डॉ. रोहित कुमार सिंह को मिला यंग एग्रोनॉमिस्ट अवॉर्ड – 2025      Publish Date : 20/12/2025

   डॉ. रोहित कुमार सिंह को मिला यंग एग्रोनॉमिस्ट अवॉर्ड – 2025

जी.एल.ए. विश्वविद्यालय, मथुरा के कृषि विज्ञान संकाय के एग्रोनॉमी विभाग में कार्यरत सहायक प्रोफेसर डॉ. रोहित कुमार सिंह को कृषि विज्ञान के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय शैक्षणिक, अनुसंधान एवं विस्तार कार्यों के लिए “यंग एग्रोनॉमिस्ट अवॉर्ड – 2025” से सम्मानित किया गया है।

यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें 12वें अंतरराष्ट्रीय कृषि एवं पशु चिकित्सा सम्मेलन (International Conference on Agriculture & Veterinary: Transformative Approach, Research & Innovations Forum) के अवसर पर प्रदान किया गया, जो 16 से 18 नवंबर 2025 तक कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर, गोवा में आयोजित हुआ।

इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन गोवा कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर, गोवा एवं यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चरल साइंसेज (UAS), धारवाड़ द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। सम्मेलन में आईसीएआर–एनबीपीजीआर, नई दिल्ली, गोवा राज्य बागवानी निगम, कृषि निदेशालय, गोवा तथा ISASTR सोसायटी, नई दिल्ली का सहयोग रहा।

                                                             

सम्मेलन में देश-विदेश से कृषि एवं पशुपालन विज्ञान से जुड़े वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं और नीति-निर्माताओं ने भाग लिया। इस दौरान कृषि एवं पशु चिकित्सा क्षेत्र में नवाचार, अनुसंधान, सतत कृषि, जलवायु-स्मार्ट तकनीक एवं उत्पादन प्रणाली से संबंधित विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।

डॉ. रोहित कुमार सिंह को यह सम्मान एग्रोनॉमी के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट अनुसंधान, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण तथा किसानों एवं छात्रों के हित में किए गए कार्यों के लिए प्रदान किया गया। उनकी इस उपलब्धि पर जी.एल.ए. विश्वविद्यालय के कुलपति, प्रोफेसर अनूप कुमार गुप्ता, सहकर्मियों एवं छात्रों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।