ों पेड़ और बिजली के खंभे टूटने से कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति कई घंटे बंद रही। हल्की वर्षा व ओलावृष्टि से गेहूं व सरसों की फसल गिरने से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। तापमान में गिरावट आई है।

सहारनपुर के गांव नवादा निवासी राम मुकेश सैनी व गांव भटपुरा निवासी पूर्व प्रधान जयपाल सैनी रविवार रात उत्तराखंड के गांव मुसाई में पंचायत में शामिल होकर लौट रहे थे। रात साढ़े दस बजे आंधी आने पर दोनों सरसावा में नकुड़ रोड पर एक दुकान के आगे लगे टिन शेड में रुक गए। टिन शेड के दोनों तरफ दीवार थी। आंधी में दीवार व टिन शेड गिर गया और दोनों उसमें दब गए। रात करीब एक बजे पुलिस उधर से निकली तो बाइक खड़ी देखी। पुलिस ने टिन शेड को हटाया तो वहां दोनों की मलबे में दबने से मौत हो चुकी थी।

                            

बिजनौर के नजीबाबाद में आंधी के कारण क्रेसर की दीवार गिरने से ग्राम छितावर निवासी शिवम कश्यप की मौत हो गई। आंधी के कारण 100 से अधिक विद्युत पोल टूट गए और कई स्थानों पर जाम की स्थिति भी बनी। करीब एक हजार पेड़ भी आंधी के कारण उखड़ गए। बिजनौर नगर पालिका क्षेत्र को छोड़कर अन्य नगर निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार की शाम पांच बजे के बाद तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। शामली में झिंझाना क्षेत्र में हल्की ओलावृष्टि हुई, वहीं लाइन में फाल्ट होने से यहां सात से आठ घंटे विद्युत आपूर्ति भी बाधित रही है।